CSK vs KKR IPL 2022: इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2022 के 15वें सीजन के उद्घाटन मैच में कोलकाता नाइट राइडर्स ने चेन्नई सुपर किंग्स को 6 विकेट से हराया। इस जीत के साथ ही केकेआर ने आईपीएल 2021 के फाइनल में सीएसके के हाथों मिली हार का बदला भी ले लिया।

मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में 26 मार्च 2022 को खेले गए इस मैच में कोलकाता नाइट राइडर्स के कप्तान श्रेयस अय्यर ने टॉस जीता और गेंदबाजी का फैसला किया। चेन्नई सुपर किंग्स ने कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) को 132 रन का लक्ष्य दिया। उसने 20 ओवर में 5 विकेट पर 131 रन बनाए।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी कोलकाता नाइट राइडर्स ने 18.3 ओवर में 4 विकेट पर 133 रन बनाकर मैच अपने नाम कर लिया। केकेआर के लिए अनुभवी सलामी बल्लेबाज अजिंक्य रहाणे ने 34 गेंद में 44 रन बनाए। उमेश यादव ने 4 ओवर में 22 रन देकर 2 विकेट लिए। वह प्लेयर ऑफ द मैच चुने गए।

कोलकाता नाइट राइडर्स ने मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में 9 साल बाद जीत हासिल की है। इससे पहले उसने इस मैदान पर आखिरी जीत 15 मई 2012 को हासिल की थी। तब उसने मुंबई इंडियंस को 32 रन से हराया था। केकेआर ने आईपीएल में 11वीं बार जीत के साथ अपने अभियान की शुरुआत की है।

इससे पहले चेन्नई को इस स्कोर तक पहुंचाने में एमएस धोनी की बहुत बड़ी भूमिका रही। उन्होंने 38 गेंद में पचासा ठोका। वह 50 रन बनाकर नाबाद रहे। उन्होंने रविंद्र जडेजा के साथ मिलकर छठे विकेट के लिए 56 गेंद में 70 रन की नाबाद साझेदारी की। जडेजा 28 गेंद में 26 रन बनाकर नाबाद रहे। धोनी ने अपनी पारी के दौरान 7 चौके और एक छक्का लगाया। धोनी जब क्रीज पर आए थे तब सीएसके का स्कोर 10.5 ओवर में 5 विकेट पर 61 रन था।

IPL 2022: मुंबई इंडियंस ने मारी बाजी या दिल्ली कैपिटल्स ने की जीत से शुरुआत, यहां जानिए मैच का लाइव स्कोर

कोलकाता नाइट राइडर्स इस मैच में 3 विदेशी खिलाड़ियों सैम बिलिंग्‍स, सुनील नरेन और आंद्रे रसेल के साथ उतरी। चेन्नई सुपर किंग्स डेवोन कॉनवे, ड्वेन ब्रावो, मिशेल सैंटनर और एडम मिल्ने 4 विदेशी खिलाड़ियों के साथ उतरी। खास यह है कि दोनों टीमें नए कप्तानों के साथ टूर्नामेंट में उतरी थीं।

केकेआर की कमान श्रेयस अय्यर और चेन्नई सुपर किंग्स की रविंद्र जडेजा के हाथों में है। अय्यर इससे पहले दिल्ली कैपिटल्स की कमान संभाल चुके हैं। उनकी अगुआई में ही दिल्ली कैपिटल्स ने अपना पहला आईपीएल फाइनल खेला था। दिग्गज महेंद्र सिंह धोनी ने पहले मैच से पूर्व कप्तानी छोड़कर रविंद्र जडेजा को कमान सौंप दी है।

Match Ended

Indian Premier League, 2022

Chennai Super Kings 
131/5 (20.0)

vs

Kolkata Knight Riders  
133/4 (18.3)

Match Ended ( Day – Match 1 )
Kolkata Knight Riders beat Chennai Super Kings by 6 wickets

