बदलते मौसम में बीमारियों का खतरा बढ़ने लगता है। इस मौसम में इम्यूनिटी कमजोर होने लगती है और मौसमी बीमारियां जैसे सर्दी,जुकाम और खांसी परेशान करने लगती है। सर्द मौसम का असर पाचन पर भी पड़ता है। इस मौसम में पानी कम पीते हैं, बॉडी एक्टिविटी कम होती है और पाचन बिगड़ने लगता है। ऐसे मौसम में बीमारियों से बचाव करने के लिए, बॉडी को डिटॉक्स करने के लिए और पाचन को दुरुस्त करने के लिए मुलेठी का पानी बेहद असरदार साबित होता है।

मुलेठी एक प्राचीन आयुर्वेदिक औषधि है, जिसका इस्तेमाल सदियों से शरीर की कई परेशानियों को दूर करने में किया जा रहा है। यह जड़ी-बूटी न सिर्फ गले के लिए बल्कि ओवर ऑल सेहत के लिए फायदेमंद मानी जाती है। मुलेठी में विटामिन A, विटामिन E, आयरन, कैल्शियम, मैग्नीशियम, पोटैशियम, फॉस्फोरस, जिंक और शक्तिशाली एंटीऑक्सीडेंट पाए जाते हैं। इसके साथ ही इसमें एंटी-माइक्रोबियल, एंटी-इंफ्लेमेटरी और इम्यूनिटी बूस्टिंग गुण भी मौजूद होते हैं।

आमतौर पर लोग सर्दी-जुकाम, खांसी और गले की खराश का इलाज करने के लिए मुलेठी का सेवन पान में करते हैं, लेकिन आप जानते हैं कि मुलेठी का सेवन उसका पानी बनाकर करना बेहद फायदेमंद होता है। मुलेठी का पानी शरीर को अंदर से डिटॉक्स करता है, इम्यूनिटी मजबूत करता है और पाचन में सुधार करता है। इस पानी को सर्दी में पीने से एनर्जी बूस्ट होती है।

आयुर्वेदिक एक्सपर्ट संयासी वेद जी ने बताया बदलते मौसम में अगर आप मुलेठी का सेवन करते हैं तो आपको नाक, कान और गले से जुड़ी बीमारियों का खतरा नहीं होगा। रोजाना सुबह खाली पेट मुलेठी का पानी पीने से शरीर को प्राकृतिक रूप से हील करने की शक्ति मिलती है। यह न केवल मौसमी बीमारियों से बचाव करता है बल्कि पेट की सूजन को कम करने में भी असरदार है। आइए जानते हैं कि मुलेठी का पानी पीने से सेहत को कौन कौन से फायदे होते हैं।

इम्यूनिटी होती है मजबूत

खाली पेट मुलेठी का पानी पीने से शरीर का इम्यून सिस्टम मजबूत होता है। इसमें मौजूद एंटीऑक्सीडेंट गुण शरीर को बैक्टीरिया और वायरस से बचाते हैं। यह मौसम बदलने पर होने वाली बीमारियों जैसे खांसी, बुखार और थकान से भी मददगार साबित होता है।

सर्दी-जुकाम से मिलती है राहत

मुलेठी में पाए जाने वाले एंटीवायरल और एंटी बैक्टीरियल गुण सर्दी-जुकाम, गले में खराश और कफ की समस्या में बेहद असरदार हैं। अगर आप सुबह खाली पेट मुलेठी का पानी पीते हैं तो यह गले की सूजन और बलगम को कम करता है और सांस लेने में आराम देता है।

शरीर की सूजन को कम करता है

मुलेठी में नैचुरल एंटी-इंफ्लेमेटरी तत्व होते हैं जो शरीर के अंदर सूजन को कम करने में मदद करते हैं। चाहे जोड़ों का दर्द हो, मांसपेशियों में खिंचाव हो या पेट की सूजन हो ये पानी नियमित पीने से आराम मिलता है।

पाचन तंत्र होता है दुरुस्त

खाली पेट मुलेठी का पानी पीना पाचन के लिए बेहद फायदेमंद है। इसमें मौजूद फाइबर और प्राकृतिक तत्व पाचन क्रिया को बेहतर बनाते हैं, पेट की गैस और कब्ज जैसी समस्याओं को दूर करता हैं और आंतों को हेल्दी रखता हैं।

डायबिटीज में भी है फायदेमंद

मुलेठी का पानी ब्लड शुगर लेवल को कंट्रोल रखने में मदद करता है। इसमें मौजूद एंटी-डायबिटिक गुण इंसुलिन सेंसिटिविटी को बढ़ाते हैं, जिससे शुगर कंट्रोल में रहता है। यह डायबिटीज के मरीजों के लिए एक बेहतरीन हर्बल उपाय है।

वजन करता है कंट्रोल

अगर आप वजन कम करना चाहते हैं, तो मुलेठी का पानी आपके लिए उपयोगी साबित हो सकता है। यह मेटाबॉलिज्म को तेज करता है, जिससे कैलोरी तेजी से बर्न होती हैं। साथ ही यह शरीर में फैट स्टोर होने से भी रोकता है।