संयुक्त राष्ट्र आतंकवाद विरोधी बैठक में भारत ने शुक्रवार (28 अक्टूबर) को आतंकवादी साजिद मीर के ऑडियो टेप को चलाकर 26/11 के मुंबई आतंकवादी हमले में पाकिस्तान की भूमिका का खुलासा किया। ऑडियो क्लिप में उन्हें मुंबई 26/11 के आतंकी हमलों के दौरान चबाड हाउस पर हमले का निर्देश देते हुए सुना जा सकता है। भारत ने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद ये ऑडियो क्लिप चलाकर पाकिस्तान के खिलाफ निर्विवाद सबूत पेश किए। क्लिप को खुफिया ब्यूरो के एक वरिष्ठ अधिकारी, पंकज ठाकुर ने ताज महल पैलेस में संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (UNSC) और काउंटर-टेररिज्म कमेटी (CTC) की बैठक में चलाया था।

इस टेप ने साजिद मीर को पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर के मुजफ्फराबाद से आतंकवादियों को कमांड देने का खुलासा किया, जहां वह उन आतंकवादियों को निर्देश दे रहा है जो मुंबई 26/11 के आतंकवादी हमलों के दौरान चबाड हाउस में थे। ठाकुर ने यह खुलासा 15 से अधिक देशों के कई विदेश मंत्रियों और राजनयिकों की मौजूदगी में किया।

मुंबई टेरर अटैक के हमलों के वांछितों में से एक साजिद मीर

साजिद मीर विशेष रूप से, भारत के सबसे मोस्ट वांटेड आतंकवादियों में से एक है जो साल 2008 के मुंबई हमलों में शामिल था। पाकिस्तान स्थित विदेशी आतंकवादी संगठन लश्कर-ए-तैयबा के प्रशिक्षित दस हमलावरों ने मुंबई को ताज होटल सहित कई जगहों को टारगेट कर हमला किया था। इस हमले में लगभग 170 लोग मारे गए थे। तीन दिवसीय हमलों के दौरान छह अमेरिकी मारे गए थे। साजिद मीर इन हमलों का मुख्य प्लानर था। हमले से पहले उसने पहले पूरी मुंबई की रेकी की थी और हमलों के दौरान पाकिस्तान स्थित हमले को कमांड देकर नियंत्रित करने वालों में से एक था।

लगातार आतंकियों को बचा रहा है चीन

इस बीच चीन ने हाल के महीनों में कई पाकिस्तानी आतंकवादियों को अंतरराष्ट्रीय आतंकी घोषित करने की रहा में अड़ंगे लगाए। बीजिंग ने इस महीने लश्कर-ए-तैयबा (एलईटी) के प्रमुख हाफिज सईद के बेटे तल्हा सईद को अंतरराष्ट्रीय आतंकी घोषित करने के प्रस्ताव पर रोक लगा दी थी। इस महीने एक बार फिर भारत और अमेरिका ने मिलकर लश्कर-ए-तैयबा के आतंकी शाहिद महमूद को लेकर अंतरराष्ट्रीय आतंकी घोषित करने की मांग की थी तो चीन ने एक बार फिर अपनी बीटो पॉवर दिखाते हुए ऐसा नहीं होने दिया।