Live Updates

IPL 2022 CSK vs KKR: 11 साल बाद आईपीएल ट्रॉफी के लिए 10 टीमों में हो रही भिड़ंत

23:17 (IST) 26 Mar 2022
CSK vs KKR IPL 2022 Live: केकेआर ने मैच में 37 ओवर बनाए रखा अपना दबदबा

पहली पारी के आखिरी तीन ओवर छोड़ दिए जाएं तो इस मैच पर केकेआर ने अपना दबदबा बनाकर रखा। उन तीन ओवरों में अगर महेंद्र सिंह धोनी अपना अर्धशतक पूरा नहीं करते तो यह मैच काफी देर पहले ही खत्म हो गया होता। चेन्नई की ओर से डवेन ब्रावो ने तीन विकेट लिए। अब उनके आईपीएल इतिहास में 170 विकेट हो गए हैं। वह आईपीएल में सबसे ज्‍यादा विकेट लेने के मामले में लसिथ मलिंगा के बराबर पहुंच गए हैं। केकेआर के लिए 132 रनों का पीछा करना मुश्किल नहीं रहा। इस काम को अजिंक्‍य रहाणे ने और आसान बना दिया। उनकी वजह से केकेआर यह मैच छह विकेट से जीत गई।

23:00 (IST) 26 Mar 2022
CSK vs KKR IPL 2022 Live: केकेआर को जीत के लिए 12 गेंद में 6 रन की जरुरत

डीजे ब्रावो ने चेन्नई को चौथी सफलता दिलाई। उन्होंने 18वें ओवर की तीसरी गेंद पर सैम बिलिंग्स को पवेलियन की राह दिखाई। बिलिंग्स 21 गेंद में 25 रन बनाकर आउट हुए। ड्वेन ब्रावो की यह चौथे स्‍टंप पर ऑफ कटर लेंथ बॉल थी। सैम बिलिंग्स धीमी गति में फंस गए। वह छक्‍के के लिए मारने गए, लेकिन गेंद सीधा डीप मिडविकेट पर खड़े तुषार देशपांडे के हाथों में पहुंच गई। बिलिंग्स की जगह शेल्डन जैक्सन क्रीज पर आए। 18 ओवर के बाद केकेआर का स्कोर 4 विकेट पर 126 रन है। उसे जीत के लिए 12 गेंद में 6 रन की जरुरत है।

22:42 (IST) 26 Mar 2022
CSK vs KKR IPL 2022 Live: केकेआर को जीत के लिए 36 गेंद में 34 रन

14 ओवर का खेल हो चुका है। कोलकाता नाइट राइडर्स का स्कोर 3 विकेट पर 98 रन है। केकेआर को जीत के लिए 36 गेंद में 34 रन बनाने हैं। इस समय क्रीज पर श्रेयस अय्यर और सैम बिलिंग्स हैं। अय्यर ने 8 गेंद में 6 और सैम ने 9 गेंद में 7 रन बनाए हैं। दोनों के बीच 15 गेंद में 11 रन की साझेदारी हुई है।

22:34 (IST) 26 Mar 2022
CSK vs KKR IPL 2022 Live: मिशेल सैंटनर ने चेन्नई को दिलाई तीसरी सफलता

केकेआर को 12वें ओवर में तीसरा झटका लगा। मिशेल सैंटनर ने ओवर की चौथी गेंद पर उन्हें रविंद्र जडेजा के हाथों मिडविकेट पर कैच कराया। रहाणे अर्धशतक से चूक गए। वह 34 गेंद में 44 रन बनाकर आउट हुए। सैंटनर की यह ऑफ स्‍टंप पर लेंथ बॉल थी। रहाणे बैकफुट पर जाकर फ्लिक करना चाहते थे, लेकिन गेंद हवा में रही और सीधा मिडविकेट पर खडे़ जडेजा के हाथों में पहुंच गई। रहाणे की जगह सैम बिलिंग्स क्रीज पर आए हैं।

