आम तौर पर एक जगह काफी समय से बैठे रहने से पीठ में दर्द होने लगता है। इसकी लंबे समय तक अनदेखी करने से यह समस्या गंभीर हो जाती है। यूं तो आजकल की दिनचर्या में यह समस्या मजबूरी बनती जा रही है, लेकिन खुद के प्रति थोड़ी सतर्कता से इससे बचा भी जा सकता है। यह दिक्कत उन लोगों को ज्यादा होती है, जिनकी शारीरिक गतिविधि कम होती है या जो वर्क फ्राम होम कर रहे हैं।

कोरोना महामारी फैलने के बाद घर पर काम करना लोगों की मजबूरी बन गई है। इसकी वजह से इससे जूझ रहे लोगों की संख्या भी बढ़ गई है। शरीर के निचले हिस्से या पीठ में दर्द अब अक्सर सुनाई देने वाली समस्या है। सेलिब्रिटी पोषण विशेषज्ञ और आयंगर योग में प्रशिक्षण देने वालीं रूजुटा दीवेकर ने तीन सरल आसनों के बारे में बताया है, जिसे कोई भी घर पर कभी सिर्फ एक कंबल के साथ कर सकता है।

दीवेकर के मुताबिक ये आसन इस तरह से करने से लाभ होगा:
* दीवार के बगल में एक मुड़ा हुआ कंबल रखें और दीवार के सामने खड़े हो जाएं।
* अपनी दाईं एड़ी को मुड़े हुए कंबल और अपने दाहिने पैर के अंगूठे को दीवार पर पर रखें और धक्का दें। अपने शरीर को सीधा करें, अपने कूल्हों को अंदर खींचें और दीवार के करीब जाने की कोशिश करें।
* यही स्थिति बाएं पैर से दोहराएं।
* वज्रासन की स्थिति में बैठें।
* अपने कूल्हों को उठाएं और मुड़े हुए कंबल को अपनी पिंडलियों पर रखें और फिर बैठें। कुछ देर इस स्थिति में रहें।

पीठ दर्द के लिए
* अपनी पीठ के बल लेट जाएं।
* दोनों पैरों को घुटनों से मोड़ें और अपनी एड़ियों को कूल्हों के करीब लाएं।
* कंबल को अपनी जांघों के बीच रखें और निचोड़ें। अपने हाथों को अपने पैरों पर रखें और अपने कूल्हों को बिना कंबल के गिरे ऊपर की ओर उठाएं।
* कुछ सेकंड के लिए स्थिति में रहें और प्रारंभिक स्थिति में लौट आएं।