भारतीय क्रिकेटर और इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2022 में दिल्ली कैपिटल्स का हिस्सा 22 साल के पृथ्वी शॉ ने मुंबई के बांद्रा इलाके में अपना घर खरीदा है। उनके घर की कीमत 10.5 करोड़ रुपए है। इकॉनॉमिक टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, पृथ्वी शॉ का घर बांद्रा की एक पॉश सोसाइटी में 8वें फ्लोर पर है। उनके घर का कॉरपेरेट एरिया 2209 वर्ग फीट है। उनके घर में 1,654 वर्ग फुट की टैरेस (छत) भी है। पृथ्वी शॉ को अपने नए घर के साथ तीन कारें खड़ी करने की जगह भी मिली है।
खबर के मुताबिक, 22 साल के क्रिकेटर पृथ्वी शॉ ने पिरामिड डेवलपर्स और अल्ट्रा लाइफस्पेस से घर खरीदा है। पिरामिड डेवलपर्स और अल्ट्रा लाइफस्पेस इस प्रोजेक्ट के डेवलपर्स भी हैं। पृथ्वी शॉ ने इस घर के लिए 31 मार्च 2022 को 52.50 लाख रुपए की स्टांप ड्यूटी अदा की थी। पिछले महीने यानी 28 अप्रैल 2022 को यह घर पृथ्वी शॉ के नाम हो गया।
खबर के मुताबिक, पृथ्वी शॉ के अपार्टमेंट का लेन-देन रेडी रेकनर और महाराष्ट्र सरकार द्वारा स्टांप शुल्क की दरों में बढ़ोतरी से ठीक पहले किया गया था। महाराष्ट्र सरकार ने एक अप्रैल से प्रदेश में संपत्तियों के लिए रेडी रेकनर दरों में औसतन 5% की वृद्धि की घोषणा की है। संशोधित रेडी रेकनर दरों के अनुसार, उच्चतम वृद्धि ठाणे नगरपालिका सीमा में औसतन 9.48% होगी, जबकि ग्रेटर मुंबई में दरों में 2.34% की वृद्धि हुई। इसके अलावा, सरकार ने मुंबई में स्टांप ड्यूटी पर 1% मेट्रो सेस भी लागू किया है। इससे संपत्ति अधिग्रहण की लागत बढ़ गई है।
पृथ्वी शॉ फरवरी 2018 में अंडर-19 क्रिकेट विश्व कप विजेता भारतीय टीम के कप्तान थे। उसी साल इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) की नीलामी में, उन्हें दिल्ली डेयरडेविल्स (अब दिल्ली कैपिटल्स) ने 1.2 करोड़ रुपए में खरीदा था। वर्तमान में, वह आईपीएल 2022 में दिल्ली कैपिटल्स और घरेलू क्रिकेट में मुंबई के लिए खेलते हैं।
आईपीएल 2022 मेगा ऑक्शन से पहले दिल्ली कैपिटल्स ने पृथ्वी शॉ को 7.5 करोड़ रुपए में रिटेन किया था। पृथ्वी शॉ ने आईपीएल 2022 में अब तक 9 मैच खेले हैं। इसमें उन्होंने 28.78 के औसत और 159.87 के स्ट्राइक रेट से 259 रन बनाए हैं। इसमें उनके 2 पचासे भी शामिल हैं।
पृथ्वी शॉ ने अब तक 5 टेस्ट, 6 वनडे इंटरनेशनल और एक टी20 इंटरनेशनल मैच खेले हैं। इसमें उन्होंने क्रमशः 339, 189 और शून्य रन बनाए हैं। टेस्ट में उनके नाम एक शतक भी है, जो उन्होंने अपने डेब्यू टेस्ट मैच में बनाया था।