विराट कोहली इंस्टाग्राम पर प्रति पोस्ट करीब 11.47 करोड़ रुपये कमाते हैं। विराट कोहली इंस्टाग्राम से सबसे ज्यादा कमाई करने वाली हस्तियों में शीर्ष-20 में शामिल एकमात्र क्रिकेटर हैं। सोशल मीडिया मार्केटिंग सॉल्यूशंस प्लेटफॉर्म हॉपर HQ के अनुसार, विराट कोहली इंस्टाग्राम पर तीसरे सबसे अमीर एथलीट हैं। विराट कोहली टॉप-25 में शामिल एकमात्र भारतीय हस्ती हैं।

साल 2023 इंस्टाग्राम रिच लिस्ट के अनुसार, विराट कोहली प्रति पोस्ट 1384000 डॉलर (करीब 11.47 करोड़ रुपये) से अधिक कमाते हैं। भारतीय क्रिकेट स्टार के इंस्टाग्राम फॉलोअर्स की संख्या 256384210 है। उनकी इंस्टाग्राम टाइमलाइन पर एक नजर डालने से पता चलता है कि उनकी पोस्ट कितनी जल्दी वायरल हो जाती है।

इंस्टाग्राम पर कमाई में क्रिस्टियानो रोनाल्डो शीर्ष पर

इस सूची में क्रिस्टियानो रोनाल्डो शीर्ष पर हैं। अर्जेंटीना को फीफा विश्व कप विजेता बनाने वाले लियोनेल मेसी दूसरे नंबर पर हैं। हॉपर एचक्यू के अनुसार, अल-नस्र के क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने 3234000 डॉलर (करीब 26.78 करोड़ रुपये) की कमाई की, लियोनेल मेसी ने प्रति इंस्टाग्राम पोस्ट 2597000 डॉलर (करीब 21.50 करोड़ रुपये) चार्ज किया।

विराट कोहली की कुल संपत्ति 1,000 करोड़ से अधिक

विराट कोहली (Virat Kohli) के इंस्टाग्राम पोस्ट उनके वर्कआउट, ट्रैवल्स तथा पत्नी और एक्ट्रेस अनुष्का शर्मा के साथ जीवनशैली का अंश दर्शाते हैं। अभिनेत्री अनुष्का शर्मा के फॉलोअर्स की संख्या भी 64.5 मिलियन है। स्पोर्टिको की हालिया सूची में, विराट कोहली को दुनिया के शीर्ष 100 सबसे अधिक Paid एथलीट्स में शामिल किया गया था। अनुमान लगाया गया था कि उनकी कुल संपत्ति 1,000 करोड़ रुपये से अधिक है।

Insta रिच लिस्ट में प्रियंका चोपड़ा दूसरी भारतीय हस्ती

सूची में जगह बनाने वाली एकमात्र अन्य भारतीय हस्ती प्रियंका चोपड़ा हैं। प्रियंका चोपड़ा 29वें स्थान पर हैं। प्रियंका चोपड़ा के फॉलोअर्स की संख्या 88813521 है। वह प्रति पोस्ट 532000 डॉलर या 4.40 करोड़ रुपये लेती हैं। लंदन में 22 अगस्त 1995 को जन्मीं गायिका-गीतकार दुआ लीपा 28वें नंबर पर हैं। वह भी प्रति पोस्ट इतनी ही फीस लेती हैं।

रियाज अली ने भी बनाई सूची में जगह

भारतीय इन्फ्लुएंसर रियाज अली ने भी सूची में जगह बनाई है। वह 2023 इंस्टाग्राम रिच लिस्ट में शामिल होने वाले तीसरे भारतीय हैं। 77वें स्थान पर मौजूद रियाज अली के इंस्टाग्राम पर 27969911 फॉलोअर्स हैं। हॉपर एचक्यू के मुताबिक, रियाज अली इंस्टाग्राम पर प्रति पोस्ट 114,000 डॉलर (करीब 94.42 लाख रुपये) लेते हैं।

2023 Instagram Rich List | Riyaz Aly | Indian Influencer |
रियाज अली को इंस्टाग्राम पर नेहा कक्कड़ और जैकलीन फर्नांडीज जैसी हस्तियां भी फॉलो करती हैं। (सोर्स- इंस्टाग्राम/@riyaz.14)

2023 इंस्टाग्राम रिच लिस्ट के टॉप-30 में सेलेना गोमेज, काइली जेनर, ड्वेन जॉनसन, एरियाना ग्रांडे, किम कार्दशियन, बेयॉन्से, कोले कार्दशियन, जस्टिन बीबर, केंडल जेनर, टेलर स्विफ्ट, जेनिफर लोपेज, निकी मिनाज, कर्टनी कार्दशियन, माइली साइरस, कैटी पेरी, नेमार जूनियर, केविन हार्ट, कार्डी बी, डेमी लोवाटो, रिहाना, बिली इलिश और किलियन एमबाप्पे जैसे नाम भी शामिल हैं।