ऑस्ट्रेलिया के पूर्व क्रिकेटर एंड्रयू साइमंड्स नहीं रहे। वह 46 साल के थे। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया की ओर से बताया गया कि एक सड़क दुर्घटना में उनकी जान चली गई। यह हादसा शनिवार (14 मई, 2022) रात को हुआ। वह तब उत्तर पूर्वी ऑस्ट्रेलिया में टाउन्सविले के पास कार क्रैश का शिकार हुए।
पुलिस ने पुष्टि की कि घटनास्थल पर ही उन्होंने दम तोड़ दिया था। बयान के मुताबिक, “शुरुआती जानकारियां बताती हैं कि रात 11 बजे हर्वे रेंज रोड पर कार थी। एलिस रिवर ब्रिज के पास जैसे वह सड़क से उतरी वह अचानक पलट गई।”
घटना से समय साइमंड्स ही गाड़ी चला रहे थे। यह भी कहा गया कि इमरजेंसी सेवाओं ने उन्हें बचाने की कोशिश की, पर वे नाकामयाब रहे। पुलिस ने कहा है कि फॉरेंसिक क्रैश यूनिट इस मामले की जांच-पड़ताल में जुटी है।

साइमंड्स के निधन की जानकारी जैसे ही उनके दोस्तों और पुराने साथियों को हुई, वे हैरान से रह गए। क्रिकेट जगत में इसके बाद शोक की लहर दौड़ गई। कंगारू टीम के पूर्व विकेटकीपर और बल्लेबाज एडम गिलक्रिस्ट ने जानकारी पर दुख जताते हुए ट्वीट किया और कहा, “यह (हादसा/घटनाक्रम) वाकई में काफी तकलीफ देता है।”
रावलपिंडी एक्सप्रेस के नाम से मशहूर पाकिस्तानी गेंदबाज रह चुके शोएब अख्तर ने भी उनके देहांत पर दुख जाताया। ट्वीट किया, “कार क्रैश में साइमंड्स की मौत के बारे में सुनकर दहल गया हूं। हमारा फील्ड और उसके बाहर एक बेहतरीन रिलेशन रहा। उनके परिवार के साथ मेरी प्रार्थना और संवेदनाएं हैं।”

साइमंड्स अपने स्कोर और शॉट्स के साथ विवादों की वजह से सुर्खियों में रहे। फिर चाहे वह उनकी शराब पीने की लत हो या “मंकी गेट” मामला। दरअसल, 2008 में इंडिया और ऑस्ट्रेलिया का टेस्ट मैच हुआ था। साइमंड्स ने इसी बीच आरोप लगाया था कि हिंदुस्तानी ऑफ स्पिन गेंदबाज हरभजन सिंह ने उन्हें बंदर (मंकी) कहा। हालांकि, भज्जी को केस की सुनवाई के बाद क्लीन चिट मिल गई थी। पर यह पूरा मामला खूब सुर्खियों में छाया रहा था और तब इसे ‘मंकी गेट’ कहा गया।

साइमंड्स के बारे में ये बातें शायद ही जानते होंगे आपः
- साइमंड्स का जन्म इंग्लैंड में हुआ था। बहुत दिन तक उन्होंने अपना ब्रिटिश पासपोर्ट इस्तेमाल किया। दरअसल, वह जब बच्चे थे, तब एक इंग्लिश कपल ने उन्हें गोद ले लिया था और वे लोग बाद में ऑस्ट्रेलिया शिफ्ट हो गए थे।
- कंगारू क्रिकेटर को एक बार इंग्लैंड-ए की ओर से 90 के दशक में खेलने का मौका मिला था, पर उन्होंने इस ऑफर पर इन्कार कर दिया था।
- उनका वेस्ट इंडीज से भी कनेक्शन रहा है। बताया जाता है कि उनके बायलॉजिकल पैरेट्स में से एक अफ्रीका से थे, जबकि दूसरे यूरोप से ताल्लुक रखते थे।
- साल 2011 में इंडियन रिएलिटी शो बिग बॉस में वह बतौर कंटेस्टेंट (दो हफ्तों के लिए) आए थे।
- इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के आठवें संस्करण में वह सबसे अधिक पैसा पाने वाले ओवरसीज खिलाड़ी थे। डेक्कन चार्जर्स ने तब उन्हें 1.35 मिलियन अमेरिकी डॉलर्स में खरीदा था।
- साइमंड्स ने बॉलीवुड फिल्म में भी काम किया था। 2011 में आई सुपरस्टार अक्षय कुमार और ऋषि कपूर स्टारर फिल्म ‘पटियाला हाउस’ में वह नजर आए थे।