Asian Games 2023 India’s Schedule 29th September: सरबजोत सिंह, अर्जुन सिंह चीमा और शिव नरवाल की पुरुष 10 मीटर एयर पिस्टल टीम ने गुरुवार 28 सितंबर 2023 को हांगझू एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक, जबकि वुशु खिलाड़ी नाओरेम रोशिबिना देवी ने रजत और घुड़सवार अनुष अग्रवाल ने कांसा जीतकर भारत को व्यक्तिगत ड्रेसेज स्पर्धा में पहला पदक दिलाया।
सरबजोत, चीमा और शिव नरवाल ने बेहद करीबी मुकाबले में चीन की टीम को पछाड़कर शीर्ष स्थान हासिल किया। शनिवार 30 सितंबर 2023 को अपना 22वां जन्मदिन मनाने जा रहे सरबजोत ने टीम स्वर्ण पदक के रूप में खुद को तोहफा दिया। निशानेबाजी की टीम स्पर्धा में यह भारत का तीसरा स्वर्ण पदक है। इससे पहले 10 मीटर एयर राइफल और महिलाओं की 25 मीटर पिस्टल स्पर्धा में भारत टीम स्वर्ण पदक जीत चुका है।
निशानेबाजी की ओवरऑल बात करें तो भारत ने चौथा स्वर्ण पदक जीता। भारतीय निशानेबाज मौजूदा खेलों में अब तक 4 स्वर्ण, 4 रजत और 5 कांस्य पदक जीत चुके हैं। भारत पदक तालिका में 6 स्वर्ण, 8 रजत और 11 कांस्य के साथ कुल 25 पदक जीतकर पांचवें स्थान पर पहुंच गया है।

भारतीय निशानेबाजी तिकड़ी ने क्वालिफिकेशन में कुल 1734 अंक जुटाए, जो चीन की टीम से एक अधिक रहे। सरबजोत ने क्वालिफिकेशन में 580, चीमा ने 578 और नरवाल ने 576 अंक बनाए। सरबजोत सिंह और अर्जुन सिंह चीमा ने व्यक्तिगत स्पर्धा के फाइनल में भी जगह बनाई, लेकिन पदक जीतने में नाकाम रहे। सरबजोत और चीमा 8 निशानेबाजों के फाइनल में क्रमश: चौथे और 8वें स्थान पर रहे। स्कीट मिश्रित टीम स्पर्धा में अनंत जीत सिंह नरुका और गनीमत सेखों की जोड़ी क्वालिफिकेशन में आठ टीम में 7वें स्थान पर रही और मेडल की रेस से पदक की दौड़ से बाहर हो गई।
एशियाई खेल 2023: रोशिबिना ने मणिपुर हिंसा पीड़ितों को समर्पित किया रजत पदक
नाओरेम रोशिबिना देवी ने महिला 60 किग्रा वुशु सांडा फाइनल में स्थानीय दावेदार वू शियाओवेई से 0-2 की शिकस्त के बाद रजत पदक हासिल किया। रोशिबिना ने 2018 में जकार्ता खेलों में कांस्य पदक जीता था। रोशिबिना ने यह पदक मणिपुर हिंसा पीड़ितों को समर्पित किया।
रोशिबिना का गृह राज्य मणिपुर इस साल मई से हिंसा से जूझ रहा है। रोशिबिना ने बुधवार को विश्व चैंपियनशिप की रजत और कांस्य पदक विजेता वियतनाम की थी थू थुइ एनगुएन को 2-0 से हराकर सिल्वर मेडल पक्का कर लिया था।
एशियाई खेल 2023: घुड़सवारी में अनुष अग्रवाल ने भारत को व्यक्तिगत स्पर्धा का पहला पदक दिलाया
घुड़सवारी में अनुष अग्रवाल एशियाड में भारत को पहला ऐतिहासिक व्यक्तिगत ड्रेसेज पदक दिलाया। ‘एट्रो’ पर घुड़सवारी कर रहे अनुष अग्रवाल ने 73.030 अंक जुटाए। इससे वह तीसरे स्थान पर रहे। इस तरह उन्होंने एशियाड में अपना दूसरा पदक हासिल किया। भारत ने 1951 से अब तक घुड़सवारी स्पर्धा में 13 एशियाड पदक जीते हैं। इसमें मंगलवार को हांगझू में जीता गया ड्रेसेज टीम स्वर्ण पदक भी शामिल हैं।
