हेल्दी और फिट शरीर के लिए अच्छा खानपान जरूरी है, क्योंकि खानपान और अनहेल्दी लाइफस्टाइल का सीधा असर पेट पर पड़ता है। दरअसल, शरीर का असली इम्यून सिस्टम और सेहत का आधार आंतें होती हैं। जब आंतें स्वस्थ होती हैं, तो पाचन सही रहता है। इससे शरीर में पोषक तत्व अच्छे से पहुंचते हैं और दिमाग भी शांत रहता है, लेकिन खराब खानपान, तनाव, प्रोसेस्ड फूड और एंटीबायोटिक्स जैसी चीजें गट माइक्रोबायोम को बिगाड़ देती हैं। गैस्ट्रोएंटेरोलॉजिस्ट के अनुसार, कुछ खास फूड कॉम्बिनेशन ऐसे हैं, जो आंतों को दोबारा ताकतवर बना सकते हैं, उनकी सफाई कर सकते हैं और गैस, कब्ज, सूजन जैसी परेशानियों से राहत दिला सकते हैं।

हार्वर्ड और स्टैनफोर्ड में प्रशिक्षित गैस्ट्रोएंटेरोलॉजिस्ट, डॉ. सौरभ सेठी के मुताबिक, सही खानपान शरीर के साथ-साथ हेल्थ के लिए भी बहुत महत्वपूर्ण है। इससे कई पाचन से लेकर कई बीमारियों से बचाव होता है। कुछ फूड्स का संयोजन यानी कॉम्बिनेशन पाचन स्वास्थ्य के लिए बेहतर होता है।

खट्टे फल और आयरन युक्त फूड

डॉ. सेठी के अनुसार, खट्टे फल में मौजूद विटामिन सी नॉन-हीम आयरन यानी शाकाहारी भोजन में पाया जाने वाला आयरन के अवशोषण को बहुत बढ़ाता है। ऐसे में खाने में दाल जैसे आयरन युक्त फूड्स के साथ कुछ खट्टे फल शामिल करें। इससे पाचन तंत्र अच्छा हो सकता है।

हल्दी और काली मिर्च

हल्दी और काली मिर्च आंतों के स्वास्थ्य के लिए बहुत फायदेमंद हैं। हल्दी में मौजूद करक्यूमिन नामक यौगिक में सूजनरोधी गुण होते हैं, जो आंतों की सूजन को कम करने में मदद करते हैं। काली मिर्च में मौजूद पिपेरिन नामक यौगिक पाचन में सुधार करता है और पोषक तत्वों के अवशोषण को बढ़ाता है। नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ हेल्थ के मुताबिक, हल्दी और काली मिर्च सूजन प्रबंधन, चयापचय सिंड्रोम, गठिया, चिंता और पाचन के लिए फायदेमंद है।

एवोकाडो और पत्तेदार साग

एवोकाडो और पत्तेदार साग दोनों आंतों के स्वास्थ्य के लिए बहुत फायदेमंद होते हैं। एवोकाडो में हेल्दी फैट और फाइबर होता है, जो पाचन को बेहतर बनाने और आंत के बैक्टीरिया को स्वस्थ रखने में मदद करता है। पत्तेदार साग, जैसे कि पालक और केल भी फाइबर और एंटीऑक्सीडेंट से भरपूर होते हैं, जो आंतों की सूजन को कम करने और पाचन को बेहतर बनाने में मदद करते हैं।

डार्क चॉकलेट और बादाम

बादाम के साथ डार्क चॉकलेट का मिश्रण न केवल स्वादिष्ट होता है, बल्कि यह आपके पाचन तंत्र के लिए भी अच्छा होता है। डॉ. सेठी के अनुसार, डार्क चॉकलेट और बादाम दोनों आंतों के स्वास्थ्य के लिए फायदेमंद हो सकते हैं, लेकिन अलग-अलग तरीकों से। डार्क चॉकलेट में मौजूद पॉलीफेनोल्स प्रीबायोटिक के रूप में काम कर सकते हैं, जो आंतों के स्वस्थ बैक्टीरिया को बढ़ावा देते हैं। बादाम, अपने हाई फाइबर सामग्री के कारण, पाचन में सुधार और कब्ज को कम करने में मदद कर सकते हैं।

इसके अलावा रसोई में रखी कई ऐसी चीजें है जिससे कोलेस्ट्रॉल को खत्म किया जा सकता है। कोलेस्ट्रॉल को खत्म करने के लिए तिल के बीज बहुत ही फायदेमंद होते हैं।