कुख्यात आतंकवादी हाफिज सईद पाकिस्तान में खुलेआम घूमता है। इस बीच अब उसके बेटे ने राजनीति में आने का फैसला किया है। हाफिज सईद के बेटे तल्हा सईद ने पाकिस्तान में होने वाले आम चुनाव को लड़ने का फैसला किया है। तल्हा सईद पाकिस्तान की अल्लाह हू अकबर तहरीक पार्टी से चुनाव लड़ेगा और उसने इसके लिए तैयारी भी शुरू कर दी है।

हालांकि यह पहली बार नहीं है जब हाफिज सईद का बेटा पाकिस्तान में आम चुनाव लड़ने जा रहा है। साल 2018 में भी उसने आम चुनाव लड़ा था। 2018 के चुनाव में उसने अपने पिता के शहर सरगोधा से चुनाव लड़ा था और उसमे उसकी हार हुई थी। हाफिज सईद के बेटे को 11,000 वोटों से हार का सामना करना पड़ा था।

हाफिज सईद का सिर्फ बेटा ही नहीं बल्कि उसका दामाद भी राजनीति में है। हाफिज सईद के दामाद ने भी 2018 का आम चुनाव लड़ा था और उसे भी हार का सामना करना पड़ा था। हाफिज सईद भारत का मोस्ट वांटेड आतंकवादी है और 2008 में हुए मुंबई हमले का मास्टरमाइंड है। अभी हाफिज सईद पाकिस्तान की जेल में बंद है।

हाफिज सईद का बेटा भी भारत विरोधी गतिविधियों में लिप्त रहता है। भारत सरकार ने हाफिज सईद के बेटे तल्हा सईद को भी आतंकवादी घोषित किया है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार हाफिज के जेल जाने के बाद उसका बेटा तल्हा सईद ही लश्कर ए तैयबा का पूरा कामकाज देख रहा है। तल्हा सईद पर आरोप है कि वह आतंकी संगठनों को फंडिंग भी करता है। तल्हा सईद को पिछले साल ही वैश्विक आतंकवादी घोषित किया गया था। अमेरिका ने भी तल्हा सईद को ब्लैकलिस्ट किया है।

पाकिस्तान में पिछले कुछ महीनों से एक अज्ञात व्यक्ति ने कोहराम मचाया हुआ है और एक-एक कर भारत के दुश्मनों का खात्मा भी कर रहा है। कुछ समय पहले खबर आई थी कि हाफिज सईद के बेटे तल्हा सईद का भी अपहरण कर लिया गया है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार उसका अपहरण पेशावर शहर से किया गया था। इसके बाद पाकिस्तान में रह रहे आतंकियों की नींद उड़ गई थी। हालांकि अब हाफिज का बेटा बाहर है और चुनाव की तैयारी कर रहा है।