भारतीय टेस्ट टीम से दो साल से ज्यादा से बाहर चल रहे अजिंक्य रहाणे ने एक बार फिर से अपनी दावेदारी टीम इंडिया में वापसी के लिए ठोक दी है। उन्होंने रणजी ट्रॉफी 2025 के पहले राउंड के दूसरे मुकाबले में मुंबई की टीम को मुश्किल से बाहर निकाला। उन्होंने टीम को उस वक्त संभाला जब छत्तीसगढ़ के खिलाफ 38 रन पर उसके तीन विकेट गिर गए थे। उन्होंने सिद्धेश लाड के साथ मिलकर चौथे विकेट के लिए 165 रनों की साझेदारी की। रहाणे ने आउट होने से पहले 303 गेंद की अपनी पारी में 159 रन बनाए।
अजिंक्य रहाणे ने इस पारी में अपना 42वां फर्स्ट क्लास शतक जड़ा। उन्होंने 159 रन बनाए और मुंबई की टीम को अच्छी स्थिति में पहुंचा दिया। इसी के साथ फिर से यह अटकलें लगने लगीं कि क्या 37 वर्षीय इस खिलाड़ी की भारतीय टेस्ट टीम में वापसी हो सकती है। रहाणे ने भारत के लिए आखिरी टेस्ट मैच जुलाई 2023 में खेला था। अगर वह लगातार दो, तीन पारियों में अपना यह प्रदर्शन बरकरार रखते हैं तो निश्चित ही आगे चलकर विचार किया जा सकता है कि उनको एक और मौका मिले।
क्या है टीम इंडिया की सबसे बड़ी टेंशन?
चेतेश्वर पुजारा के बाद से भारतीय टीम को नंबर 3 पर कोई भी अच्छा विकल्प नहीं मिल पाया है। इस पोजीशन पर पुजारा के बाद गिल, केएल राहुल, साई सुदरर्शन, करुण नायर समेत कई बल्लेबाजों को ट्राई किया गया। मगर किसी ने भी बहुत ज्यादा प्रभावित नहीं किया। फिलहाल साई पर कप्तान गिल और कोच गंभीर भरोसा जता रहे हैं। लेकिन उनके बल्ले से भी लंबी पारियां 9 इनिंग्स के बाद नहीं आई हैं। ऐसे में अगर रहाणे का अच्छा परफॉर्मेंस जारी रहता है तो उनको एक बार फिर से मौका देने पर विचार-विमर्श हो सकता है।
रहाणे के आंकड़े हैं इस बात के गवाह…
वहीं रहाणे अगर टीम में लौटे तो इस दुविधा का हल उनसे अच्छा कोई नहीं हो सकता है। रहाणे के पास भारत के लिए 5000 से ज्यादा टेस्ट रन बनाने का अनुभव है। वह 85 टेस्ट मैच अभी तक खेल चुके हैं जिसमें 12 शतक और 26 अर्धशतक शामिल हैं। उन्होंने अपने करियर में ज्यादातर मैचों में बल्लेबाजी 5वें नंबर पर की है। लेकिन नंबर 3 और 4 पर भी वह खेल चुके हैं। उन्होंने दोनों पोजीशन पर एक-एक शतक भी लगाया है। नंबर 3 पर खेलते हुए रहाणे ने 5 पारियों में 30 से ऊपर की औसत से रन बनाए हैं और शतक भी शामिल है।
