केंद्र सरकार के अनुच्छेद 370 को निष्प्रभावी करने के फैसले को वर्ल्ड मीडिया भले ही बहुत बड़ा कदम बता रही हो, लेकिन पड़ोसी मुल्क पाकिस्तान बौखला गया है। वहां के लोग सोशल मीडिया पर अपनी भड़ास निकाल रहे हैं। इसमें क्रिकेटर शाहिद अफरीदी भी शामिल हैं। हालांकि, भारतीय टीम के पूर्व क्रिकेटर और अब पूर्वी दिल्ली लोकसभा क्षेत्र से सांसद गौतम गंभीर ने उनको माकूल जवाब दिया है। अफरीदी ने मंगलवार रात ट्वीट कर कहा कि यूएन (संयुक्त राष्ट्र) क्यों सो रहा है? उनके ट्वीट के करीब 2 घंटे बाद गंभीर ने अफरीदी को रिट्वीट किया। गंभीर ने लिखा कि चिंता न कर बेटे, पीओके का मुद्दा भी जल्द सुलझा लेंगे।

क्या लिखा था अफरीदी ने ट्वीट में
अफरीदी ने अपने ट्वीट लिखा था, ‘कश्मीरियों को यूएन के प्रस्ताव के आधार पर उनके अधिकार दिए जाने चाहिए। हम सभी की तरह उन्हें भी आजादी का अधिकार है। यूएन का गठन क्यों किया गया है और वह क्यों सो रहा है? कश्मीर में जो लगातार अकारण मानवता विरोधी आक्रमण हो रहे हैं। उस पर ध्यान दिया जाना चाहिए।’ अफरीदी ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को भी टैग किया। अफरीदी ने लिखा, डोनाल्ड ट्रंप को इस मामले में जरूरी मध्यस्थ की भूमिका अदा करनी चाहिए।’

गंभीर ने यह दिया जवाब
इस पर गंभीर ने रिट्वीट किया, ‘शाहिद अफरीदी एक बार फिर हाजिर हैं। ‘अकारण आक्रमण’ ‘मानवता के खिलाफ अपराध’ हैं। यह बिल्कुल सही कह रहे हैं, लेकिन यह बताना भूल गए कि यह सब पाकिस्तान ऑक्यूपाइड कश्मीर (पीओके) में हो रहा है। चिंता मत करो, हम इसका भी हल निकालेंगे बेटा!!!’

 

बता दें, अफरीदी पहले भी कश्मीर को लेकर विवादित बयान देते रहे हैं। वह कश्मीर को कभी पाकिस्तान का हिस्सा बताते हैं, तो कभी कश्मीर को आजाद करने की वकालत करते हैं। अफरीदी ने एक बार ट्वीट कर कहा था, ‘पाकिस्तान को कश्मीर नहीं चाहिए। वह तो अपने चार राज्यों को ही नहीं संभाल पा रहा है। हालांकि, इस सबसे ऊपर मानवता है।’