इससे पहले भारत ने ड्रेसेज में कभी भी व्यक्तिगत पदक नहीं जीता था। इस स्पर्धा में शामिल अन्य भारतीय हृदय विपुल छेड़ा पदक स्पर्धा तक नहीं पहुंच पाए, क्योंकि उनके घोड़े चेम्क्सप्रो एमराल्ड के बाएं पैर में खून निकलता दिखा।
एशियाई खेल 2023: भारत ने हॉकी में गत चैंपियन जापान को दी 4-2 से मात
हॉकी में युवा स्ट्राइकर अभिषेक के दो गोल की मदद से भारत ने गत चैंपियन को जापान को 4-2 से हराकर अपनी लगातार तीसरी जीत दर्ज कर सेमीफाइनल की तरफ मजबूत कदम बढ़ाए। भारत पूल ए के अपने अगले मैच में शनिवार को चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान का सामना करेगा।
अभिषेक (13वें, 48वें मिनट) ने दो मैदानी गोल किए। भारत की तरफ से अन्य गोल मंदीप सिंह (24वें) और अमित रोहिदास (34वें) ने किए। जापान ने अंतिम क्वार्टर के अंतिम 5 मिनट में वापसी की तथा जेनकी मितानी (57वें) और रयोसी काटो (60वें) के गोल की मदद से हार का अंतर कम किया।
एशियाई खेल 2023: भारतीय टेनिस के लिए अच्छा रहा गुरुवार का दिन
भारतीय टेनिस के लिए गुरुवार का दिन अच्छा साबित हुआ जिसमें रामकुमार रामनाथन और साकेत माइनेनी ने पुरुष युगल वर्ग के फाइनल में प्रवेश कर लिया जबकि रोहन बोपन्ना और रुतुजा भोसले ने मिक्स्ड डबल्स के सेमीफाइनल में पहुंचकर पदक पक्का कर लिया। बोपन्ना और भोसले ने मिक्स्ड डबल्स के क्वार्टर फाइनल में कजाखस्तान के झिबेक कुलाम्बाएवा और ग्रिगोरी लोमाकिन को 7-5, 6-3 से हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया।
43 वर्षीय बोपन्ना अपने अंतिम एशियाई खेलों में हिस्सा ले रहे हैं। इसमें वह पदक के बिना नहीं लौटेंगे। माइनेनी और रामकुमार की दूसरी वरीयता प्राप्त जोड़ी ने सेमीफाइनल में कोरिया के सियोंगचान होंग और सूनवू क्वोन की जोड़ी को 6-1, 6-7, 10-0 से हराकर स्वर्ण पदक मुकाबले में जगह बनाई। अब भारतीय टीम का सामना शुक्रवार को फाइनल में चीनी ताइपे की जोड़ी से होगा।
एशियाई खेलों में दूसरा पदक जीतेंगे माइनेनी
माइनेनी का यह दूसरा एशियाड पदक होगा। उन्होंने 2014 में सानिया मिर्जा के साथ मिलकर मिक्स्ड डबल्स का गोल्ड मेडल जीता था। रामकुमार के लिए यह पहला एशियाड पदक होगा। भारत ने पिछली बार जकार्ता में भी पुरुष युगल खिताब जीता था। तब रोहन बोपन्ना और दिविज शरण की जोड़ी ने फाइनल में जीत दर्ज की थी। इस बार बोपन्ना और युकी भांबरी की जोड़ी बाहर हो गई।
एशियाई खेल 2023: भारतीय महिला स्क्वाश टीम ने भी पक्के किए पदक
