अमेरिका के फ्लोरिडा से एक चौंकाने वाला वीडियो सामने आया है। वीडियो बीते मंगलवार का है। जिसमें एक शख्स एक बस स्टॉप से ​​एक 11 वर्षीय लड़की का अपहरण करने की कोशिश करता दिख रहा है। ये वीडियो अब वायरल हो रहा है।वीडियो में देखा जा सकता है कि जैसे ही वह व्यक्ति, जो हाथ में चाकू लिए था, लड़की के पास आता है, लड़की भागने की कोशिश करती है। लेकिन वह आदमी उसे पकड़ लेता है, और उसे वापस अपनी गाड़ी में ले जाता है।

गाड़ी में ले जाते हुए शख्स और लड़की दोनों जमीन पर गिर जाते हैं। यहां लड़की की हिम्मत की तारीफ करनी पड़ेगी जब वह उस व्यक्ति से डरी नहीं और लड़ने लगी और खुद को उसके चंगुल से छुड़ा लिया।  वीडियो में दिख रहा है कि लड़की खुद को छुड़ा लेती है और भाग जाती है। जबकि आदमी अपनी एसयूवी में वापस चला जाता है और भाग जाता है। पुलिस ने घटना का वीडियो जारी करने के बाद उस व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी की गाड़ी की पहचान की और आम लोगों से पूछताछ कर आरोपी को पकड़ा। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तारी के समय, 30 वर्षीय संदिग्ध ने वही कपड़े पहने थे जो उसने घटना के दौरान पहने थे।


अधिकारियों ने कहा कि संदिग्ध पर चाकू से हमला करने के साथ अपहरण के प्रयास का आरोप लगाया जाएगा। कथित तौर पर उसका एक व्यापक आपराधिक इतिहास है, जिसमें एक बच्चे के साथ यौन अपराध भी शामिल है।

अधिकारियों ने यह भी कहा कि वे इस समय उसकी पहचान छिपाएंगे। बहादुरी दिखाने वाली लड़की ठीक है और अपने परिवार के साथ है। संदिग्ध ने कथित तौर पर दो हफ्ते पहले भी इस तरह की कोशिश की थी, जिसके बारे में लड़की ने अपने माता-पिता को बताया था।

एक फेसबुक यूजर केटी रे ने कहा कि अपहरण की कोशिश की घटना “गंभीर रूप से भयानक थी!” उन्होंने लिखा, “भगवान का शुक्र है कि लड़की ने ध्यान दिया और लड़ाई लड़ी। मैं प्रार्थना करती हूं कि यह शख्स पकड़ा जाए और न्याय मिले। जागरूकता लाने के लिए शेयर करने के लिए धन्यवाद। हम कभी नहीं सोचते कि यह हम में से किसी के साथ हो सकता है और हमारा जीवन कितनी जल्दी बदल सकता है सेकंड की बात है। यह वास्तव में आपको सोचने पर मजबूर करता है! मेरे बच्चों के घर आने पर उन्हें दिखाऊंगी।”