Mahendra Singh Dhoni In Pistol: भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी फिर ब्लू जर्सी (नीले रंग के ट्रैक सूट) में नजर आए हैं। हालांकि, इस बार वह क्रिकेट के मैदान पर नहीं, बल्कि शूटिंग रेंज में थे। वह गृह नगर रांची स्थित जेएससीए स्टेडियम में थे। धोनी ने स्टेडियम में बल्लेबाजी तो की ही। साथ ही शूटिंग में भी हाथ दिखाए।

दरअसल नेट्स में अभ्यास के बाद वह शूटिंग रेंज पहुंचे और वहां टारगेट पर निशाना साधा। धोनी का टारगेट पर निशाना साधते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है। यह वीडियो इंस्टाग्राम पर इस आईडी bajaj.sumeetkumar (सुमित कुमार बजाज) शेयर किया गया है। सुमित महेंद्र सिंह धोनी के टेनिस पार्टनर हैं।

सुमित कुमार बजाज की पोस्ट पर कई लोगों ने कमेंट्स किए हैं। कई लोगों ने उनका शुक्रिया भी अदा किया है। i_am_pratik_editor14 ने लिखा, ‘नीली जर्सी पहनने के लिए धन्यवाद।’ कई लोगों ने फायर वाली इमोजी पोस्ट की हैं।

महेंद्र सिंह धोनी खुद को फिट रखने के लिए ज्यादातर समय जेएससीए स्टेडियम में ही बिताते हैं। धोनी स्टेडियम में बल्लेबाजी की प्रैक्टिस के साथ-साथ टेनिस, फुटबॉल भी खेलते हैं। वह जिम में भी पसीना बहाते हैं और तैराकी का आनंद भी लेते हैं।

बता दें, चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) के कप्तान एमएस धोनी बेंगलुरु में 12 और 13 फरवरी 2022 को होने वाली आईपीएल 2022 मेगा नीलामी से पहले आराम कर रहे हैं और अलग-अलग खेल खेलकर आनंद ले रहे हैं। धोनी अपनी फ्रेंचाइजी की तैयारियों में हिस्सा लेने के लिए पिछले हफ्ते चेन्नई में थे। वह गृहनगर रांची में लौटे हैं।

सुमीत कुमार बजाज ने इंस्टाग्राम इससे पहले भी धोनी के कई वीडियो और तस्वीरें शेयर की हैं। उन वीडियो में कैप्टन कूल को टेनिस में हाथ आजमाते हुए देखा जा सकता है। धोनी ने बैडमिंटन के खेल में भी हिस्सा लिया था। धोनी एक काले रंग की टी-शर्ट, हरे रंग की पैंट और सफेद स्नीकर्स में थे।

एमएस धोनी के उस वीडियो पर भी कई लोगों ने कमेंट्स किए थे। कमेंट्स पढ़कर साफ पता चलता है कि धोनी भले ही अब अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट नहीं खेलते हैं, लेकिन उनकी फैन फॉलोइंग में कमी नहीं आई है। कुछ लोगों ने सुमीत कुमार बजाज से महेंद्र सिंह धोनी का ऑटोग्राफ दिलाने की भी मांग की थी।