भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के लिए वेन्यू का ऐलान कर दिया है। अहमदाबाद के सरदार पटेल स्टेडियम में सैयद मुश्ताक अली टी20 चैंपियनशिप के नॉकआउट मैच होंगे। ये मैच 20 से 31 जनवरी के बीच खेले जाएंगे। बीसीसीआई सचिव जय शाह द्वारा सभी प्रदेश संघों के सचिवों को भेजे गए पत्र के अनुसार, टीमें छह समूहों में बांटी जाएंगी। इनमें पांच एलीट समूह और एक प्लेट समूह होगा। लीग चरण के मैच मुंबई, चेन्नई, कोलकाता, इंदौर, बेंगलुरु और वडोदरा में खेले जाएंगे।
प्रदेश संघों को भेजे पत्र में कहा गया, ‘बीसीसीआई घरेलू सत्र की शुरुआत सैयद मुश्ताक अली टी20 चैंपियनशिप से 10 जनवरी को करेगा।’ शाह ने कहा, ‘टीमों को अपने अपने मेजबान शहरों में दो जनवरी को एकत्र होना होगा। इसके साथ ही कोरोना वायरस टेस्ट भी होंगे जबकि प्रदेश के पृथकवास प्रोटोकॉल का भी पालन किया जाएगा।’ प्लेट समूह के मैच चेन्नई में होंगे। प्लेट समूह में आठ टीमें होंगी। बाकी 30 टीमों को पांच एलीट समूहों में बांटा गया है। हर एक एलीट समूह में छह टीमें होंगी। नॉकआउट चरण 26 जनवरी से शुरू होगा।
ग्रुप | टीमें | शहर जहां होंगे मैच |
एलीट ग्रुप ए | जम्मू कश्मीर, कर्नाटक, पंजाब, उत्तर प्रदेश, रेलवे, त्रिपुरा | बेंगलुरु |
एलीट ग्रुप बी | ओडिशा, बंगाल, झारखंड, तमिलनाडु, असम, हैदराबाद | कोलकाता |
एलीट ग्रुप सी | गुजरात, महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, हिमाचल प्रदेश, बड़ौदा, उत्तराखंड</td> | वडोदरा |
एलीट ग्रुप डी | सेना, सौराष्ट्र, विदर्भ, राजस्थान, मध्यप्रदेश, गोवा | इंदौर |
एलीट ग्रुप ई | हरियाणा, आंध्र प्रदेश, दिल्ली, मुंबई, केरल, पुड्डुचेरी | मुंबई |
प्लेट ग्रुप | चंडीगढ, मेघालय, बिहार, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम, सिक्किम, अरुणाचल प्रदेश | चेन्नई |
टूर्नामेंट के क्वार्टर फाइनल मुकाबले 26 और 27 जनवरी को खेले जाएंगे। सेमीफाइनल मुकाबले 29 जनवरी को होंगे, जबकि फाइनल 31 जनवरी को अहमदाबाद में होगा। खिलाड़ियों के कोरोना टेस्ट दो, चार और छह जनवरी को होंगे। इसके नतीजे अगले दिन घोषित होंगे। नॉकआउट से पहले भी 20 और 22 जनवरी को कोरोना टेस्ट होंगे। कोरोना महामारी के कारण विलंब से शुरू हो रहे घरेलू सत्र का यह पहला टूर्नामेंट होगा।