22:27 (IST) 26 Mar 2022
CSK vs KKR IPL 2022 Live: 17 गेंद में 21 रन ठोक नितीश राणा लौटे पवेलियन

डीजे ब्रावो ने चेन्नई सुपर किंग्स को दूसरी सफलता दिलाई। उन्होंने 10वें ओवर की आखिरी गेंद पर नितीश राणा को शॉर्ट फाइन लेग पर अंबाती रायुडू के हाथों कैच कराया। नितीश राणा 17 गेंद में 21 रन बनाकर आउट हुए। नितीश राणा की जगह श्रेयस अय्यर क्रीज पर आए। ब्रावो की यह गेंद शरीर की तरफ अंदर आई थी। यह धीमी गति से छोटी गेंद थी। ब्रावो ने नितीश राणा को हाथ खोलने का मौका नहीं दिया। नितीश राणा उसे शॉर्ट फाइन लेग के ऊपर से मारना चाहते थे, लेकिन कंट्रोल नहीं रख पाए। गेंद बल्ले पर लगकर शॉर्ट फाइन लेग पर तैनात रायुडू के हाथों में पहुंच गई। दस ओवर के बाद केकेआर का स्कोर 2 विकेट पर 76 रन है।

22:17 (IST) 26 Mar 2022
CSK vs KKR IPL 2022 Live: नितीश राणा ने 13 गेंद में ठोके 20 रन

नौ ओवर का खेल हो चुका है। कोलकाता नाइट राइडर्स का स्कोर एक विकेट पर 70 रन है। अजिंक्य रहाणे और नितीश राणा 16 गेंद में 27 रन जोड़ चुके हैं। रहाणे ने 25 गेंद में 30 और राणा ने 13 गेंद में 20 रन बनाए हैं। नितीश राणा ने अब तक 2 चौके और एक छक्का लगाया है।

22:07 (IST) 26 Mar 2022
CSK vs KKR IPL 2022 Live: ब्रावो ने झटका वेंकटेश अय्यर का विकेट

केकेआर ने पावरप्ले में बिना विकेट खोए 43 रन बनाए। पहली विकेट की तलाश में कप्तान रविंद्र जडेजा ने डीजे ब्रावो को गेंद थमाई। ब्रावो ने जडेजा का भरोसा जीता और दूसरी गेंद पर वेंकटेश अय्यर को विकेट के पीछे एमएस धोनी के हाथों कैच करा दिया। अय्यर 16 गेंद में 16 रन बनाकर आउट हुए। ब्रावो की यह गेंद ऑफ स्टंप के बाहर थी। अय्यर ने गेंद को छेड़ा और खामियाजा भुगता। ब्रावो की यह गेंद पांचवें स्टंप के बाहर फुल लेंथ थी। अय्यर ड्राइव करना चाहते थे, लेकिन पैर चले नहीं और पवेलियन लौटना पड़ा। वेंकटेश अय्यर की जगह नितीश राणा क्रीज पर आए हैं।

21:58 (IST) 26 Mar 2022
CSK vs KKR IPL 2022 Live: अजिंक्य रहाणे ने 18 गेंद में ठोके 22 रन

तुषार देशपांडे ही पांचवां ओवर लेकर आए। रहाणे ने इस ओवर में 2 चौके लगाए। पांच ओवर के बाद कोलकाता नाइट राइडर्स का स्कोर बिना कोई विकेट खोए 35 रन है। रहाणे ने 18 गेंद में 22 और वेंकटेश अय्यर ने 12 गेंद में 13 रन बनाए हैं। रहाणे 3 चौके और एक छक्का लगा चुके हैं।

