Heat in Stomach: गर्मी तेजी से रफ्तार पकड़ रही है। पारा दिनों दिन नए रिकॉर्ड भी बना रहा है। इस मौसम में भूख कम और प्यास ज्यादा लगती है। गर्मी में कुछ भी उल्टा-फुलटा खाया जाए तो पेट खराब हो जाता है, साथ ही कई बीमारियों का खतरा भी बढ़ने लगता है। इस मौसम में गर्मी का असर सिर्फ हमारी स्किन और बालों पर ही नहीं पड़ता बल्कि हमारे पेट पर भी पड़ता है।

गर्मी के सीजन में अधिकतर लोगों को पेट की गर्मी जैसी परेशानी का सामना करना पड़ता है जिसकी वजह से लूज मोशन और पेट दर्द की शिकायत हो सकती है। पेट की गर्मी की वजह से पेट दर्द के साथ ही पेट में जलन और बदहजमी हो सकती है।हेल्थलाइन की खबर के मुताबिक इस मौसम में अक्सर हमारा रोटी खाने का मन नहीं करता। कई बार ऐसा महसूस होता है कि रोटी खाने से पेट भारी हो जाता है और मोशन की शिकायत भी बढ़ जाती है।

आप जानते हैं कि गर्मी में अगर कुछ खास तरह के आटे का सेवन किया जाए तो आसानी से पेट की गर्मी को कंट्रोल किया जा सकता है। कुछ आटे का सेवन करने से पाचन दुरुस्त रहता है,बॉडी कूल रहती है और पेट की गर्मी भी खतम होती है। आइए जानते हैं कि गर्मी में पेट की गर्मी को दूर करने के लिए कौन-कौन से आटे से बनी रोटी का सेवन कर सकते हैं।

गेहूं का आटा खाएं पेट की गर्मी होगी कंट्रोल:

गर्मी में गेहूं का आटा पेट की गर्मी को कंट्रोल करता है। गेहूं का आटा पेट को कूलिंग इफेक्ट देता है और पाचन को दुरुस्त रखता है। चोकर सहित गेहूं का आटा पाचन को दुरूस्त करने में मदद करता है और पेट को कूल रखता है। आप इस आटे की रोटी सुबह के नाश्ते से लेकर दोपहर और रात के खाने तक में कर सकते हैं।

चने के आटे का सेवन करें:

चने का आटा औषधीय गुणों से भरपूर होता है। इस आटे की तासीर ठंडी होती है जिसका सेवन करने से गर्मी में पाचन दुरुस्त रहता है और पेट की गर्मी दूर होती है। चने का आटा डायबिटीज के मरीजों के लिए भी फायदेमंद है। इस आटे का सेवन करने से ब्लड शुगर का स्तर कंट्रोल रहता है। चने के आटे में भरपूर मात्रा में प्रोटीन मौजूद होता है जो मसल्‍स को स्ट्रॉन्ग बनाता है और वजन को कंट्रोल करता है।

बाजरे की रोटी खाएं:

अक्सर लोगों का मानना है कि बाजरे के आटे की रोटी बॉडी को गर्म रखती है लेकिन ऐसा नहीं है। बाजरे के आटे की रोटी गर्मी में पेट की गर्मी दूर करती है। बाजरे के आटे में बहुत अधिक पोषक तत्व मौजूद होते हैं जो बॉडी को हाइड्रेट रखते हैं। इसका सेवन करने से गर्मी में बॉडी हाइड्रेट रहती है और कई तरह की बीमारियों से भी छुटकारा मिलता है। आप गर्मी में पेट को ठंडा रखने के लिए बाजरे के आटे की रोटी का सेवन कर सकते हैं।