देश आज आजादी का महोत्सव मना रहा है। पूरे देश में आज भारतीय तिरंगे की चमक हर तरफ देखने को मिल रही है। हर कोई देशवासियों को आजादी के 75वें महोत्सव पर बधाइयां दे रहा है। इसी कड़ी में भारतीय खेल जगत के सितारों ने भी देश के नाम अलग-अलग संदेश अपने सोशल मीडिया पर लिखे हैं।

भारत के कई पूर्व क्रिकेटर्स ने अपने-अपने ट्विटर अकाउंट पर देश के नाम 75वें स्वतंत्रता दिवस पर संदेश लिखे हैं। वहीं भारतीय टेनिस स्टार सानिया मिर्जा ने भी देश के नाम संदेश लिखा है।

सानिया मिर्जा ने ट्वीट करते हुए लिखा कि,’स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं। जब भी मैंने देश के लिए खेला और देश का प्रतिनिधित्व किया वो मेरे लिए गर्व का लम्हा था।’


क्रिकेट के भगवान कहे जाने वाले सचिन तेंदुलकर ने भी लिखा कि,’भारत हमेशा सर आँखों पर! मैंने हमेशा अपने हेलमेट पर भारतीय तिरंगे को लगा रखा जिसने मुझे हर पल याद दिलाया कि मैं मैदान पर क्यों आया हूं। दुनियाभर में मौजूद भारतीयों को 75वें स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं।’


भारत के पूर्व क्रिकेटर गौतम गंभीर और बीजेपी सांसद गौतम गंभीर ने भी देश के नाम एक महत्वपूर्ण संदेश लिखते हुए ट्वीट किया,’आज़ादी किसी एक की बदौलत नहीं, सैकड़ों शहीदों की दौलत है! इसे संभाल कर रखना!’


वहीं टर्बनेटर नाम से मशहूर भारतीय ऑफ स्पिनर हरभजन सिंह ने लिखा कि,’स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं, देश के खातिर, इस तिरंगे को सदैव ऊचा रखने की खातिर, देश की आजादी के लिए और देश की आजादी बनाए रखने के लिए जिन लोगों ने अपने प्राणों की आहुति दी है उनको सत सत नमन! जय हिन्द, भारत माता की जय।’


इसके अलावा भारतीय दिग्गज वीवीएस लक्ष्मण, मोहम्मद कैफ और वसीम जाफर सहित कई खिलाड़ियों ने देश के सबसे बड़े और महत्वपूर्ण दिवस पर सभी को शुभकामनाएं दी। जाफर ने इस बीच एक सुंदर तस्वीर शेयर की जिसमें आसमान केसरी, स्टेडियम सफेद और मैदान हरे रंग में भारतीय तिरंगे को पूरा कर रहा है।

आज देशभर में 75वें स्वतंत्रता दिवस की धूम है। पूरा देश आज राष्ट्रभक्ति के रस में डूबा हुआ है। इसी बीच हमारे खेल जगत से आईं इन बधाइयों ने भी देश के नाम आ रहे लाखों-करोड़ों संदेशों में अपना नाम भी दर्ज करवाया है।