इंग्लैंड के टेस्ट टीम के कप्तान बेन स्टोक्स अक्टूबर नवंबर में वर्ल्ड कप के लिए वनडे क्रिकेट से संन्यास से यू-टर्न लेने की योजना बना रहे है। ब्रिटिश डेली द टेलीग्राफ के अनुसार वह इंडियन प्रीमियर लीग 2024 (IPL 2023) से भी बाहर होने को तैयार हैं। बने स्टोक्स एशेज सीरीज के दौरान घुटने की चोट के बाद भी खेले थे। उन्होंने ज्यादा गेंदबाजी नहीं की। इंडियन प्रीमियर लीग 2023 (IPL 2023) से पहले चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) ने उन्हें 16.25 करोड़ में खरीदा था। उन्होंने सिर्फ 2 मैच खेले।

बेन स्टोक्स का घुटना न्यूजीलैंड दौरे पर चोटिल हो गया था। आईपीएल 2023 की शुरुआत में वह अनफिट थे। महेंद्र सिंह धोनी की अगुआई में टीम को उनकी एकदम कमी नहीं खली। वह बीच सीजन में ही इंग्लैंड लौट गए। ऐसा नहीं था कि वह पूरे सीजन खेलने के लिए फिट नहीं थे, लेकिन टीम कंपोजिशन में वह फिट नहीं बैठ पाए। 16.25 करोड़ रुपये देने के बाद भी चेन्नई को उन्हें न खिलाने का कोई मलाल नहीं था। इंग्लैंड के दिग्गज ऑलराउंडर चोटिल नहीं भी होते तो भी एशेज की तैयारियों के लिए बीच में ही इंग्लैंड लौट जाते। ऐसे में यह तय माना जा रहा है कि चेन्नई की टीम उन्हें आईपीएल 2024 से पहले रिलीज कर सकती है। इसके बाद अगर वह आईपीएल ऑक्शन में अपना नाम देते हैं तो अनसोल्ड भी रह सकते हैं। आइए जानते हैं ऐसा क्यों हो सकता है।

बेन स्टोक्स उपलब्ध नहीं रहेंगे तो कौन खरीदेगा?

इस बात में कोई शक नहीं है कि बेन स्टोक्स दुनिया के दिग्गज ऑलराउंडर हैं, लेकिन अगर वह मैच ही नहीं खेलेंगे तो दुनिया की कौन सी टीम उनके लिए इतनी बड़ी कीमत अदा करेगी? खास करके तब जब प्लेइंग 11 में केवल 4 विदेशी खिलाड़ियों को ही खिलाने का विकल्प हो। स्टोक्स को जब चेन्नई ने खरीदा तो हर कोई सोच रहा था कि वह धोनी के उत्तराधिकारी होंगे, लेकिन वह अहम मौकों पर टीम के लिए उपलब्ध ही नहीं होंगे तो कप्तान कैसे बनेंगे? आईपीएल का आयोजन अप्रैल-मई में होता है और इंग्लैंड में ठीक इसके बाद क्रिकेट शुरू होता है। ऐसे में वह शायद ही उपलब्ध रह पाएं।

राजस्थान रॉयल्स ने क्यों किया था बेन स्टोक्स को रिलीज

बेन स्टोक्स के आईपीएल करियर की बात करें तो उन्होंने 2020 के बाद से सिर्फ 3 मैच खेले हैं। आईपीएल 2021 में वह सिर्फ 1 मैच खेले थे। उंगली चोटिल होने की वजह से वह नहीं खेल पाए। राजस्थान रॉयल्स ने उन्हें मेगा ऑक्शन से पहले रिलीज कर दिया था। आईपीएल 2022 में वह उपलब्ध नहीं थे। राजस्थान रॉयल्स के डायरेक्टर ऑफ क्रिकेट कुमार संगाकारा ने मेगा ऑक्शन से पहले स्टोक्स को रिलीज करने का कारण बताते हुए कहा था कि रिटेन करने से पहले यह देखा जाता है कि खिलाड़ी टूर्नामेंट में कबतक उपलब्ध रहेगा।

आईपीएल 2018 से बेन स्टोक्स का प्रदर्शन

राजस्थान ने उन्हें आईपीएल 2018 से पहले 12.5 करोड़ रुपये में खरीदा था। साल 2018 में उन्होंने 13 मैच में 16.33 के औसत और 121.73 के स्ट्राइक रेट से 196 रन बनाए। 2019 में उन्होंने 9 मैच में 20.50 के औसत और 124.24 के स्ट्राइक रेट से 123 रन बनाए। साल 2020 में 8 मैच में 40.71 के औसत और 142.50 के स्ट्राइक रेट से 285 रन बनाए। साल 2021 में उन्होंने 1 मैच खेला और केवल 3 गेंद का सामना किया। 2023 में चेन्नई की तरफ से खेलते हुए 2 मैच में 15 रन बनाए। गेंदबाजी की बात करें तो साल 2018 में उन्होंने 8 विकेट लिए। 2019 में 6 और 2020 में 8 विकेट लिए। 2021 और 2023 में विकेट ही नहीं ले पाए। जाहिर तौर पर बेन स्टोक्स के आंकड़े शानदार नहीं कहे जा सकते। उनकी उपलब्धता को लेकर आशंका बनी रहती है, ऐसे में शायद ही कोई फ्रेंचाइजी उनपर करोड़ों रुपये लुटाने का जोखिम उठाती।