भारतीय पुरुष और महिला स्क्वाश टीम ने अपने वर्ग के सेमीफाइनल में पहुंचकर पदक पक्के किए। पुरुष टीम ने पूल के अंतिम मुकाबले में नेपाल को 3-0 से शिकस्त दी जबकि महिला टीम ने मलेशिया के खिलाफ अपने अंतिम पूल बी मैच में 0-3 की एकतरफा हार के बावजूद सेमीफाइनल में जगह बनाकर पदक पक्का किया। दोनों टीमों ने अपने अपने पूल में शीर्ष दो स्थान पर रहते हुए सेमीफाइनल में जगह बनाई और अपने पदक पक्के किए। स्क्वाश में सेमीफाइनल में हारने वालों को भी कांस्य पदक मिलता है।
एशियाई खेल 2023: सर्वश्रेष्ठ भारतीय समय निकालने के बाद भी 8वें स्थान पर रही तैराकी टीम
तैराकी में भारत की धिनिधी देसिंघू, शिवांगी शर्मा, वृत्ति अग्रवाल और हशिका रामचंद्र की महिला चार गुणा 200 मीटर फ्रीस्टाइल तैराकी रिले टीम ने दो बार ‘सर्वश्रेष्ठ भारतीय समय’ निकाला लेकिन इसके बावजूद वह 8वें स्थान पर रही। भारत की पुरुष चार गुणा 100 मीटर टीम में शामिल श्रीहरि नटराज, तनीष जॉर्ज मैथ्यू, अनिल कुमार और विशाल ग्रेवाल ने फाइनल में 3 मिनट 21.46 सेकेंड के समय से छठा स्थान हासिल किया।
विश्व चैंपियनशिप के कांस्य पदक विजेता मुक्केबाज दीपक भोरिया का अभियान निराशाजनक तरीके से समाप्त हुआ, जबकि निशांत देव और जैस्मीन लंबोरिया ने गुरुवार को क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया। राष्ट्रमंडल खेलों की कांस्य पदक विजेता जैस्मिन लंबोरिया ने महिला 60 किग्रा वर्ग में सऊदी अरब की हदील गजवान अशोर को आरएसी (रेफरी ने मुकाबला रोका) से हरा दिया।
एशियाई खेल 2023: निशांत ने 2 मिनट से भी कम समय में जीती अपनी बाउट
2023 विश्व चैंपियनशिप के कांस्य पदक विजेता निशांत (71 किग्रा) को राउंड 16 मुकाबले में वियतनाम के बुई फुओक टुंग को नॉकआउट करने में दो मिनट (पहले ही राउंड में) से भी कम समय लगा। दीपक (51 किग्रा) को 2021 बैंथमवेट विश्व चैंपियन जापान के तोमोया सुबोई से 1-4 से हार मिली।
एशियाई खेल 2023: फुटबॉल में सुनील छेत्री एंड कंपनी का खत्म हुआ अभियान
सुनील छेत्री की अगुआई वाली भारतीय फुटबॉल टीम को सऊदी अरब की मजबूत टीम से 0-2 से हार का सामना करना पड़ा जिससे एशियाड में टीम का अभियान खत्म हो गया। भारतीय पुरुष टीम ब्रिज प्रतियोगिता में गुरुवार को 86.40 अंक लेकर तीसरे स्थान पर पहुंच गई लेकिन महिला और मिश्रित टीम ने निराशाजनक प्रदर्शन किया।
एशियाई खेल 2023: मनिका बत्रा, शरत कमल और जी साथियान प्री क्वार्टर फाइनल में
भारत की स्टार टेबल टेनिस खिलाड़ी मनिका बत्रा, शरत कमल और जी साथियान ने एशियाई खेल 2023 की एकल टेबल टेनिस स्पर्धा के प्री क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया। महिला युगल में भारत ने बेहतर प्रदर्शन दिखाया जिसमें श्रीजा और दिया चिताले की जोड़ी के साथ सुतिर्था मुखर्जी और अयहिका मुखर्जी ने प्री क्वार्टर फाइनल में अपनी जगह पक्की की। पुरुष युगल में मानव ठक्कर और मानुष शाह ने राउंड 16 में प्रवेश किया।