हमारी आंखें हमारी बॉडी का एक ऐसा अहम अंग हैं, जो न केवल हमें देखने की क्षमता देती हैं, बल्कि हमें बाहर की दुनिया के बारे में जानकारी देती हैं। आंखों के जरिए हम न केवल चीजों को देखते है बल्कि ये हमारी भावनाओं और हेल्थ के बारे में भी जरूरी संकेत देती हैं। बॉडी के इस जरूरी अंग की देखभाल करना जितनी जरूरी है हम उसके साथ उतना ही लापरवाह हो रहे हैं। 12-15 घंटों तक आंखों को आराम नहीं देते जिसका असर आंखों की रोशनी पर पड़ता है। डेस्क जॉब करने वाले लोग घंटों लैपटॉप के साथ गुजारते हैं,उसके बाद बचा हुआ वक्त मोबाइल के साथ गुजारते हैं जिसका नतीजा आंखों की रोशनी पर पड़ता है।
उम्र के साथ आंखों की रोशनी का कम होना नैचुरल है लेकिन कम उम्र में ही आंखों से कम दिखना या धुंधला दिखाई देना साफ संकेत हैं कि आपकी बॉडी में कुछ हलचल चल रही है। आप जानते हैं कि आंखों की रोशनी का कम होना या आंखों से धुंधला दिखाई देना विटामिन बी 12 की कमी के संकेत भी हो सकते हैं। आपको बता दें कि विटामिन बी 12 की कमी से आंखों की रोशनी पर असर पड़ता है।
एम्स के पूर्व कंसल्टेंट और साओल हार्ट सेंटर के फाउंडर एंड डायरेक्टर डॉ बिमल झांजर ने बताया बॉडी में विटामिन बी 12 की कमी के कारण आंखों से धुंधला दिखाई देता है और आंखों से जुड़ी परेशानियां होती हैं। बॉडी में इस जरूरी विटामिन की कमी होने से आंखों में जलन, दृष्टि की समस्या और कभी-कभी न्यूरोपैथी हो सकती है, जो आंखों की रोशनी को प्रभावित कर सकती है। इस विटामिन की कमी होने से ऑप्टिक न्यूराइटिस (Optic Neuritis) की समस्या हो सकती है। ये एक ऐसी स्थिति है जिसमें ऑप्टिक नर्व (जो आंखों को मस्तिष्क से जोड़ती है) में सूजन आ जाती है। इस स्थिति में आंखों में दर्द होता है,आंखों से धुंधला दिखाई देता है और गंभीर स्थिति में आंखों की रोशनी भी कम हो सकती है।
हालांकि ऑप्टिक न्यूराइटिस कई कारणों से हो सकता है,लेकिन विटामिन B12 की कमी एक महत्वपूर्ण कारण हो सकता है। आइए एक्सपर्ट से जानते हैं कि विटामिन बी 12 की कमी कैसे ऑप्टिक न्यूराइटिस का कारण बनती है और इसकी कमी को कैसे पूरा करें।
विटामिन B12 की कमी और ऑप्टिक न्यूराइटिस
बॉडी में विटामिन B12 की कमी होने से नसों की सामान्य कार्यप्रणाली पर असर पड़ सकता है। इसकी कमी से न्यूरोलॉजिकल समस्याएं जैसे कि ऑप्टिक न्यूराइटिस हो सकता है। विटामिन B12 मस्तिष्क और नसों की हेल्थ के लिए जरूरी होता है और इसकी कमी से नसों में सूजन हो सकती है जो ऑप्टिक नर्व को प्रभावित कर सकता है।
ऑप्टिक न्यूराइटिस के लक्षण
- दृष्टि में धुंधलापन
- आंखों में दर्द
- विजन लॉस
- रंगों का पहचानने में कठिनाई
- आंखों की रोशनी में कमी
- मध्य दृष्टि में अंधापन
- आंखों के चारों ओर असुविधा
- अतिरिक्त न्यूरोलॉजिकल प्रॉब्लम
आंखों के लिए विटामिन बी 12 की कमी कैसे करें पूरा
विटामिन B12 से भरपूर डाइट लें
अगर आंखों को हेल्दी रखना चाहते हैं और ऑप्टिक न्यूराइटिस के लक्षणों को कंट्रोल करना चाहते हैं तो आप डाइट में विटामिन बी 12 को शामिल करें। बॉडी में विटामिन बी 12 की कमी को पूरा करने के लिए मांसाहारी लोग रेड मीट जैसे गाय और बकरा के मीट का सेवन कर सकते हैं। चिकन,मछली जैसे सैल्मन, टूना, ट्राउट और टर्की में भी विटामिन B12 मौजूद होता है। अंडे का सेवन करें। अंडे की पीली जर्दी में विटामिन B12 होता है। आप बॉडी में इस विटामिन की कमी को पूरा करने के लिए दूध, दही, पनीर का भी सेवन कर सकते हैं।
विटामिन B12 सप्लीमेंट्स
अगर आप शाकाहारी है,या वेगन डाइट और एनिमल डाइट से परहेज करते हैं तो बॉडी में विटामिन बी 12 की कमी को पूरा करने के लिए आप विटामिन बी 12 सप्लीमेंट का भी सहारा ले सकते हैं। ये सप्लीमेंट्स टैबलेट, कैप्सूल, या लिक्विड फॉर्म में ले सकते हैं।
इस अनाज से भी करें भरपाई
विटामिन B12 की कमी को पूरा करने के लिए डाइट में ब्रेड, अनाज, दूध, सोया दूध,बादाम दूध का सेवन नाश्ते में कर सकते हैं।
दूसरे पोषक तत्व भी हैं आंखों के लिए जरूरी
विटामिन ए, विटामिन सी और विटामिन ई जैसे दूसरे पोषक तत्व भी आंखों के लिए जरूरी है। इनकी कमी को पूरा करने के लिए आप डाइट में हरी पत्तेदार सब्जियां, गाजर, आंवला और अन्य एंटीऑक्सीडेंट से भरपूर फूड्स का सेवन करें।
आंतों की सूजन होने पर तेजी से बनती है पेट में गैस, इन 5 फूड को तुरंत डाइट का बना लें हिस्सा, बिना दवा सुधर जाएगी गट हेल्थ। पूरी जानकारी हासिल करने के लिए लिंक पर क्लिक करें।