Makhana Health Benefits: सम्पूर्ण स्वास्थ्य के लिए सेहतमंद खाना और संतुलित आहार बेहद जरूरी है। खाने में मौजूद पोषक तत्व शरीर को ताकत प्रदान करते हैं जिससे बॉडी बीमारियों से लड़ने के काबिल बनता है। सर्दियों के मौसम में अपने खानपान का वैसे भी लोगों को अधिक ख्याल रखने की जरूरत होती है। ठंड में खांसी-जुकाम का खतरा तो बढ़ता ही है। साथ में, ब्लड प्रेशर व डायबिटीज के मरीजों को इस मौसम में दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है। ऐसे में जरूरी है कि लोग बचाव के तरीके अपनाएं। स्वास्थ्य विशेषज्ञ मानते हैं कि कम कैलोरी व पोषक तत्वों से भरपूर मखाना सर्दियों में लोगों के लिए फायदेमंद साबित होता है।

ब्लड प्रेशर रहेगा नियंत्रित: मखाना पोटैशियम का बेहतरीन स्रोत माना जाता है। हाइपरटेंशन के मरीजों को पोटैशियम युक्त खाद्य पदार्थों का सेवन करना चाहिए। इससे उनका ब्लड प्रेशर नियंत्रित रहता है। इस बात का ध्यान रखें कि पैक्ड मखाना न खाएं क्योंकि इसमें सोडियम पाया जाता है। ऐसे में घरेलू मखाने का सेवन बेहतर है।

वजन घटाने में मददगार: मोटापा कई बीमारियों का जड़ होता है। ऐसे में वजन घटाने के लिए लोग तमाम तरीके अपनाते हैं। वेट लॉस की प्रक्रिया को आसान बनाने में मखाना अहम भूमिका निभाता है। इसमें फाइबर की मात्रा भी अधिक होती है, इस कारण जो लोग इसे खाते हैं उन्हें दोबारा जल्दी भूख नहीं लगती है। इससे लोग ओवर ईटिंग से बचते हैं और उनका वजन कंट्रोल में रहता है।

कम करता है डायबिटीज का खतरा: मखाना लो-फैट, लो कैलरी से भरपूर होता है जो ब्लड शुगर को काबू करता है। इसके बीज में स्‍टार्च और प्रोटीन होने के कारण यह डायबिटीज के लिए बहुत अच्‍छा होता है।

गठिया के मरीजों के लिए फायदेमंद: मखाना कई पोषक तत्वों का भंडार है, इसमें एंटी-ऑक्सीडेंट्स भरपूर मात्रा में मौजूद होते हैं जो यूरिक एसिड के मरीजों के लिए लाभदायक है। मखाना बहुत ही कम मीठा होता है जिस वजह से ये स्पलीन को डिटॉक्सिफाई करता है और किडनी को मजबूत बनाता है। इसमें कैल्शियम भरपूर मात्रा में मौजूद होता है। इसे खाने से जोड़ों के दर्द और गठिया जैसी गंभीर समस्याओं को कम करने में मदद मिलती है।