ऑस्ट्रेलिया ने वर्ल्ड कप के फाइनल में भारत को हराकर खिताब अपने नाम किया। इस हार ने करोड़ों भारतीय फैंस का दिल तोड़ दिया जो अपनी टीम को विश्व चैंपियन बनता देखना चाहते थे। भारतीय फैंस का दिल तोड़ने वाले क्रिकेटर्स जब अपने देश लौटे तो उन्हें वह स्वागत नहीं मिला जिसके वह हकदार थे। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो को देखकर फैंस यहीं अंदाजा लगा रहे हैं कि ऑस्ट्रेलिया को इस वर्ल्ड कप जीत के कुछ खास फर्क नहीं पड़ा है।
ऑस्ट्रेलियाई टीम लौटी देश
ऑस्ट्रेलिया के कप्तान पैट कमिंस, जोश हेजलवुड, मिचेल मार्श समेत कई स्टार बुधवार को अपने देश लौटे। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल हो रहा है जिसमें कमिंस अपना सामना ट्रॉली पर रखकर ले जा रहे हैं। उनके पास कुछ फोटोग्राफर और वीडियोग्राफर हैं।
सुनसान था एयरपोर्ट
एयरपोर्ट पर और उसके बाहर भी फैंस नजर नहीं आए। न कोई जश्न था और न ही कोई नेता या बड़ा अधिकारी इस टीम का स्वागत करने पहुंचा। वीडियो में देखकर ऐसा लगा नहीं कि वर्ल्ड चैंपियन लौटी है। भारतीय फैंस को यह देखकर काफी हैरानी हुई।
भारतीय फैंस को हुई हैरानी
कुछ फैंस का कहना था कि अगर रोहित शर्मा वर्ल्ड कप जीतकर मुंबई लौटते तो कई किमी लंबी लाइन लगी होती। एक यूजर ने लिखा कि ऑस्ट्रेलियाई फैंस अपने क्रिकेटर्स का बहुत ज्यादा सम्मान नहीं करते लेकिन फिर भी वह हर बार खुद को साबित करते हैं। कुछ फैंस को यह देखकर दुख हुआ कि पूरी दुनिया जीतने वाली टीम को उनके अपने घर पर एक शानदार स्वागत नहीं मिला।