ब्रेड बचपन से ही हमारे नाश्ते का हिस्सा रही है। कभी जेम के साथ तो कभी ब्रेड बटर, लोग अलग-अलग तरह से इसे खाना पसंद करते हैं। वहीं, आजकल तो भाजी के साथ भी ब्रेड खाने का चलन बढ़ता जा रहा है। इसी कड़ी में बाजार में भी ब्रेड की अलग-अलग वैरायटी देखने को मिलने लगी हैं। इनमें मल्टीग्रेन ब्रेड, होलव्हीट ब्रेड और व्हाइट ब्रेड सबसे कॉमन है। अब, इन्हें लेकर भी लोगों के मन में अलग-अलग धारणाएं हैं। कुछ लोग जहां होल व्हीट ब्रेड को हेल्दी मानते हैं, तो कुछ का कहना है ये तीनों ही शरीर को नुकसान पहुंचाती हैं। ऐसे में अगर आपको भी नाश्ते में ब्रेड खाना पसंद है लेकिन सेहत पर इसके फायदों और नुकसान को लेकर आप कुछ कंफ्यूज रहते हैं, तो ये आर्टिकल आपके लिए मददगार साबित हो सकता है।
इस लेख में हम आपको बता रहे हैं कि आखिर इन तीनों ब्रेड में फर्क क्या है और कौन सी ब्रेड आपकी सेहत के लिए बेस्ट हो सकती है।
व्हाइट ब्रेड
भारत में अधिकतर लोग व्हाइट ब्रेड का सेवन करते हैं। ये आसानी से उपलब्ध भी हो जाती हैं और बाकी के मुकाबले कुछ सस्ती भी होती हैं। हालांकि, सफेद ब्रेड मैदा से बनाई जाती हैं, जो सेहत के लिहाज से अच्छा ऑप्शन नहीं है। इस ब्रेड में उच्च ग्लाइसेमिक इंडेक्स होता है, जो खासकर डायबिटीज रोगियों के लिए बेहद हानिकारक है। व्हाइट ब्रेड में कैल्शियम अच्छा होता है, लेकिन इसमें फाइबर ना के बराबर होता है, जो भी सेहत के लिए अच्छा नहीं है। प्रोसेसिंग के दौरान व्हाइट ब्रेड से फाइबर की मात्रा निकल जाती है, जिस वजह से इसे डायजेस्ट करने में परेशानी हो सकती है। इन सब से अलग इस ब्रेड की एक स्लाइस में 1 ग्राम फैट और 67 कैलोरीज होती हैं, ऐसे में इसे खाने से मोटापा भी बढ़ सकता है।
होलव्हीट ब्रेड
होलव्हीट ब्रेड को अधिकतर लोग ब्राउन ब्रेड के नाम से भी जानते हैं। इस ब्रेड में गेहूं का पोषण पाया जाता है। आसान भाषा में कहें, तो इसे बनाने के लिए आटे में मौजूद चोकर को हटाया नहीं जाता है। ऐसे में इसमें फाइबर काफी मात्रा में पाया जाता है, जो पाचन तंत्र को दुरुस्त करने के साथ-साथ वजन को भी कंट्रोल में रखता है। होलव्हीट ब्रेड में विटामिन और मिनरल्स को अलग से मिलाने की जरूरत नहीं पड़ती, क्योंकि इसमें नेचुरल ही अधिक मात्रा में खनिज पाया जाता है। साथ ही पौष्टिक होने के साथ-साथ ये स्वादिष्ट भी होती है।
मल्टीग्रेन ब्रेड
इन सब से अलग बात मल्टीग्रेन ब्रेड की करें, तो जैसा की नाम से साफ से, इसे कई तरह के अनाजों को मिक्स कर बनाया जाता है। इसमें गेंहू, चावल, जौ, सन, बाजरा, जई, अलसी और भी कई तरह का आटा शामिल है। ये तमाम अनाज हमारी हेल्थ के लिए फायदेमंद माने जाते हैं। जो लोग डाइट में साबुत अनाज शामिल करना चाहते हैं, उनके लिए मल्टीग्रेन ब्रेड अच्छा ऑपशन है। इसमें मौजूद भरपूर मात्रा में फाइबर पाचन को भी बढ़ावा देते है, साथ ही तेजी से वजन कम करने में भी फायदेमंद साबित होता है। बाकि दोनों तरह की ब्रेड की तुलना में मल्टीग्रेन ब्रेड का ग्लाइसेमिक इंडेक्स भी कम होता है, जो मधुमेह और हृदय रोगियों के लिए बेहतर विकल्प है। ऐसे में व्हाइट ब्रेड और होलव्हीट ब्रेड की तुलना में मल्टीग्रेन ब्रेड आपको अधिक फायदा पहुंचा सकती है।
Disclaimer: आर्टिकल में लिखी गई सलाह और सुझाव सिर्फ सामान्य जानकारी है। किसी भी प्रकार की समस्या या सवाल के लिए डॉक्टर से जरूर परामर्श करें।