Rohit Sharma’s Asia Cup Record As A Captain: रोहित शर्मा एशिया कप 2022 में जलवा बिखेरने को तैयार हैं। उन्होंने टीम के अन्य सदस्यों के साथ दुबई के आईसीसी अकादमी मैदान पर जमकर अभ्यास किया। रोहित शर्मा का बतौर कप्तान एशिया कप में बहुत शानदार रिकॉर्ड है। उन्होंने इस टूर्नामेंट में अब तक 5 मैच में टीम इंडिया की अगुआई की है।
इन 5 मुकाबलों में उन्होंने सभी में जीत हासिल की है और एक बार टीम को चैंपियन भी बनाया है। इन 5 मैचों में बतौर बल्लेबाज भी उनका प्रदर्शन काफी शानदार रहा है। उन्होंने इन 5 मुकाबलों में 105.67 के औसत से 317 रन बनाए हैं। इसमें उनका एक शतक और दो अर्धशतक भी शामिल हैं।
रोहित शर्मा एकमात्र भारतीय खिलाड़ी हैं, जिन्होंने टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में पाकिस्तान, श्रीलंका, बांग्लादेश, अफगानिस्तान और हॉन्गकॉन्ग के खिलाफ कुल 900 से ज्यादा रन बनाए हैं। वहीं, इस मामले में विराट कोहली भी उनसे ज्यादा पीछे नहीं हैं। विराट कोहली ने पाकिस्तान, अफगानिस्तान, श्रीलंका, बांग्लादेश और हॉन्गकॉन्ग के खिलाफ टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में कुल 829 रन हैं। ये रन उन्होंने 75.36 के औसत से बनाए हैं।
रोहित शर्मा टी20 पुरुष इंटरनेशनल में सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में दूसरे नंबर पर हैं। उन्होंने अब तक 132 मैच में 32.28 के औसत और 140.26 के स्ट्राइक रेट से 3487 रन बनाए हैं। इसमें उनके 4 शतक और 27 अर्धशतक शामिल हैं। रोहित शर्मा टी20 इंटरनेशनल में 4 शतक लगाने वाले दुनिया के इकलौते बल्लेबाज हैं।
इस मामले में पहले नंबर पर न्यूजीलैंड के मार्टिन गप्टिल हैं। गप्टिल ने 121 मैच में 31.79 के औसत और 135.80 के स्ट्राइक रेट से 3497 रन बनाए हैं। रोहित शर्मा यदि पाकिस्तान के खिलाफ 28 अगस्त 2022 को होने वाले मुकाबले में 11 रन बना लेते हैं, तो वह मार्टिन गप्टिल को पछाड़कर पहले नंबर पर पहुंच जाएंगे।
इस सूची में विराट कोहली तीसरे नंबर पर हैं। विराट कोहली ने अब तक 99 टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में 50.12 के औसत और 137.66 के स्ट्राइक रेट से 3308 रन बनाए हैं। इसमें उनके 30 अर्धशतक भी शामिल हैं। टी20 इंटरनेशनल में उनके नाम कोई शतक नहीं दर्ज है। इस फॉर्मेट में उनका उच्चतम स्कोर नाबाद 94 रन है।
टी20 इंटरनेशनल में अब तक सिर्फ 4 बल्लेबाज ही 3000 या उससे ज्यादा रन बना पाए हैं। इस सूची में गप्टिल, रोहित और कोहली के बाद आयरलैंड के पॉल स्टर्लिंग का नंबर है। पॉल स्टर्लिंग ने 114 मैच में 28.67 के औसत और 134.84 के स्ट्राइक रेट से 3011 रन बनाए हैं। इसमें उनके एक शतक और 20 अर्धशतक भी शामिल हैं।