Asia Cup 2022: एशिया कप 2022 के पहले मैच में अफगानिस्तान ने श्रीलंका को बुरी तरह से हरा दिया। पहले गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए श्रीलंका को 19.4 ओवर में 105 रनों पर ऑल आउट कर दिया। फिर बल्लेबाजों ने 106 रनों के लक्ष्य को 59 गेंद शेष रहते हासिल कर लिया। इस दौरान सिर्फ 2 विकेट गिरे। शायद ही किसी ने कल्पना की होगी कि श्रीलंका की ऐसी हालत अफगानिस्तान के खिलाफ हो सकती है, लेकिन मोहम्मद नबी की टीम ने ऐसा प्रदर्शन पहली बार नहीं किया।

अफगानिस्तान की टीम ने श्रीलंका को हरा दिया है और बांग्लादेश की टीम के खिलाफ भी उनका पलड़ा भारी होगा। यही नहीं भारत और पाकिस्तान को भी इनसे सतर्क रहना होगा। अगर टीम ग्रुप बी से अगले दौर में पहुंचती है तो दोनों टीमों से आमना – सामना होगा। बांग्लादेश और अफगानिस्तान के बीच अबतक 7 टी-20 मैच हुआ है। शाकिब – उल – हसन की अगुवाई वाली टीम ने 4 में जीत दर्ज की है। पाकिस्तान से दोनों ही मैच में हार का सामना करना पड़ा है। भारत से तीनों मैच में हार का सामना करना पड़ा है।

एशिया कप 2018 में अफगानिस्तान का प्रदर्शन

ये आंकड़े जरूर अफगानिस्तान को कमजोर दिखाते हैं, लेकिन एशिया कप 2018 में टीम ने सभी टीमों की हालत खराब कर दी थी। तब भी टूर्नामेंट यूएई में ही खेला गया था। टीम ने श्रीलंका को 91 और बांग्लादेश को 136 रनों से हराया था। पाकिस्तान के खिलाफ उसे 3 विकेट से हार का सामना कर पड़ा था। बांग्लादेश के खिलाफ सुपर-4 के मैच में उसे 3 रनों से हार का सामना करना पड़ा था। वहीं भारत से मुकाबला टाई रहा था।

2019 में भारत और पाकिस्तान को दी टक्कर

2019 वर्ल्ड कप में अफगानिस्तान ने भारत और पाकिस्तान को परेशान कर दिया था। टीम इंडिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में 8 विकेट पर 224 रन बनाए थे। अफगानिस्तान की टीम इस लक्ष्य के काफी करीब पहुंच गई थी। मोहम्मद शमी ने हैट्रिक लिया और टीम इंडिया को 11 रन से जीत मिल गई। वहीं पाकिस्तान की टीम को 227 रनों के लक्ष्य हासिल करने में 7 विकेट गिर गए और दो गेंद शेष रहते जीत मिली थी।