मोटापा आज पूरी दुनिया के लिए परेशानी का सबब बन चुका है। विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) के मुताबिक पूरे विश्व में 2016 तक 1.9 अरब लोग मोटापे की बीमारी से पीड़ित थे, यह आंकड़ा अब दो अरब को भी छूने वाला है। इतना ही नहीं, इनमें से 65 करोड़ लोग अत्यधिक मोटापे से पीड़ित हैं जिनका इलाज कराया जा रहा है। बच्चे भी मोटापा से अछूते नहीं हैं। डब्ल्यूएचओ के मुताबिक 5 से 19 साल के बच्चों में 34 करोड़ मोटापे से परेशान हैं। ऐसे में हर किसी को यही चिंता रहती है कि इस मोटापे से कैसे छुटकारा पाया जाए।

मोटापा से निजात पाने के लिए आमतौर पर डाइट पर कंट्रोल करने की सलाह दी जाती है लेकिन डाइटीशियन निहारिका बुद्धवानी कहती हैं हेल्दी वेट लॉस के लिए जरूरी है कि डाइट में एकदम कटौती नहीं की जाए बल्कि मध्यम मार्ग अपना कर संतुलित आहार लिया जाए। वेट लॉस के लिए क्विनोओ और बार्ली को बेहद अहम साबुत अनाज मना जाता है। आइए एक्सपर्ट से जानते हैं कि दोनों में से कौन सा अनाज वेट लॉस के लिए बेहतर है।

क्या कहते हैं एक्सपर्ट: इंडियन फूड कंपोजिशन टेबल 2017 के मुताबिक एक्सपर्ट ने क्विनोओ और बार्ली दोनों को डिकोड किया है। एक्सपर्ट के मुताबिक दोनों अनाज वेट लॉस करने के लिए बेस्ट है। बार्ली को जौ से तैयार किया जाता है।

निहारिका बुद्धवानी कहती हैं कि वेट लॉस के लिए आपको विदेशी के बजाय देशी डाइट पर ही ज्यादा भरोसा करना चाहिए। जब हम इनमें मौजूद पोषक तत्वों की बात करते हैं तो दोनों में लगभग समान पोषक तत्व मौजूद होते हैं लेकिन दोनों की कीमत में जमीन आसमान का फर्क होता है। हेल्दी डाइट को अपनाने के लिए यह मायने रखता है कि बॉडी में कैलोरी की कमी न हो और ज्यादा कैलोरी भी न हो।

क्विनोआ और बार्ली में मौजूद पोषक तत्व: क्विनोआ और बार्ली में मौजूद पोषक तत्वों की बात करें तो 30 ग्राम क्विनोआ में 96 किलो कैलोरी ऊर्जा, 16 ग्राम कार्बोहाइड्राइट, 3.9 ग्राम प्रोटीन, 1.6 ग्राम वसा और 4.3 ग्राम फाइबर होता है। जबकि 30 ग्राम बार्ली में 94 किलो कैलोरी ऊर्जा, 18 ग्राम कार्बोहाइड्राइट, 3.2 ग्राम प्रोटीन, 0.3 ग्राम वसा और 4.5 ग्राम फाइबर होता है। यानी कमोबेश दोनों में बराबर पोषक तत्व मौजूद होते हैं।

क्विनोआ और बार्ली की कीमत में अंतर: क्विनोआ और बार्ली की कीमत की बात करें तो दोनों में जमीन आसमान का फर्क है। 250 ग्राम क्विनोआ की कीमत 150 रुपये है जबकि 250 ग्राम बार्ली की कीमत मात्र 35 रुपये है।

बार्ली को कैसे बनाएं

  • बार्ली को आप सूप में मिलाकर ले सकते हैं।
  • इसे सलाद में मिलाकर भी ले सकते हैं।
  • इसका आटा बनाकर आप इसकी रोटी बनाकर खा सकते हैं।
  • इसे खिचड़ी के रूप में भी खा सकते हैं।

क्विनोआ का कैसे इस्तेमाल करें

  • क्विनोओ को भी सूप के रूप में पी सकते हैं।
  • इसका आटा बनाकर रोटी के रूप में खाया जा सकता है।