ऑस्ट्रेलिया ने जिम्बाब्वे को 3 मैचों की सीरीज में 2-1 से हरा दिया। आखिरी वनडे में उसे करारी शिकस्त का सामना करना पड़ा। टाउंसविले में खेले गए तीसरे वनडे में मेजबान कंगारू टीम 31 ओवरों में 141 रनों पर ऑल आउट हो गई। इसमें डेविड वॉर्नर ने अकेले 96 गेंदों पर 94 रन बनाए। उन्होंने 14 चौके और 2 छक्के लगाए। वहीं ग्लेन मैक्सवेल ने 19 रन बनाए। इसके अलावा कोई भी बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा न छू सके।
मेहमान टीम के लिए स्पिनर रेयान ब्रर्ल ने शानदार गेंदबाजी की और 3 ओवर में 10 रन देकर 5 विकेट लिए। यह उनके करियर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है। बता दें कि वॉर्नर भले शतक लगाने से चूक गए, लेकिन उन्होंने बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। वह किसी वनडे मैच में एक टीम के कुल स्कोर में सबसे ज्यादा योगदान देने वाले खिलाड़ियों की सूची में शामिल हो गए।
वॉर्नर ने भारतीय दिग्गज कपिल देव और रोहित शर्मा जैसे खिलाड़ियों को पीछे छोड़ दिया। केवल कैरेबियाई दिग्गज विवियन रिचर्ड्स से वह पीछे रह गए। रिचर्ड्स ने 1984 में इंग्लैंड के खिलाफ नाबाद 189 रनों की पारी खेली थी। वेस्टइंडीज ने 9 विकेट पर 272 रन बनाए थे। उन्होंने इसमें से 69.48 प्रतिशत रन बनाए थे। वहीं वॉर्नर ने 66.67 रन बनाए।
कपिल देव और रोहित शर्मा को पीछे छोड़ा
कपिल देव ने 1983 वर्ल्ड कप में जिम्बाब्वे के खिलाफ 175 रनों की पारी खेली थी। टीम इंडिया ने 8 विकेट पर 266 रन बनाए थे। इसमें उनका योगदान 65.78 प्रतिशत का रहा। साल 2014 में रोहित शर्मा ने श्रीलंका के खिलाफ 264 रनों का पारी खेली थी। टीम इंडिया ने 5 विकेट पर 404 रन बनाए थे। इसमें उन्होंने 65.34 फीसदी रनों का योगदान दिया था।
जिम्बाब्वे की ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ उसकी धरती पर पहली जीत
जिम्बाब्वे ने सात विकेट पर 142 रन बनाकर जीत दर्ज की। टीम ने 66 गेंद शेष रहते ही लक्ष्य हासिल कर लिया। उसकी तरफ से कप्तान रेजिस चकाबवा ने सबसे ज्यादा 37 रन बनाए। वहीं तदिवानाशे मारुमनी ने 35 रन का योगदान दिया। यह जिम्बाब्वे की ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ उसकी धरती पर पहली जीत है। ऑस्ट्रेलिया की तरफ से जोश हेजलवुड नहीं तीन विकेट लिए।