21:48 (IST) 26 Mar 2022
CSK vs KKR IPL 2022 Live: केकेआर ने 3 ओवर में बनाए 15 रन

तीन ओवर का खेल हो चुका है। कोलकाता नाइट राइडर्स का स्कोर बिना विकेट खोए 15 रन है। तीसरा ओवर तुषार देशपांडे लेकर आए। उनके इस ओवर में केकेआर ने 7 रन बनाए। इसमें वेंकटेश अय्यर का एक चौका भी शामिल है। अय्यर ने 9 गेंद में 8 और रहाणे ने 9 गेंद में 7 रन बनाए हैं। रहाणे भी एक चौका लगा चुके हैं।

21:36 (IST) 26 Mar 2022
CSK vs KKR IPL 2022 Live: अजिंक्य रहाणे ने पहले ओवर में ही जड़ा चौका

केकेआर को जीत के लिए 132 रन का लक्ष्य मिला है। उसकी ओर से अजिंक्य रहाणे और वेंकटेश अय्यर ने पारी की शुरुआत की। चेन्नई की ओर से तुषार देशपांडे पहला ओवर लेकर आए। रहाणे ने ओवर की चौथी गेंद पर 2 रन लेकर अपना और टीम का खाता खोला। उन्होंने अगली गेंद पर चौका जड़ा। हालांकि, आखिरी गेंद पर वह कोई रन ले पाए। पहले ओवर के बाद केकेआर का स्कोर बिना विकेट खोए 6 रन है।

21:23 (IST) 26 Mar 2022
CSK vs KKR IPL 2022 Live: धोनी ने आईपीएल करियर का 24वां अर्धशतक लगाया

केकेआर के गेंदबाजों के लिए 18 ओवर तक सब कुछ सही चल रहा था। सीएसके की टीम मुश्किल में थी। उनके पांच विकेट गिर चुके थे। क्रीज पर जडेजा और धोनी रन बनाने के लिए जूझ रहे थे। ऐसा नहीं लग रहा था कि दोनों टीम को 120 रन तक भी पहुंचा पाएंगे। लेकिन धोनी ने आखिरी दो ओवर में रनों की बारिश करते हुए अपने आईपीएल करियर का 24वां अर्धशतक लगाया।

21:13 (IST) 26 Mar 2022
CSK vs KKR IPL 2022 Live: एमएस धोनी कर रहे ताबड़तोड़ बल्लेबाजी

19वें ओवर में एमएस धोनी ने एक चौका और एक छक्का लगाया। इस ओवर में धोनी और जडेजा के बीच अर्धशतकीय साझेदारी भी पूरी हुई। 19 ओवर के बाद चेन्नई सुपर किंग्स का स्कोर 5 विकेट पर 113 रन है। जडेजा ने 26 गेंद में 19 और धोनी ने 34 गेंद में 39 रन बनाए हैं।

21:04 (IST) 26 Mar 2022
CSK vs KKR IPL 2022 Live: एमएस धोनी ने एक ओवर में जड़े 3 चौके

18 ओवर का खेल हो चुका है। चेन्नई सुपर किंग्स का स्कोर 5 विकेट पर 98 रन है। धोनी और जडेजा के बीच 43 गेंद में 37 रन की साझेदारी हुई है। जडेजा ने 23 गेंद में 17 और धोनी ने 30 गेंद में 28 रन बनाए हैं। उमेश यादव और वरुण चक्रवर्ती के स्पेल पूरो हो चुके हैं। उमेश ने 20 रन देकर 2 और वरुण चक्रवर्ती ने 23 रन देकर एक विकेट लिए हैं। आंद्रे रसेल ने 3 ओवर में 20 रन देकर एक विकेट झटका है। शिवम मावी को अब तक एक भी सफलता नहीं मिली है। 18वें ओवर (रसेल के ओवर) में धोनी ने तीन चौके लगाए।

20:59 (IST) 26 Mar 2022
CSK vs KKR IPL 2022 Live: बीसीसीआई ने ओलंपिक पदक विजेता नीरज चोपड़ा को किया सम्मानित

