आज के समय में मोटापा बहुत ही आम समस्या बन गया है। मोटापे को कंट्रोल करने के लिए कई लोग घंटों-घंटों जिम में पसीना बहाते हैं, तो कई लोग तमाम तरह के उपाय अपनाते हैं, लेकिन फिर भी कई ज्यादा असर नहीं पड़ता है। हालांकि, वजन कम करने के लिए पैदल चलना सबसे आसान, सरल और कारगर आदत मानी जाती है, लेकिन कई लोग इस बात को लेकर असमंजस में रहते हैं कि पैदल चलने के लिए कौन सा समय सबसे अच्छा है, सुबह या शाम? कुछ हेल्थ एक्सपर्ट के मुताबिक, सुबह के समय पैदल चलना ज्यादा फायदेमंद होता है, जबकि अन्य शाम को पैदल चलने को भी उतना ही लाभकारी मानते हैं।

हैदराबाद में अपोलो अस्पताल के कंसल्टेंट न्यूरोलॉजिस्ट डॉ. सुधीर कुमार ने बताया कि पैदल चलने के पीछे कई शारीरिक और मानसिक कारण होते हैं। पैदल चलने का समय अपनी जीवनशैली के हिसाब से चुनना चाहिए, लेकिन अगर आप वजन कम करना चाहते हैं, तो यह जानना जरूरी है कि किस समय का आपके शरीर पर सबसे ज्यादा असर होता है।

डॉ. सुधीर कुमार के मुताबिक, सुबह और शाम पैदल चलने के फायदों के बीच के अंतर पर करीब से नजर डाली जानी चाहिए। खुद से नोटिस करना चाहिए किस टाइम पैदल चलने से शरीर में बदलाव या फर्क पड़ रहा है, क्योंकि सही समय चुनने से वजन घटाने में तेजी आ सकती है और शरीर मजबूत बन सकता है। चलिए आपको बताते हैं सुबह और शाम की सैर में से आपके लिए कौन सा विकल्प ज्यादा लाभकारी हो सकता है।

सुबह की सैर

अगर, आप सुबह खाली पेट टहलते हैं, तो शरीर पहले से जमा फैट को एनर्जी के लिए इस्तेमाल करता है। इससे फैट बर्न होने की दर बढ़ जाती है। खासकर अगर आप इंटरमिटेंट फास्टिंग कर रहे हैं, तो सुबह की सैर ज्यादा फायदेमंद होती है। इसके अलावा सुबह की ताजी हवा ऑक्सीजन लेवल को अच्छा रखती है, जो मेटाबॉलिज्म को बढ़ाने में मदद करती है। सुबह टहलने से दिमाग ज्यादा सक्रिय रहता है और दिनभर एनर्जी बनी रहती है।

शाम की सैर

सुबह की तुलना में शाम को शरीर ज्यादा लचीला होता है। दिन में खाना और हरकतें मांसपेशियों में गर्मी पैदा करती हैं, इसलिए शाम को टहलना आसान और तेज हो जाता है। इससे मांसपेशियों की कार्यक्षमता बढ़ती है और ज्यादा कैलोरी बर्न होती है। कुछ शोधों के अनुसार, शाम को टहलने से नींद के हार्मोन भी कंट्रोल रहते हैं, जिससे रात में अच्छी नींद आती है।

सुबह की सैर के फायदे

सुबह की एक्सरसाइज या टहलना एक बेहतर आदत है, क्योंकि उस समय दिमाग शांत रहता है और कम विचलित होता है। अगर, वजन कम करना चाहते हैं, तो नियमितता बहुत जरूरी है। सुबह टहलना दिन की सकारात्मक शुरुआत है, जिससे मानसिक स्वास्थ्य को भी लाभ मिलता है।

शाम को टहलने के फायदे

शाम को टहलना खासतौर पर रात के खाने के बाद पाचन क्रिया को बेहतर बनाता है। टहलने से ब्लड शुगर लेवल का स्थिर रहता है, जिससे देर रात भूख लगने की संभावना कम हो जाती है। वजन कम करने के दौरान रात के खाने पर कंट्रोल रखना महत्वपूर्ण है और शाम को टहलना इसके लिए मददगार है।

वजन कम करने के लिए कौन सा समय बेहतर

सुबह हो या शाम टहलने का असर निरंतरता पर निर्भर करता है। आप नियमित रूप से टहलते हैं, सही खाते हैं और अच्छी नींद लेते हैं, तो दोनों समय उपयोगी हो सकते हैं। अपने समय, दिनचर्या और शरीर की जरूरतों के हिसाब से समय चुनें, लेकिन इस आदत को नियमित रखें। नियमित रूप से टहलने पर वजन कम करने में मदद मिलती है।

आंतों की सूजन होने पर तेजी से बनती है पेट में गैस, इन 5 फूड को तुरंत डाइट का बना लें हिस्सा, बिना दवा सुधर जाएगी गट हेल्थ। पूरी जानकारी हासिल करने के लिए लिंक पर क्लिक करें।