Asia Cup (एशिया कप) 2023: सचिन तेंदुलकर ने अपने अंतरराष्ट्रीय करियर में कई रिकॉर्ड नाम किए। पूर्व भारतीय कप्तान एशिया कप (Asia Cup) में भी भारत की ओर से सबसे सफल बल्लेबाज हैं। पूर्व ओपनर ने महाद्वीपीय टूर्नामेंट के 6 सीजन में 900 से अधिक रन बनाए। एशिया कप 2012 में पाकिस्तान के खिलाफ अपना आखिरी वनडे खेलने के बाद मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर ने दिसंबर 2012 में एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय (ODI) क्रिकेट से संन्यास ले लिया था।
एशिया कप 2023 के सीजन में मौजूदा भारतीय कप्तान रोहित शर्मा सचिन तेंदुलकर के पांच रिकॉर्ड तोड़ सकते हैं। भारतीय कप्तान ने एशिया कप में काफी क्रिकेट खेला है और लगातार अच्छे प्रदर्शन किया है। उनकी शानदार बल्लेबाजी को देखते हुए यह कहा जा सकता है कि रोहित आने वाले टूर्नामेंट में इस दिग्गज से आगे निकल सकते हैं। यहां सचिन तेंदुलकर के 5 रिकॉर्ड हैं जिन्हें रोहित शर्मा टूर्नामेंट में तोड़ सकते हैं।
1. भारत के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड
सचिन तेंदुलकर 23 वनडे मैच की 21 पारियों में 85.47 के स्ट्राइक रेट से 971 रन बनाकर एशिया कप में भारत के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी हैं। ये संख्याएं उन्हें श्रीलंका के पूर्व खिलाड़ियों कुमारा संगकारा और सनथ जयसूर्या के बाद टूर्नामेंट में तीसरा सबसे अधिक रन बनाने वाला खिलाड़ी बनाती हैं। मौजूदा समय में रोहित शर्मा एशिया कप में भारत के लिए दूसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी हैं।
रोहित ने अब तक 22 मैच की 21 पारियों में 84.94 की स्ट्राइक रेट से 745 रन बनाए हैं। भारतीय कप्तान को एशिया कप में सचिन तेंदुलकर को पीछे छोड़ने के लिए एशिया कप 2023 में 227 रन बनाने की आवश्यकता है। रोहित ने एशिया कप 2018 में 5 मैच में 300 से अधिक रन बनाए थे। इस साल अगर वह वैसा ही प्रदर्शन करते हैं तो तेंदुलकर को पछाड़ना संभव है।
2. भारत के लिए सबसे ज्यादा अर्धशतक लगाने का कारनामा
श्रीलंका के पूर्व विकेटकीपर बल्लेबाज कुमारा संगकारा ने एशिया कप में सबसे ज्यादा 8 अर्धशतक लगाए हैं। उनके बाद 7 अर्धशतकों के साथ सचिन तेंदुलकर दूसरे स्थान पर हैं। सचिन तेंदुलकर ने 1990 के एशिया कप फाइनल में श्रीलंका के खिलाफ ईडन गार्डन में महाद्वीपीय टूर्नामेंट में अपना पहला अर्धशतक बनाया और भारत को खिताब जिताने में मदद की थी।
इस सीजन रोहित शर्मा को कुमार संगकारा और सचिन तेंदुलकर दोनों के अर्धशतकों के रिकॉर्ड को तोड़ने और एशिया कप में सबसे अधिक अर्धशतक लगाने वाला क्रिकटेर बनने का मौका मिलेगा। रोहित शर्मा एशिया कप में अब तक 6 अर्धशतक लगा चुके हैं।
3. टूर्नामेंट में भारत के लिए सबसे ज्यादा मैच खेलने का रिकॉर्ड
एशिया कप में सबसे ज्यादा 28 मैच खेलने का रिकॉर्ड श्रीलंका का प्रतिनिधित्व करते हुए महेला जयवर्धने के नाम है। भारत की ओर से यह रिकॉर्ड सचिन तेंदुलकर के नाम है। उन्होंने एशिया कप में 23 मैच खेले हैं। सचिन के बाद रोहित शर्मा 22 मैचों के साथ एशिया कप में दूसरे सबसे ज्यादा मैच खेलने वाले भारतीय हैं। रोहित ने 2008 में हॉन्गकॉन्ग के खिलाफ मैच से एशिया कप में पदार्पण किया। रोहित शर्मा तब से टूर्नामेंट के सभी सीजन में भारतीय टीम का हिस्सा रहे हैं।
एशिया कप 2023 में भारत कम से कम दो मैच खेलेगा। अगर रोहित दोनों मुकाबलों में उतरते हैं तो वह सचिन को पीछे छोड़ देंगे। रोहित क्रमशः 2010 और 2018 में भारत की एशिया कप जीत का हिस्सा रहे हैं। रोहित ने 2018 सीजन में अपनी कप्तानी और बल्लेबाजी से भारत को ट्रॉफी दिलाई थी। रोहित ने उस सीजन 5 मैच में 93.51 की स्ट्राइक रेट से 317 रन बनाए थे। वह प्रतियोगिता में दूसरे सबसे अधिक रन बनाने वाले खिलाड़ी रहे थे।
4. सचिन तेंदुलकर के 2 शतकों के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ना

सचिन तेंदुलकर ने शारजाह में श्रीलंका के खिलाफ अपना पहला एशिया कप शतक लगाया था। तेंदुलकर का दूसरा एशिया कप शतक 2012 में बांग्लादेश के खिलाफ आया था। एशिया कप 2023 में रोहित को भारत के लिए दूसरे सबसे अधिक शतक बनाने के सचिन के रिकॉर्ड को तोड़ने का मौका मिलेगा। रोहित शर्मा ने अब तक इस एशियाई टूर्नामेंट में एक शतक लगाया है। हालांकि, वह इस सीजन तेंदुलकर के दो शतकों के रिकॉर्ड को छोड़ सकते हैं। रोहित का शतक 2018 सीजन में पाकिस्तान के खिलाफ (119 गेंदों में नाबाद 111 रन) आया था।
5. एशिया कप में भारत के लिए सबसे ज्यादा औसत से रन बनाना
सचिन तेंदुलकर ने 1990 से 2012 तक एशिया कप में 23 वनडे खेले। इसकी 21 पारियों में 51.10 के औसत से 971 रन बनाए। इस औसत के साथ तेंदुलकर सिर्फ श्रीलंका के पूर्व सलामी बल्लेबाज सनत जयसूर्या से पीछे हैं। जयसूर्या का औसत 53.04 है। हालांकि, एशिया कप 2023 में रोहित शर्मा सचिन तेंदुलकर से आगे निकल सकते हैं।
रोहित शर्मा का अभी टूर्नामेंट में बल्लेबाजी औसत 46.56 का है। रोहित एशिया कप में सबसे ज्यादा औसत के मामले में अभी चौथे स्थान पर हैं। एक भारतीय के तौर पर वह मास्टर ब्लास्टर के बाद दूसरे नंबर पर हैं। एशिया कप 2018 में रोहित ने 93.51 के औसत से रन बनाए। वह टूर्नामेंट के टॉप स्कोरर रहे थे।