अक्सर लोग मानते हैं कि वजन बढ़ाना बहुत आसान होता है, लेकिन सच्चाई यह है कि जैसे वजन घटाना मुश्किल होता है, वैसे ही कई लोगों के लिए वजन बढ़ाना भी बड़ी चुनौती बन जाता है। कुछ लोग खूब खाते हैं, तरह-तरह के नुस्खे अपनाते हैं, फिर भी उनका वजन नहीं बढ़ पाता। दरअसल, वजन बढ़ाने के लिए सिर्फ ज्यादा खाना ही नहीं, बल्कि सही कैलोरी इंटेक, प्रोटीन और मसल मास बढ़ाने वाली चीजों का सेवन जरूरी होता है। वहीं, कई लोग वजन बढ़ाने के लिए नियमित रूप से अंडे और केले का सेवन करते हैं। जबकी कुछ लोग दूध में केला मिलाकर पीते हैं। लेकिन क्या आप जानते हैं कि वजन बढ़ाने के लिए दूध में केला मिलाकर पिएं या अंडा? इसी सवाल का जवाब दे रही हैं बेंगलुरु के एस्टर सीएमआई हॉस्पिटल की न्यूट्रिशन एक्सपर्ट एडविना राज।

दूध के साथ केला या अंडा?

न्यूट्रिशनिस्ट एडविना राज बताती हैं कि वजन बढ़ाने के लिए दूध के साथ केला और अंडा दोनों ही अच्छे विकल्प हैं, लेकिन इनके फायदे अलग-अलग हैं। ये शरीर में अलग तरीके से काम करते हैं और वेट गेन के अलग लक्ष्य पूरे करते हैं। इसलिए यह समझना जरूरी है कि आपको तुरंत एनर्जी चाहिए या मांसपेशियों का निर्माण।

वेट गेन के लिए दूध और केला क्यों है फायदेमंद?

दूध और केला वजन बढ़ाने का सबसे आसान और पॉपुलर तरीका माना जाता है। केला कार्बोहाइड्रेट से भरपूर होता है, जो शरीर को तुरंत एनर्जी देता है। जब इसे दूध के साथ लिया जाता है, तो इसकी कैलोरी और भी बढ़ जाती है, जिससे वजन बढ़ाने में मदद मिलती है। केले में मौजूद पोटेशियम मांसपेशियों के सही कामकाज और उनकी रिकवरी में मदद करता है। जो लोग वर्कआउट या एक्सरसाइज करते हैं, उनके लिए दूध और केला एक अच्छा पोस्ट-वर्कआउट ड्रिंक साबित हो सकता है। यह शरीर को तुरंत ताकत देता है और थकान को भी कम करता है। यही वजह है कि तेजी से एनर्जी और हल्का वेट गेन चाहने वालों के लिए दूध-केला अच्छा विकल्प है।

वेट गेन के लिए दूध और अंडा कितना असरदार?

अगर आपका लक्ष्य सिर्फ वजन बढ़ाना नहीं, बल्कि मसल मास बढ़ाना है, तो दूध के साथ अंडा ज्यादा फायदेमंद माना जाता है। अंडे में हाई क्वालिटी प्रोटीन और हेल्दी फैट पाया जाता है, जो मांसपेशियों के निर्माण में अहम भूमिका निभाता है। अंडे की जर्दी खासतौर पर कैलोरी से भरपूर होती है और इसमें विटामिन D जैसे जरूरी पोषक तत्व पाए जाते हैं। जब दूध और अंडे को साथ लिया जाता है, तो यह कैलोरी इंटेक को तेजी से बढ़ाता है, जिससे वजन बढ़ने की प्रक्रिया तेज होती है। इसके साथ ही स्टेमिना भी बढ़ता है और शरीर मजबूत बनता है।

वजन बढ़ाने के लिए दूध और अंडा क्यों माना जाता है बेहतर?

न्यूट्रिशनिस्ट के अनुसार, दूध और अंडा वजन बढ़ाने के लिए ज्यादा प्रभावी इसलिए है क्योंकि इससे करीब 150 से 250 कैलोरी मिलती है। वहीं दूध और केला या केला-अंडा के संयोजन से लगभग 105 कैलोरी ही मिलती है। दूध और अंडा शरीर को प्रोटीन, हेल्दी फैट, बी-विटामिन और जरूरी मिनरल्स देता है, जिससे लंबे समय तक एनर्जी बनी रहती है और पेट भी भरा हुआ महसूस होता है। इसके अलावा जिन लोगों को दूध और केला लेने से गैस या पेट फूलने की समस्या होती है, उनके लिए दूध और अंडा ज्यादा बेहतर विकल्प हो सकता है।

आखिर क्या चुनें, केला या अंडा?

अगर आपको तुरंत एनर्जी चाहिए या हल्का-फुल्का वजन बढ़ाना है, तो दूध और केला का सेवन करें। लेकिन अगर आपका लक्ष्य मसल्स बनाना, शरीर को मजबूत करना और हेल्दी तरीके से वजन बढ़ाना है, तो दूध और अंडा ज्यादा फायदेमंद रहेगा। आप फुल क्रीम दूध के साथ केला मिलाकर पी सकते हैं। वहीं ज्यादा कैलोरी और मसल गेन के लिए दूध में 1-2 उबले या कच्चे अंडे (डॉक्टर की सलाह से) मिला सकते हैं। चाहें तो अधिक कैलोरी के लिए इसमें पीनट बटर या ओट्स भी मिला सकते हैं।

निष्कर्ष

वजन बढ़ाने के लिए कोई एक जादुई चीज नहीं होती। सही फूड कॉम्बिनेशन, नियमित डाइट और एक्सरसाइज के साथ दूध, केला और अंडा तीनों ही अपने-अपने तरीके से फायदेमंद हैं। बस जरूरी है कि आप अपने शरीर की जरूरत और लक्ष्य को समझकर सही विकल्प चुनें।

डिस्क्लेमर

यह स्टोरी सामान्य जानकारी के उद्देश्य से तैयार की गई है। किसी भी तरह के स्वास्थ्य संबंधी बदलाव या डाइट में परिवर्तन करने से पहले अपने डॉक्टर या योग्य हेल्थ एक्सपर्ट की सलाह जरूर लें।

नेस्थिसियोलॉजिस्ट और पेन मेडिसिन फिजिशियन डॉ. कुनाल सूद के मुताबिक, कुछ आदतें जो देखने में सामान्य लगती हैं, वही दिल को नुकसान पहुंचाती हैं। पूरी जानकारी के लिए लिंक पर क्लिक करें।