आज के समय में खराब जीवनशैली और खानपान की गलत आदतों के चलते कई गंभीर बीमारियां लोगों को तेजी से अपनी चपेट में ले रही हैं। इन्हीं में से एक है थायराइड रोग। पुरुषों की तुलना में महिलाओं को थायराइड विकार होने की आशंका तीन गुणा ज्यादा होती है। थायराइड दरअसल, गले के पास तितली के आकार की एक ग्लैंड होती है, जो दिल, दिमाग और शरीर के दूसरे अंगों को सही तरीके से चलाने वाले हॉर्मोन पैदा करती है, साथ ही शरीर के मेटाबॉलिज्म रेट को भी कंट्रोल करती है। वहीं, जब थायराइड ग्लैंड इस हॉर्मोन का उत्पादन पर्याप्त मात्रा में नहीं कर पाती है, तब इसे थायराइड विकार कहते हैं।
इसके चलते पीड़ितों को कई तरह की समस्याओं का सामना करना पड़ता है। हालांकि, नेशनल लाइब्रेरी ऑफ मेडिसिन में प्रकाशित एक जर्नल के मुताबिक, दुनिया भर में हर 8 में से एक महिला थायराइड की बीमारी से जूझ रही है, बावजूद इसके 60 प्रतिशत से अधिकतर महिलाएं इसके लक्षणों को लेकर अनजान रह जाती हैं। यानी थायराइड होने पर महिलाओं को इसके बारे में पता नहीं चल पाता है, ऐसे में समय के साथ ये समस्या और अधिक बढ़ती चली जाती है।
इसी कड़ी में इस लेख में हम आपको थायराइड होने पर शरीर में नजर आने वाले कुछ आम लक्षणों के बारे में बता रहे हैं। इन चेतावनी संकेतों को पहचानकर आप समय रहते सही इलाज के साथ इसे और अधिक बढ़ने से रोक सकते हैं।
इन लक्षणों को ना करें नजरअंदाज
थायराइड विकार होने पर आपको चेहरे पर अधिक सूजन दिखना, अचानक वजन बढ़ जाना, बहुत अधिक थकान महसूस होना, मासिक धर्म चक्र में असंतुलन, चिड़चिड़ापन रहना, पॉलीसिस्टिक ओवेरियन सिंड्रोम, मांसपेशियों में ऐंठन के साथ दर्द महसूस होना, बहुत ठंड लगना और ठंडा वातावरण सहन न कर पाना, कब्ज की परेशानी होना, स्किन और बालों का अधिक ड्राई होना, हाथ में झुनझुनी या दर्द महसूस होना, अत्यधिक पसीना आना, हार्ट बीट सामान्य से धीमी चलना, आदि समस्याओं का सामना करना पड़ता है।
ऐसे में अगर आपको भी इन तमाम परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है, तो और अधिक देरी किए डॉक्टर से सलाह जरूर लें। खासकर गर्भवती महिलाएं इन संकेतों को नजर आते ही तुरंत अपनी जांच कराएं।
क्या है बचाव का तरीका?
इससे पहले बता दें कि वैसे तो थायराइड विकार किसी भी उम्र की महिला को हो सकता है। हालांकि, जिन महिलाओं ने हाल ही में जन्म दिया है, उनमें इस विकार का खतरा अधिक रहता है। वहीं, हेल्थ एक्सपर्ट्स इससे पीड़ित महिलाओं और पुरुषों को नियमित एक्सरसाइज के साथ-साथ पर्याप्त मात्रा में नींद लेने, आयोडीन का पर्याप्त मात्रा में सेवन करने और तंबाकू जैसे हानिकारक पदार्थों से दूरी बनाने की सलाह देते हैं।
Disclaimer: आर्टिकल में लिखी गई सलाह और सुझाव सिर्फ सामान्य जानकारी है। किसी भी प्रकार की समस्या या सवाल के लिए डॉक्टर से जरूर परामर्श करें।
