इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज के लिए घोषित भारतीय टीम से नजरअंदाज किए गए चेतेश्वर पुजारा ने रणजी ट्रॉफी में एकबार फिर से धमाल किया है। उन्होंने सौराष्ट्र के लिए खेलते हुए विदर्भ के खिलाफ मैच में पहली पारी में 66 और दूसरी पारी में 43 रन बनाए। इसी के साथ पुजारा ने फर्स्ट क्लास क्रिकेट में 20 हजार रन पूरे कर लिए और ऐसा करने वाले वह चौथे भारतीय बन गए।
पुजारा से पहले ये चार भारतीयों के नाम है यह उपलब्धि
फर्स्ट क्लास क्रिकेट में भारत की ओर से 20 हजार या उससे ज्यादा रन बनाने वाले चार ही खिलाड़ी रहे हैं। पुजारा से पहले राहुल द्रविड़ (23794), सचिन तेंदुलकर (25396) और सुनील गावस्कर (25834) के नाम यह उपलब्धि दर्ज है। अब पुजारा भी इस क्लब में शामिल हो गए हैं। विदर्भ के खिलाफ मैच से पहले पुजारा को 20 हजार रन पूरे करने के लिए 96 रन की जरूरत थी। उन्होंने पहली पारी में 66 और दूसरी पारी में 43 रन बनाकर इस उपलब्धि को अपने नाम कर लिया।
IND vs ENG: भारत 5 मैचों की टेस्ट सीरीज में इंग्लैंड को क्यों हराएगा, माइक आर्थटन ने बताया सटीक कारण
फर्स्ट क्लास करियर में 61 शतक लगा चुके हैं पुजारा
पुजारा के फर्स्ट क्लास करियर की बात करें तो उन्होंने 260वें मुकाबले में करीब 52 की औसत से 20,013 रन अपने नाम कर लिए हैं। पुजारा ने अपने फर्स्ट क्लास करियर में 61 शतक और 78 अर्धशतक लगाए हैं। इसके अलावा उनके नाम 17 फर्स्ट क्लास डबल सेंचुरी भी हैं जो किसी भी भारतीय बल्लेबाज के द्वारा सबसे अधिक हैं। हाल ही में पुजारा ने झारखंड के खिलाफ मैच में फर्स्ट क्लास करियर की 17वीं डबल सेंचुरी लगाई थी। उन्होंने 356 गेंद में 243 रन की पारी खेली थी।
टीम से बाहर चल रहे हैं पुजारा
चेतेश्वर पुजारा इन दिनों भारतीय टीम से बाहर चल रहे हैं। लगातार खराब प्रदर्शन की वजह से उन्हें टेस्ट टीम से बाहर किया गया था। पुजारा ने आखिरी टेस्ट वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2023 का फाइनल खेला था जिसमें उन्होंने कुल 41 रन बनाए थे। पहली पारी में उन्होंने 14 रन और दूसरी पारी में 27 रन बनाए थे।