इस बीच, भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने ओलंपिक पदक विजेता नीरज चोपड़ा, लवलीना और मंदीप सिंह को सम्मानित किया है।

20:56 (IST) 26 Mar 2022
CSK vs KKR IPL 2022 Live: धोनी और जडेजा ने 31 गेंद में जोड़े 20 रन

16 ओवर का खेल हो चुका है। चेन्नई सुपर किंग्स का स्कोर 5 विकेट पर 81 रन है। धोनी और जडेजा के बीच 31 गेंद में 20 रन की साझेदारी हुई है। जडेजा ने 20 गेंद में 15 और धोनी ने 21 गेंद में 13 रन बनाए हैं। उमेश यादव ने 4 ओवर में 20 रन देकर 2, वरुण चक्रवर्ती ने 4 ओवर में 23 रन देकर एक विकेट और आंद्रे रसेल ने 2 ओवर में 6 रन देकर एक विकेट झटका है। शिवम मावी को अब तक कोई सफलता नहीं मिली है।

20:45 (IST) 26 Mar 2022
CSK vs KKR IPL 2022 Live: 14 ओवर के बाद चेन्नई का स्कोर 5 विकेट पर 69 रन

14 ओवर का खेल हो चुका है। चेन्नई सुपर किंग्स का स्कोर 5 विकेट पर 69 रन है। धोनी और जडेजा के बीच 19 गेंद में 8 रन की साझेदारी हुई है। जडेजा ने 16 गेंद में 11 और धोनी ने 13 गेंद में 5 रन बनाए हैं। उमेश यादव ने 3 ओवर में 12 रन देकर 2, वरुण चक्रवर्ती ने 23 रन देकर एक विकेट और आंद्रे रसेल ने 2 ओवर में 6 रन देकर एक विकेट झटका है।

20:32 (IST) 26 Mar 2022
CSK vs KKR IPL 2022 Live: कप्तान जडेजा और पूर्व कप्तान धोनी हैं क्रीज पर

आंद्रे रसेल ने केकेआर को पांचवीं सफलता दिलाई। उन्होंने 11वें ओवर की पांचवीं गेंद पर शिवम को पवेलियन की राह दिखाई। रसेल की यह गेंद मिडिल स्‍टंप पर बैक ऑफ लेंथ थी। रसेल पुल करने गए लेकिन गेंद बहुत तेजी से शरीर की ओर आई। शिवम दुबे पोजिशन में नहीं आ पाए। गेंद बल्‍ले के ऊपरी हिस्‍से से लगी और हवा में मिडविकेट की ओर गई। वहां सुनील नरेन ने कैच लपक लिया। शिवम दुबे 6 गेंद में 3 रन बनाकर आउट हुए। उनकी जगह एमएस धोनी क्रीज पर आए। इस समय क्रीज पर कप्तान और पूर्व कप्तान हैं।

20:22 (IST) 26 Mar 2022
CSK vs KKR IPL 2022 Live: कप्तान रविंद्र जडेजा ने अपने खिलाड़ी को बीच रास्ते छोड़ दिया

नौवां ओवर सुनील नरेन लेकर आए। उनकी चौथी गेंद पर हां-ना और अपने खिलाड़ी को बीच रास्ते छोड़ दिया कप्तान रविंद्र जडेजा ने। जडेजा ने नरेन की गेंद को हल्के हाथों से लॉन्ग ऑन की तरफ मोड़ दिया। उन्होंने रायुडू को सिंगल के लिए बुलाया, लेकिन मिडविकेट पर विपक्षी कप्तान श्रेयस से बच नहीं पाए। अय्यर ने तेजी से गेंद को लपका और गेंदबाज के पास फेंका, जड्डू ने अंबाती को वापस भेजा, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। रायुडू 17 गेंद में 15 रन बनाकर आउट हुए।

