Asia Cup 2023: एशिया कप 2023 का आयोजन 31 अगस्त से किया जाएगा और इसका समापन 17 सितंबर को किया जाएगा। इस बार एशिया कप में कुल 6 टीमें हिस्सा ले रही हैं जो चैंपियन बनने के लिए एक-दूसरे से जोर आजमाइश करती हुई नजर आने वाले हैं। इन छह टीमों को तीन-तीन के ग्रुप में बांंटा गया है और इसे ज्यादा रोचक बनाने के लिए भारत व पाकिस्तान को एक ही ग्रुप में रखा गया है। ईएसपीएन क्रिकइंफो के मुताबिक भारत और पाकिस्तान के साथ इस ग्रुप में नेपाल को रखा गया है तो वहीं दूसरे ग्रुप में श्रीलंका, बांग्लादेश और अफगानिस्तान की टीमें हैं।
दोनों ग्रुप से दो-दो टीमें आगे की तरफ बढ़ेंगी और जाहिर है भारत-पाकिस्तान वाले ग्रुप से इन्हीं दोनों टीमों का आगे बढ़ना तय है क्योंकि नेपाल को दोनों टीमें आसानी से हराने में सफल हो जाएंगी। वहीं दूसरे ग्रुप में कुछ घमासान होने की उम्मीद है, लेकिन वो दो कौन की टीमें होंगी इसका फैसला ग्रुप मुकाबले के बाद ही हो पाएगा जो इस ग्रुप से आगे का रास्ता तय करेंगी। हालांकि श्रीलंका और बांग्लादेश के आगे बढ़ने की उम्मीद यहां पर ज्यादा लग रही है।
इस बार एशिया कप का आयोजन हाइब्रिड मॉडल के तहत किया जा रहा है और इसकी वजह से मेजबान पाकिस्तान के पास चार मैचों के अधिकार हैं जबकि अन्य 9 मुकाबले श्रीलंका में खेले जाएंगे। वहीं इस बार एशिया कप का आयोजन साल 2018 के बाद वनडे फॉर्मेट में किया जाएगा। साल 2018 में जब वनडे प्रारूप में इसका आयोजन किया गया था तब टीम इंडिया चैंपियन बनी थी, लेकिन इसके बाद साल 2022 में जब इसका आयोजन टी20 प्रारूप में किया गया था तब फाइनल मैच में भारत को श्रीलंका ने हरा दिया था और चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया था। भारतीय टीम ने अब तक सबसे ज्यादा सात बार एशिया कप खिताब जीता था।
एशिया कप 2023 के ग्रुप
ग्रुप – भारत, पाकिस्तान, नेपाल
ग्रुप – श्रीलंका, बांग्लादेश, अफगानिस्तान