आयुर्वेद के मुताबिक जड़ी बूटियों का सेवन सेहत को दुरुस्त करता है और कई बीमारियों का उपचार भी करता है। त्रिफला एक ऐसा आयुर्वेदिक हर्ब है जिसका इस्तेमाल आयुर्वेद में सदियों से कई बीमारियों का उपचार करने में किया जाता रहा है। त्रिफला का सेवन करने से पाचन दुरुस्त रहता है और कब्ज का उपचार होता है। आयुर्वेद में इसका सेवन वजन घटाने के लिए भी किया जाता रहा है। ओरल हेल्थ को दुरुस्त करने में इस हर्ब को काफी असरदार माना जाता है। 

इसका सेवन करने से दांतों और मसूड़ों से जुड़ी परेशानियों का उपचार होता है। इसमें एंटी इंफ्लामेटरी गुण भी मौजूद है जो सूजन को कंट्रोल करने में मददगार साबित होते हैं। कई रिसर्च में ये बात साबित हो चुकी है कि त्रिफला का सेवन करने से कैंसर जैसी बीमारी का भी इलाज होता है।

कंसल्टेंट डायटीशियन एंड डायबिटीज एजुकेटर कनिका मल्होत्रा ने बताया कि इतने गुणों के बावजूद इस हर्ब का सेवन सेहत को नुकसान भी पहुंचाता है। इस बहुमुखी हर्बल उपचार के कुछ साइड इफेक्ट हो सकते हैं। त्रिफला का सेवन करने वाले ज्यादातर लोग इसके फायदो पर ध्यान देते हैं और इसके साइड इफेक्ट को नजरअंदाज कर देते हैं। आइए एक्सपर्ट से जानते हैं कि त्रिफला का सेवन फायदे के अलावा किस तरह से नुकसान भी पहुंचाता है। आइए जानते हैं कि इस हर्ब का सेवन करने से सेहत पर कैसा होता है असर।

गट हेल्थ पर पड़ता है असर

त्रिफला का सेवन करने से आपकी आंत पर उसका नकारात्मक असर पड़ता है। इसका सेवन करने से दस्त और पेट की परेशानियों का खतरा बढ़ने लगता है। खाली पेट त्रिफला का सेवन करने से पेट से संबंधित समस्याएं होने का खतरा बढ़ सकता है। एक्सपर्ट के मुताबिक इसका सेवन ज्यादा करने से गट हेल्थ पर नकारात्मक असर पड़ता है।

प्रेग्नेंसी में महिलाओं के लिए है खतरा

गर्भवती या स्तनपान कराने वाली महिलाओं को त्रिफला का सेवन नहीं करना चाहिए। गर्भावस्था के दौरान त्रिफला का उपयोग करने से बाद में ब्रेस्ट फीडिंग कराने में परेशानी हो सकती है। कुछ मामलों में प्रेग्नेंसी में इसका सेवन करने गर्भपात का खतरा भी बढ़ सकता है। एक्सपर्ट ने बताया कि प्रेग्नेंसी के दौरान कुछ भी हर्ब का सेवन करने से पहले डॉक्टर से सलाह जरूर लें।

सुरक्षित तरीके से इसका कैसे करें सेवन

एक्सपर्ट ने बताया कि त्रिफला का सेवन करने से पहले आप किसी भी रजिस्टर्ड डायटीशियन न्यूट्रीशनिस्ट, फार्मासिस्ट, या हेल्थ एक्सपर्ट से सलाह लें। त्रिफला का सेवन कितनी मात्रा में और कैसे करना चाहिए इस बात की जानकारी होना जरूरी है। एक व्यक्ति को केवल 500 मिलीग्राम से 1 ग्राम तक ही त्रिफला का सेवन करना चाहिए।

एक्सपर्ट ने बताया कि कुछ आयुर्वेदिक सप्लीमेंट्स में खतरनाक मात्रा में सीसा, पारा या आर्सेनिक जैसे दूषित पदार्थ मौजूद होते हैं जो सेहत को नुकसान पहुंचा सकते हैं। इस हर्बल सप्लीमेंट का सेवन करने से पहले उसकी गुणवत्ता की जांच करना जरूरी है।