20:19 (IST) 26 Mar 2022
CSK vs KKR IPL 2022 Live: चेन्नई ने 6 गेंद में गंवाए 2 विकेट, रॉबिन उथप्पा के बाद अंबाती रायुडू भी पवेलियन लौटे

अभी 9 ओवर का ही खेल हुआ है और चेन्नई सुपर किंग्स ने अपने 4 महत्वपूर्ण विकेट गंवा दिए हैं। चेन्नई ने 6 गेंद के भीतर रॉबिन उथप्पा और अंबाती रायुडू का विकेट गंवाया। आठवें ओवर की आखिरी गेंद पर शेल्डन जैक्शन ने उथप्पा को स्टंप कर दिया। उथप्पा 21 गेंद में 28 रन बनाकर आउट हुए। वरुण चक्रवर्ती की यह गेंद गुगली थी। लेग स्टंप पर थी। रॉबिन उसे सिंगल के लिए स्क्वेयर लेग पर मोड़ना चाहते थे। उन्होंने चलते-चलते शॉट लगाया लेकिन स्पिन के कारण चूक गए और विकेट के पीछे जैक्सन ने तेज गति की गेंद को लपका और तुरंत गिल्लियां बिखेर दी। कहना गलत नहीं होगा कि शेल्डन ने धोनी की याद दिला दी।

19:59 (IST) 26 Mar 2022
CSK vs KKR IPL 2022 Live: कप्तान के भरोसे पर खरे साबित हुए उमेश यादव

गत चैंपियन चेन्नई सुपर किंग्स को पांचवें ओवर की पहली गेंद पर दूसरा झटका लगा। टीम के दूसरे सलामी बल्लेबाज डेवोन कॉनवे भी पवेलियन लौट गए। कप्तान श्रेयस अय्यर ने उमेश यादव को तीसरा ओवर देकर भरोसा जताया था। उमेश इस भरोसे पर खरे भी उतरे। उमेश की यह गेंद लेंथ बॉल थी। डेवोन कॉनवे पावरप्ले का लाभ उठाना चाहते थे। उन्होंने हवा में ड्राइव लगाने की कोशिश की, लेकिन पूरी तरह उसके नीचे नहीं आ पाए थे। इस वजह से गेंद गई सीधे मिडऑन में खड़े श्रेयस अय्यर के हाथों में पहुंच गई। कॉनवे 8 गेंद में 3 रन बनाकर आउट हुए। उनकी जगह अंबाती रायुडू आए हैं।

19:53 (IST) 26 Mar 2022
CSK vs KKR IPL 2022 Live: रॉबिन उथप्पा कर रहे ताबड़तोड़ बल्लेबाजी

रॉबिन उथप्पा ने आईपीएल 2022 पहला छक्का जड़ा। इसकी लंबाई 75 मीटर की थी। उथप्पा ने तीसरे ओवर की दूसरी गेंद पर यह छक्का लगाया। उथप्पा ने मैच का दूसरा छक्का भी लगाया। उन्होंने पहला छक्का उमेश यादव की गेंद पर लगाया था। उन्होंने दूसरा छक्का चौथे ओवर (शिवम मावी) की चौथी गेंद पर जड़ा। उथप्पा ने इस ओवर की आखिरी गेंद पर चौका भी लगाया। चार ओवर के बाद केकेआर का स्कोर एक विकेट पर 28 रन है।

19:39 (IST) 26 Mar 2022
CSK vs KKR IPL 2022 Live: पिछले सीजन के ऑरेंज कैप विजेता ऋतुराज गायकवाड़ नहीं खोल पाए खाता

