चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) IPL 2025 के प्लेऑफ की दौड़ से बाहर हो चुकी है। मंगलवार को CSK का मुकाबला राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में हुआ। इस रोमांचक मुकाबले से पहले, दिग्गज खिलाड़ी महेंद्र सिंह धोनी ने एक नन्हे फैन की इच्छा पूरी कर फैंस का दिल जीत लिया। दोनों टीमें, चेन्नई और राजस्थान, इस सीजन में प्लेऑफ की दौड़ से बाहर हो चुकी हैं।
सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें 43 वर्षीय धोनी बैरिकेड पार कर एक छोटे से फैन से मिलने पहुंचे। ‘थाला’ के नाम से मशहूर धोनी ने अपने इस छोटे प्रशंसक से गर्मजोशी से हाथ मिलाया और उसके साथ तस्वीर खिंचवाई। यह पल देखकर फैंस धोनी की सादगी और उनके प्रति अपने प्यार को सोशल मीडिया पर व्यक्त कर रहे हैं।
CSK के लिए निराशाजनक रहा IPL 2025
IPL 2025 का यह सीजन चेन्नई सुपर किंग्स के लिए अच्छा नहीं रहा। टीम ने सीजन की शुरुआत मुंबई इंडियंस के खिलाफ 4 विकेट की जीत के साथ की थी, लेकिन इसके बाद खेले गए 11 मैचों में केवल 2 में जीत हासिल कर सकी। इस सीजन में CSK की मुश्किलें तब और बढ़ गईं, जब उनके नियमित कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ बीच सीजन में चोटिल हो गए। इसके बाद धोनी ने एक बार फिर कप्तानी की जिम्मेदारी संभाली और अपनी अनुभवी नेतृत्व क्षमता का परिचय दिया।
धोनी का प्रदर्शन भी रहा फीका
IPL 2025 का यह सीजन न केवल CSK के लिए, बल्कि धोनी के लिए भी निराशाजनक रहा। चेन्नई की टीम इस समय अंक तालिका में सबसे निचले पायदान पर है। धोनी ने इस सीजन में 12 मैच खेले और कुल 196 रन बनाए, जिसमें उनका सर्वोच्च स्कोर मात्र 30 रन रहा। गौरतलब है कि IPL 2020 के बाद से धोनी केवल एक अर्धशतक लगा पाए हैं।
भले ही यह सीजन CSK और धोनी के लिए मैदान पर खास न रहा हो, लेकिन धोनी का अपने फैंस के प्रति प्यार और सादगी ने एक बार फिर साबित कर दिया कि वह केवल एक खिलाड़ी नहीं, बल्कि लाखों दिलों की धड़कन हैं।