आतंकवादियों के लिए चीन का प्यार एक बार फिर से जगजाहिर हुआ है। दरअसल चीन ने उस प्रस्ताव पर अड़ंगा लगा दिया, जिसमें आतंकी साजिद मीर को ग्लोबल टेरेरिस्ट (Global Terrorist) घोषित करने की मांग की गई थी। इसके बाद भारत ने यूएन में ही चीन को बेनकाब कर दिया। भारत ने आतंकवादी साजिद मीर की एक ऑडियो क्लिप यूएन में ही चला दी, जिसे सभी ने सुना।
भारत ने UN में चलाई साजिद मीर की ऑडियो क्लिप
संयुक्त राष्ट्र में भारत ने जो ऑडियो क्लिप सुनाई है, उसमें आतंकी साजिद मीर अपने साथी दूसरे आतंकी से गोली चलाने की बात कहते हुए सुना जा सकता है। इस ऑडियो क्लिप में आतंकवादी साजिद मीर मुंबई हमले के आतंकवादियों से कहता हुआ सुनाई दे रहा है कि कोई भी विदेशी व्यक्ति जिंदा बचकर ना जा पाए, सभी विदेशियों को मार दो। साजिद मीर जब अपनी बात खत्म करता है तो दूसरा आतंकी फोन पर बोलता है… इंशाअल्लाह।
अमेरिका ने रखा है 50 लाख डॉलर का इनाम
आतंकवादी साजिद मीर (Terrorist Sajid Mir) मुंबई हमले में शामिल भारत के मोस्ट वांटेड आतंकियों की लिस्ट में शामिल है। मुंबई हमले में उसकी भूमिका को देखते हुए अमेरिका ने भी उसके ऊपर पर 50 लाख डॉलर (करीब 41 करोड़ रुपये) का इनाम रखा है। यानी भारत और अमेरिका दोनों ही देशों ने आतंकवादी साजिद मीर को आतंकी घोषित किया हुआ है। लेकिन चीन और पाकिस्तान अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहे है।
हैरानी की बात यह है कि साजिद मीर को पाकिस्तान ने 7 साल पहले 2016 में मरा हुआ घोषित कर दिया था, लेकिन पिछले साल यानी जून 2022 में पाकिस्तान की एक आतंक रोधी अदालत ने साजिद मीर को टेरर फंडिंग मामले में 15 साल कैद की सजा सुनाई थी। इसके बाद हर कोई हैरान रह गया था क्योंकि पाकिस्तान की ही सरकार ने उसे 7 साल पहले मरा हुआ घोषित किया था।
साजिद मीर था मुंबई हमले में शामिल आतंकियों का हैंडलर
बताया जाता है कि 2008 में हुए मुंबई हमलों में शामिल आतंकी, साजिद मीर से ही कांटेक्ट रखते थे और वही आतंकियों का हैंडलर था। उसके बाद से भारत लगातार प्रयास कर रहा है कि इसे ग्लोबल आतंकवादी घोषित किया जाए, लेकिन चीन बार-बार इस पर अड़ंगा लगा देता है। इसके पहले 2022 अक्टूबर महीने में भी साजिद मीर की एक ऑडियो क्लिप भारत ने संयुक्त राष्ट्र सभा में चलाई थी, लेकिन उस दौरान भी चीन अपनी हरकतों से बाज नहीं आया था और प्रस्ताव पर अड़ंगा लगा दिया था।