उमेश यादव ने केकेआर को पहली सफलता दिलाई। उन्होंने अपनी तीसरी सफल गेंद पर ऋतुराज गायकवाड़ को पहली स्लिप में नितीश राणा के हाथों कैच कराया। पिछले सीजन के ऑरेंज कैप विजेता ऋतुराज गायकवाड़ बिना खाता खोले पवेलियन लौटे। ऋतुराज ने उमेश की इस गुड लेंथ गेंद को स्विंग करने की कोशिश की थी। गेंद चौथे स्टंप के बाहर से आउट स्विंग हुई। ऋतुराज ने बल्ला चलाया, लेकिन अतिरिक्त उछाल से चकमा खा गए। गेंद ने बल्ले का बाहरी किनारा लिया और पहली स्लिप में तैनात नितीश राणा ने मुश्किल कैच को लपकने में कोई गलती नहीं की।

19:35 (IST) 26 Mar 2022
CSK vs KKR IPL 2022 Live: एक्स्ट्रा रन से खुला चेन्नई सुपर किंग्स का खाता

चेन्नई सुपर किंग्स की ओर से ऋतुराज गायकवाड़ और डेवॉन कॉनवे ने पारी की शुरुआत की। उमेश यादव कोलकाता नाइट राइडर्स के लिए पहला ओवर लेकर आए। उनके ओवर की पहली ही गेंद नोबॉल रही। इस तरह आईपीएल 2022 की शुरुआत नोबॉल से हुई। अगली गेंद पर गायकवाड़ कोई रन नहीं बना पाए। इसके बाद अगली गेंद वाइड रही।

19:26 (IST) 26 Mar 2022
CSK vs KKR IPL 2022 Live: राष्ट्रगान के लिए मैदान पर उतरी दोनों टीमें

मैच की शुरुआत से पहले दो नए कप्तानों की अगुआई में दोनों टीमें राष्ट्रगान के लिए मैदान पर उतर रही हैं। कोलकाता नाइट राइडर्स ने टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला किया है।

19:25 (IST) 26 Mar 2022
CSK vs KKR IPL 2022 Live: आईपीएल में चेन्नई के खिलाफ खराब है केकेआर का रिकॉर्ड

रविंद्र जडेजा पर सभी की निगाहें होंगी, क्योंकि उनके पास उस टीम की कमान है, जो 4 बार की चैंपियन है। आईपीएल में चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ कोलकाता नाइट राइडर्स का रिकॉर्ड खराब है। दोनों के बीच यह 29वां मुकाबला है। इससे पहले खेले गए 28 मुकाबलों में कोलकाता को सिर्फ 9 में जीत हासिल हुई है, वहीं सीएसके 18 मैच जीतने में सफल रही है। एक मैच रद्द हो गया था।

19:08 (IST) 26 Mar 2022
CSK vs KKR IPL 2022 Live: ये है कोलकाता नाइट राइडर्स की प्लेइंग इलेवन

कोलकाता नाइट राइडर्स (प्लेइंग इलेवन): वेंकटेश अय्यर, अजिंक्य रहाणे, श्रेयस अय्यर (कप्तान), नितीश राणा, सैम बिलिंग्स, आंद्रे रसेल, सुनील नरेन, शेल्डन जैक्सन (विकेटकीपर), उमेश यादव, शिवम मावी, वरुण चक्रवर्ती।

19:06 (IST) 26 Mar 2022
CSK vs KKR IPL 2022 Live: ये है चेन्नई सुपर किंग्स की प्लेइंग इलेवन

चेन्नई सुपर किंग्स (प्लेइंग इलेवन): ऋतुराज गायकवाड़, डेवोन कॉनवे, रॉबिन उथप्पा, अंबाती रायुडू, रविंद्र जडेजा (कप्तान), शिवम दुबे, एमएस धोनी (विकेटकीपर), ड्वेन ब्रावो, मिशेल सैंटनर, एडम मिल्ने, तुषार देशपांडे।

18:58 (IST) 26 Mar 2022
CSK vs KKR IPL 2022 Live: वेंकटेश अय्यर के साथ ओपनिंग कर सकते हैं अजिंक्य रहाणे

