रतीय टीम के तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार ने 21 टेस्ट में 63 विकेट अपने नाम किए हैं। 114 वनडे में उन्होंने 132 और 43 टी20 में 41 विकेट लिए हैं। भारत के लिए 2012 में डेब्यू करने वाले भुवनेश्वर ने प्यार के मैदान पर उससे पहले से खेल रहे थे। भुवनेश्वर की लव स्टोरी टीम इंडिया में उनके शामिल होने से पहले शुरू हुई थी। उन्होंने 2017 में नुपूर नागर से शादी की थी। दोनों बचपन से एक-दूसरे को जानते थे। भुवनेश्वर ने एक इंटरव्यू में खुलासा किया था शादी के लिए परिवार वालों से पहले नुपूर ने ही इंटरव्यू ले लिया था।
भुवनेश्वर ने स्पोर्ट्स एंकर गौरव कपूर के यूट्यूब चैनल ‘ऑकट्री स्पोर्ट्स’ को दिए इंटरव्यू में अपनी लव स्टोरी के बारे में बताया। भुवनेश्वर ने कहा, ‘‘जब हमलोगों ने डेट करना शुरू किया उस समय मैं इंडिया के लिए नहीं खेल रहा था। उसने मुझसे पूछा था कि क्रिकेट के बारे में जॉब क्या करोगे? फिर मैं उसकी तरफ देखा और सोचा कि क्या जवाब दूं। उस समय मैं सिर्फ रणजी ट्रॉफी ही खेल रहा था तो कहा कि क्रिकेट में करियर बनाऊंगा। फिर उसने पूछा क्रिकेट तो ठीक है लेकिन जॉब क्या करोगे? इस पर मैंने सोचा कि क्या समझाऊं। फिर उसे समझाया कि अभी रणजी ट्रॉफी खेल रहा हूं। यह एक क्रिकेट का लेवल है। इसके बाद टीम इंडिया के लिए खेल सकता हूं। फिर उसने कहा कि अच्छा इंडियन टीम में हो सकता है। परिवार वालों से पहले लड़की ने ही इंटरव्यू ले लिया।’’
भुवनेश्वर ने कहा, ‘‘नुपूर सॉफ्टवेयर इंजीनियर है। मेरी लंबी प्लानिंग थी कि खेलता हूं और वो पढ़ती है, यह एक बेहतरीन रिश्ता हो सकता है। मैं उसे बचपन से जानता हूं। 12-13 साल की उम्र से जानता हूं। एक ही कॉलोनी में रहते थे। लोगों को हमारे रिश्ते को स्वीकार करने में समय लगा, लेकिन सब हो गया। दोनों का घर पास-पास था। मतलब ऐसा था कि मैं अपने घर से पत्थर फेंकूं तो उसके घर पर गिरेगा। मेरे घर से उसका घर लेफ्ट में है। अगर मैं कागज का टुकड़ा फेंकूं तो वह घुमते हुए जाएगा। उसके घर से पहले एक घर है। उसके ऊपर से फेंकना होता था नहीं तो साइड से घुमाकर। फिर एक पेड़ वहां पर हो गया तो इनस्विंग के तरीके से चिठ्ठी फेंकता था।’’
भुवी ने आगे बताया, ‘‘पहले 3-4 साल हमारे रिश्ते के बारे में घरवालों को पता नहीं था। हमने चोरी-छिपे काम किया। इसमें प्रेशर बहुत होता है। दो-तीन बार ऐसा हुआ है कि लोग जब हमें गाड़ी में देखते थे तो हम नीचे झुक जाते थे। मैंने रिलेशन के बारे में खुद से घरवालों को नहीं बताया। किसी बाहरी आदमी ने बता दिया था। मैं खुद नहीं बता पाता। अब कुछ जुगाड़ करने से अच्छा था कि उन्हें खुद पता चल गया।’’