Rohit Sharma Records: अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में जब छक्के लगाने की बात आती है तो सबसे पहला नाम वेस्टइंडीज के पूर्व कप्तान क्रिस गेल का आता है। दुनिया उन्हें यूनिवर्स बॉस, गेल फोर्स, गेल स्टोर्म और मास्टर स्टोर्म जैसे उपनामों से पुकारती है। हालांकि, आंकड़ों पर नजर डालें तो सिक्सर किंग की उपाधि रोहित शर्मा को दी जाएगी।

अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे ज्यादा छक्के लगाने का रिकॉर्ड भले ही क्रिस गेल के नाम हो, लेकिन हर मैच में औसतन 6 मारने के मामले में उनका नंबर रोहित शर्मा के बाद ही आएगा। आइए इस कहानी को जानें आंकड़े की जुबानी।

गेल ने 1999 से अब तक 462 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले हैं। इसकी 530 पारियों में उन्होंने 534 छक्के लगाए हैं। वे सबसे ज्यादा छक्के लगाने वालों की सूची में पहले नंबर पर हैं। यानी उन्होंने हर मैच में औसतन 1.15 छक्के लगाए हैं। यदि पारियों की बात करें तो यह आंकड़ा एक छक्के पर टिक जाता है।

सबसे ज्यादा छक्के लगाने के मामले में दूसरे नंबर पर पाकिस्तान के शाहिद अफरीदी का नाम है। अफरीदी ने 524 मैचों की 508 पारियों में 476 छक्के लगाए हैं। इस हिसाब से अफरीदी ने हर मैच में 0.90 और हर पारी में औसतन 0.94 छक्के लगाए हैं।

रोहित शर्मा इस सूची में तीसरे नंबर पर हैं। उन्होंने 2007 से अब तक 364 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले हैं। इसकी 370 पारियों में उन्होंने 423 छक्के लगाए हैं। इसका मतलब है रोहित ने प्रति मैच 1.16 छक्के लगाए हैं।

यदि पारियों की बात करें तो वे गेल से बहुत आगे हैं, क्योंकि उन्होंने हर पारी में औसतन 1.14 छक्के लगाए हैं। रोहित इस हिसाब से रोहित यदि गेल के बराबर पारियां खेलते हैं तो उनके छक्कों की संख्या 605 या 606 हो जाएगी।

इस सूची में रोहित के बाद न्यूजीलैंड के ब्रेंडन मैकुलम का नंबर है। उन्होंने 432 मैचों की 474 पारियों में 398 छक्के लगाए हैं। पांचवें नंबर पर भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी हैं। धोनी ने 538 मैचों की 526 पारियों में 359 छक्के लगाए हैं।

श्रीलंका के सनत जयसूर्या (586 मैच, 651 पारी, 352 छक्के), दक्षिण अफ्रीका के एबी डिविलियर्स (420 मैच, 484 पारी, 328 छक्के), इंग्लैंड के कप्तान इयोन मॉर्गन (341 मैच, 330 पारी, 322 छक्के), न्यूजीलैंड के मार्टिन गप्टिल (318 मैच, 354 पारी, 318 छक्के) और उनके हमवतन रॉस टेलर (433 मैच, 486 पारी, 269 छक्के) क्रमशः छठे, सातवें, आठवें, 9वें और 10वें नंबर पर हैं।