टीम प्रबंधन ने सैम बिलिंग्स, अजिंक्य रहाणे और श्रेयस अय्यर को कोलकाता नाइट राइडर्स की कैप सौंपी है। इसका मतलब है कि ये तीनों खिलाड़ी आज के मैच में उतरने जा रहे हैं। अजिंक्य रहाणे वेंकटेश अय्यर के साथ ओपनिंग कर सकते हैं।

18:53 (IST) 26 Mar 2022
CSK vs KKR IPL 2022 Live: केकेआर को अपने बाबू मोशाय से होगी चमत्कार की उम्मीद

आईपीएल की बड़ी नीलामी में साढ़े 12 करोड़ की बड़ी राशि देकर कोलकाता ने श्रेयस अय्यर को अपना नया कप्तान बनाया। बतौर कप्तान उन्होंने दिल्ली कैपिटल्स के साथ सफलता हासिल की लेकिन हालिया समय में चर्चे उनकी बल्लेबाज़ी के हो रहे हैं। चोट के कारण पिछले सीजन के पहले चरण से बाहर रहे श्रेयस ने अपनी दो कमजोरियों पर काम किया है। एक समय पर शॉर्ट पिच गेंदबाजी के खिलाफ संघर्ष करने वाले श्रेयस 2021 के बाद से पटकी हुई गेंदों पर टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में 174 के स्ट्राइक रेट से रन बना रहे हैं। वह औसतन 3 छोटी गेंदों में एक बाउंड्री लगा रहे हैं। स्पिन के खिलाफ भी उनके खेल में सुधार हुआ है। इसका उदाहरण हमें भारत और श्रीलंका के बीच खेली गई टी20 सीरीज में मिल चुका है। तब उन्होंने तीन मैचों में तीन नाबाद अर्धशतक जड़े थे। कोलकाता को उम्मीद होगी कि उनके नए बाबू मोशाय श्रेयस इसी फॉर्म को बरकरार रखेंगे।

18:41 (IST) 26 Mar 2022
CSK vs KKR IPL 2022 Live: कैसा रहेगा पिच का मिजाज?

आईपीएल का यह सीजन भारत के पश्चिमी तट पर मुंबई और पुणे में खेला जाना है। जहां मुंबई की पिचों पर लाल मिट्टी का इस्तेमाल होता है, वहीं पुणे में काली मिट्टी से पिच बनाई जाती है। ऐसे में यह देखना रोचक होगा कि पिच का मिजाज कैसा रहेगा?

साल 2011 के बाद यह पहला अवसर है, जब विश्व क्रिकेट में सबसे प्रतिष्ठित टी20 ट्रॉफी के लिए 10 टीमें आपसे में भिड़ रही हैं। इस बार लखनऊ सुपरजायंट्स और गुजरात टाइटंस के रूप में दो नई टीमों ने आईपीएल में पदार्पण किया। दो नई टीमों के जुड़ने से कुल मैचों की संख्या 60 से 74 हो गई है। इससे यह टूर्नामेंट दो महीने से भी अधिक समय तक चलेगा। हालांकि, सभी टीम लीग चरण में 14 मैच ही खेलेंगी। आईपीएल 2022 में 6 टीमें नए कप्तानों के साथ उतरी हैं। पंजाब किंग्स ने मयंक अग्रवाल, रॉयल चैलेंजर्स बंगलौर ने फाफ डुप्लेसिस, गुजरात टाइटंस ने हार्दिक पंड्या, लखनऊ सुपरजायंट्स ने केएल राहुल, कोलकाता नाइट राइडर्स ने श्रेयस अय्यर को अपना कप्तान बनाया है। महेंद्र सिंह धोनी ने कप्तानी छोड़ने के बाद चेन्नई सुपर किंग्स की कमान रविंद्र जडेजा को सौंप दी है।