हमारे शरीर को हार्मोन, विटामिन डी और खाना पचाने में मदद करने वाले तत्व बनाने के लिए कोलेस्ट्रॉल की जरूरत होती है। कोलेस्ट्रॉल मोम जैसा एक चिपचिपा पदार्थ है, जो बॉडी के सभी सेल में पाया जाता है। भागदौड़ और खराब लाइफस्टाइल के चलते शरीर में कोलेस्ट्रॉल की समस्या बेहद खतरनाक होती जा रही है। कोलेस्ट्रॉल सेहत को नुकसान पहुंचा रहा है और इसके बढ़ने से खतरनाक बीमारियां शरीर को अपनी चपेट ले रही हैं। इसके कारण हार्ट से संबंधी बीमारी और हाई ब्लड प्रेशर और स्ट्रोक का खतरा बढ़ जाता है। ऐसे में कोलेस्ट्रॉल को कंट्रोल करना बहुत जरूरी है। आयुर्वेदिक विशेषज्ञों के अनुसार, किचन में रखी चीजें खाकर खराब कोलेस्ट्रॉल को कम किया जा सकता है। चलिए आपको बताते हैं कोलेस्ट्रॉल को कंट्रोल करने के लिए किन चीजों का सेवन करना फायदेमंद हो सकता है।
दरअसल, ज्यादा ऑयली, अनहेल्दी खाना खाने और शारीरिक स्थिरता के कारण बॉडी में बैड कोलेस्ट्रॉल बढ़ने लगता है। ये खून की नसों में प्लाक की तरह जमने लगता है, जो हार्ट अटैक, हार्ट फेल्योर और स्ट्रोक जैसी जानलेवा बीमारियां का कारण बनता है।
कोलेस्ट्रॉल कंट्रोल करने के लिए इन चीजों का करें सेवन
आंवला
अगर शरीर में खराब कोलेस्ट्रॉल की मात्रा ज्यादा बढ़ जाए तो आप आंवले का सेवन कर सकते हैं। इसके लिए आप आंवले को सीधे खा सकते हैं या जूस, पाउडर और टैबलेट के रूप में इसका इस्तेमाल कर सकते हैं।
अर्जुन की छाल
अर्जुन की छाल हाई कोलेस्ट्रॉल लेवल को कंट्रोल करती है। इससे हृदय स्वास्थ्य में सुधार होता है। रोजाना अर्जुन की छाल का पाउडर दूध में मिलाकर पीने से कोलेस्ट्रॉल कम होता है। हृदय रोगियों को अक्सर आयुर्वेदिक विशेषज्ञ इसका सेवन करने की सलाह देते हैं।
लहसुन
लहसुन एक ऐसा मसाला है जिसका इस्तेमाल कई व्यंजनों का स्वाद बढ़ाने के लिए किया जाता है। अगर आप रोजाना 2 से 3 कलियां लहसुन की खाते हैं तो हाई ब्लड प्रेशर और हाई कोलेस्ट्रॉल की समस्या दूर हो जाएगी।
उम्र के हिसाब से शरीर में कितना होना चाहिए कोलेस्ट्रॉल लेवल?
मेडिकल न्यूज टुडे की एक रिपोर्ट के अनुसार, 19 साल तक के युवाओं में कोलेस्ट्रॉल की कुल मात्रा 170mg/dl से कम होनी चाहिए। एलडीएल कोलेस्ट्रॉल लेवल 100 mg/dl से कम होना चाहिए और एचडीएल कोलेस्ट्रॉल 45 mg/dl से ज्यादा होना चाहिए।
20 साल या उससे ज्यादा उम्र के पुरुषों की बॉडी में कोलेस्ट्रॉल लेवल 125–200 mg/dl के बीच होना चाहिए। एलडीएल कोलेस्ट्रॉल लेवल 100 mg/dl से कम होना चाहिए जबकि एचडीएल कोलेस्ट्रॉल लेवल 40 mg/dl या इससे अधिक होना जरूरी है।
वहीं, 20 साल से ज्यादा उम्र की महिलाओं के शरीर में कोलेस्ट्रॉल लेवल 125–200 mg/dl के बीच होना चाहिए। एलडीएल कोलेस्ट्रॉल लेवल 100 mg/dl से कम, जबकि एचडीएल लेवल 50 mg/dl या उससे अधिक होना चाहिए।
इसके अलावा सर्दियों के मौसम में बाजरे का सेवन करने से स्वास्थ्य को कई लाभ मिलते हैं। बीएमसी मेडिसिन जर्नल में प्रकाशित एक रिपोर्ट के अनुसार, बाजरे की रोटी या बाजरे का अन्य तरह से सेवन करने पर हार्ट संबंधी समस्याओं का खतरा 9 प्रतिशत कम हो जाता है।