आंतों से और पेट से जुड़ी कुछ बीमारियां ऐसी हैं जिनके बारे में ज्यादातर लोगों को जानकारी नहीं है। पेट से जुड़ी कुछ परेशानियां जैसे पेट दर्द,दस्त,गैस और एसिडिटी ऐसी परेशानियां हैं जिसे अक्सर लोग गैस्ट्रिक प्रॉब्लम समझते हैं और गैस की दवाईयों से उसका इलाज करने की कोशिक करते हैं। आप जानते हैं कि कई बार सामान्य से दिखने वाले कुछ लक्षण किसी गंभीर बीमारी के भी हो सकते हैं। जी हां हम बात कर रहे हैं एक ऐसी बीमारी की जिसे क्रोन डिजीज के नाम से जाना जाता है। क्रोन डिजीज आंतों से जुड़ी एक ऐसी क्रॉनिक परेशानी है जिससे कभी-कभी जानलेवा जटिलताएं पैदा हो सकती हैं।
क्रोन डिजीज में पेट दर्द,दस्त,वजन कम होना,खून में लाल रक्त कोशिकाओं की कमी होना,आंत में अल्सर, जख्म, सूजन और थकान होती है। कुछ लोगों में इस बीमारी के जिंदगी भर लक्षण दिखाई नहीं देते तो कुछ लोगों में इसके गंभीर लक्षण दिखते हैं।
मेदांता हॉस्पिटल में कंसल्टेंट गैस्ट्रोएंटरोलॉजी एंड हेपेटोलॉजी डॉक्टर ज़ुबीन देव शर्मा ने बताया कि डॉक्टर अक्सर मरीज को इस बीमारी के बारे में इस तरह समझाते हैं कि आपकी आंतों में अल्सर,आंतों में जख्म और आंतों में सूजन है। आंतों में सूजन का सबसे मुख्य कारण क्रोन डिजीज माना जाता है। अब सवाल ये उठता है कि क्रोन डिजीज क्या है और इसके लक्षण कौन-कौन से हैं और उसे कैसे डायग्नोज करें।
क्रोन डिजीज क्या है?
क्रोन डिजीज एक ऐसी परेशानी है जो किसी भी उम्र में हो सकती है। मुंह से लेकर बड़ी आंत तक कहीं पर भी इसका इंवॉल्वमेंट हो सकता है। ये बीमारी पेट से जुड़ी बीमारी है जिसमें क्रॉनिक सूजन आंत के निचले हिस्से में, बड़ी आंत या दोनों आंतों में सूजन की परेशानी होती है। इससे पाचन तंत्र का कोई भी हिस्सा प्रभावित हो सकता है। क्रोन डिजीज एक इंफ्लामेशन बाउल डिजीज (IBM)है। इस बीमारी में ब्लीडिंग कम होती है और गैस,पेट दर्द और आंतों में रूकावट ज्यादा होती है। इस बीमारी का डायग्नोस करना थोड़ा मुश्किल होता है।
क्रोन डिजीज के लक्षण कौन-कौन से हैं
- क्रोन डिजीज के लक्षणों की बात करें तो इस बीमारी में आंतों में जख्म,आंतों में सूजन,आंतों में रुकावट,आंतों में छेद
- स्टूल के साथ खून आना
- ऐंठन वाला पेट दर्द और बुखार होना
- भूख नहीं लगना और वजन कम होना
- आंतों में मवाद होना,गंभीर पेट दर्द होना
- इन्टेस्टाइन में अवरोध से भारी उल्टी होना
- क्रोनिक क्रोन डिजीज है तो स्किन पर खुजली होना
- जोड़ों में दर्द और सूजन होना
- आंखें लाल होना,लिवर में परेशानी होना
- एनस पर घाव और कभी कभी गुदा फिशर
- आंत में कैंसर का खतरा बढ़ सकता है
- बच्चों में धीमा विकास
- सूजे हुए जोड़,थकान
- पेट फूलना और गैस बनना
क्रॉन डिजीज का कैसे करें डायग्नोसिस
- इस बीमारी का पता लगाने के लिए सबसे पहले ब्लड टेस्ट होगा। ब्लड टेस्ट में आपमें खून की कमी होना,विटामिन बी 12 की कमी होना,विटामिन डी और आयरन की कमी होने जैसे लक्षण सामने आ सकते हैं।
- स्टूल का टेस्ट होता है जिसका नाम है Fecal calprotection
- आंतों का सिटी स्कैन होना
- अल्ट्रासाउंड से बीमारी का पता लगाना मुश्किल होता है इसलिए CT SCAN & ABDOMINAL MRI की जा सकती है।
- इन टेस्ट के बाद आपकी कोलोनोस्कोपी होना भी जरूरी है। इस टेस्ट से ये देखा जाता है कि सिटी स्कैन में जो जख्म बताए गए हैं वो कहां-कहां हैं।
- क्रोन डिजीज और आंतों की टीबी में फर्क करना मुश्किल होता है क्योंकि दोनों के लक्षण लगभग एक जैसे होते हैं।