इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने अब तक कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है, लेकिन उसका एक फैसला अगले साल चैंपियंस ट्रॉफी के लिए भारतीय टीम के पाकिस्तान जाने से इनकार करने की स्थिति में सभी संभावनाओं की तैयारी करने के संकेत देता है। क्रिकबज की रिपोर्ट की मुताबिक, आईसीसी (ICC) ने हाल ही में कोलंबो में अपनी वार्षिक आम बैठक (एजीएम) में लगभग 65 मिलियन डॉलर (करीब 17,93,94,41,000 पाकिस्तानी रुपये) के बजट को मंजूरी दी।
19 फरवरी से 9 मार्च के बीच खेली जाएगी चैंपियंस ट्रॉफी
इस बजट में पाकिस्तान के बाहर कुछ मुकाबलों के आयोजन से जुड़ी लागतें भी शामिल हैं। चैंपियंस ट्रॉफी 19 फरवरी से 9 मार्च 2025 के बीच होनी है। रिपोर्ट के मुताबिक, भारत की हिस्सेदारी होने या नहीं होने के मिलियन डॉलर मुद्दे पर आईसीसी एजीएम में चर्चा नहीं हुई, लेकिन किसी भी स्थिति के लिए एक आकस्मिक योजना बनाई गई है।
मुख्य कार्यकारी समिति (CEC) के अनुमोदन नोट में कहा गया है कि पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने मेजबान समझौते पर हस्ताक्षर किए हैं और प्रबंधन के साथ मिलकर एक इवेंट बजट का मसौदा तैयार किया है जिसे अनुमोदन के लिए आईसीसी की वित्त और वाणिज्यिक मामलों की समिति (F&CA) के सामने पेश किया गया है।
ICC की F&CA समिति के प्रमुख हैं जय शाह
प्रबंधन ने पाकिस्तान के बाहर कुछ मैच खेलने की आवश्यकता होने पर इवेंट के आयोजन की लागत में वृद्धि के अनुमान को भी मंजूरी दी है। हालांकि, ICC ने इस बात पर चर्चा नहीं की कि ‘पाकिस्तान के बाहर’ कौन से स्थल/स्थलों होंगे। आईसीसी की वित्त और वाणिज्यिक मामलों की समिति के प्रमुख बीसीसीआई (भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड) के सचिव जय शाह ही हैं।
CEC नोट में यह भी कहा गया, ‘मार्च 2024 में पाकिस्तान में प्रस्तावित मैच स्थलों की योजना बैठक और निरीक्षण हुआ। सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए तीनों स्थलों पर काफी मात्रा में नवीनीकरण कार्य चल रहा है। लाहौर, कराची और रावलपिंडी चिन्हित स्थल हैं और पता चला है कि PCB ने इन तीनों केंद्रों के नवीनीकरण का काम शुरू कर दिया है।’
चैंपियंस ट्रॉफी के लिए 966 करोड़ पाकिस्तानी रुपये
बजट के बारे में समझा जाता है कि प्रतियोगिता के लिए लगभग 35 मिलियन डॉलर (करोड़ 966 करोड़ पाकिस्तानी रुपये) आवंटित किए गए हैं, जबकि हिस्सेदारी और पुरस्कार राशि के लिए 20 मिलियन डॉलर (552 करोड़ पाकिस्तान रुपये) की राशि अलग से रखी गई है। 15 मैच और 20 दिन के टूर्नामेंट के टेलीविजन प्रसारण से जुड़ी प्रोडक्शन कास्ट के लिए 10 मिलियन डॉलर (276 करोड़ पाकिस्तान रुपये) और स्वीकृत किए गए हैं।
1 मार्च 2025 को होगा भारत बनाम पाकिस्तान मैच
माना जा रहा है कि ICC ने ब्रॉडकास्टर्स और हिस्सा लेने वाली टीमों समेत सभी हितधारकों के साथ मसौदा कार्यक्रम साझा किया। मसौदा कार्यक्रम काफी हद तक उम्मीदों के अनुरूप है। भारत के सभी मैच लाहौर में होने हैं, जिसमें बहुप्रतीक्षित भारत-पाकिस्तान मैच शनिवार, 1 मार्च को होना है। भारत और पाकिस्तान के अलावा, बांग्लादेश और न्यूजीलैंड ग्रुप ए में हैं। ग्रुप बी में ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड, अफगानिस्तान और दक्षिण अफ्रीका शामिल हैं।
लाहौर में 9 मार्च को होगा फाइनल
भारत के अन्य मैच 20 फरवरी को बांग्लादेश और 23 फरवरी को न्यूजीलैंड के खिलाफ होने हैं। प्रतियोगिता की शुरुआत 19 फरवरी को कराची में मेजबान पाकिस्तान और न्यूजीलैंड के बीच होने वाले मैच से होगी। दो सेमीफाइनल 5 मार्च को कराची और 6 मार्च को रावलपिंडी में होने हैं, जबकि फाइनल 9 मार्च को लाहौर में होगा। हालांकि, भारतीय टीम और भारत सरकार के निर्णय के आधार पर आयोजन स्थलों में बदलाव किया जा सकता है।
आईसीसी की एक टीम अगले महीने तीनों आयोजन स्थलों के निरीक्षण के लिए पाकिस्तान का दौरा करेगी। 12 से 18 फरवरी तक 7 दिन की अवधि को ‘सहायता अवधि’ के रूप में नामित किया गया है। इस दौरान, हिस्सा लेने वाली टीमें वार्म-अप मैच खेलेंगी और मौजूदा प्रोटोकॉल के अनुसार मीडिया और प्रचार गतिविधियों में शामिल होंगी। फाइनल के लिए 10 मार्च को रिजर्व डे रखा गया है। चैंपियंस ट्रॉफी आखिरी बार 2017 में खेली गई थी और इसे पाकिस्तान ने जीता था।
ये है चैंपियंस ट्रॉफी 2025 का ड्राफ्ट शेड्यूल
तारीख | दिन | टीम 1 | टीम 2 |
19 फरवरी | बुधवार | न्यूजीलैंड | पाकिस्तान |
20 फरवरी | गुरुवार | बांग्लादेश | भारत |
21 फरवरी | शुक्रवार | अफगानिस्तान | साउथ अफ्रीका |
22 फरवरी | शनिवार | ऑस्ट्रेलिया | इंग्लैंड |
23 फरवरी | रविवार | न्यूजीलैंड | भारत |
24 फरवरी | सोमवार | पाकिस्तान | बांग्लादेश |
25 फरवरी | मंगलवार | अफगानिस्तान | इंग्लैंड |
26 फरवरी | बुधवार | ऑस्ट्रेलिया | साउथ अफ्रीका |
27 फरवरी | गुरुवार | बांग्लादेश | न्यूजीलैंड |
28 फरवरी | शुक्रवार | अफगानिस्तान | ऑस्ट्रेलिया |
01 मार्च | शनिवार | पाकिस्तान | भारत |
02 मार्च | रविवार | साउथ अफ्रीका | इंग्लैंड |
05 मार्च | बुधवार | A1 | B2 |
06 मार्च | गुरुवार | B1 | A2 |
09 मार्च | रविवार | A1 बनाम B2 की विजेता | B1 बनाम A2 की विजेता |
10 मार्च | सोमवार | रिजर्व डे | रिजर्व डे |