डायबिटीज एक ऐसी क्रॉनिक बीमारी है जो कई बीमारियो का घर है।देश और दुनिया में शुगर के मरीजो की संख्या तेज़ी से बढ़ रही है। WHO के मुताबिक़ दुनिया भर में डायबिटीज के 42.2 करोड़ लोग डायबिटीज के शिकार हैं। आंकड़ों के मुताबिक 15 लाख लोगों की मौत हर साल डायबिटीज के कारण होती है। डायबिटीज को अगर कंट्रोल नहीं किया जाये तो दिल के रोगों, किडनी और लंग्स को नुक़सान पहुंच सकता है। अगर इस बीमारी के प्रति सतर्क नहीं रहेंगे तो आने वाले सालों में शुगर के मरीजों की संख्या में तेज़ी से इज़ाफा होगा।

डायबिटीज मरीज़ डाइट और लाइफस्टाइल में बदलाव करके ब्लड शुगर को कंट्रोल कर सकते हैं। डायबिटीज मरिज़ों की शुगर कंट्रोल करने में मिलेट्स का सेवन बेहद असरदार होता है। मिलेट्स बॉडी को एनर्जी देते हैं और ब्लड शुगर भी कंट्रोल करते हैं। मिलेट्स का सेवन करने से डायबिटीज मरीजों का वजन कंट्रोल रहता है और दिल के रोगों का खतरा भी कम रहता है। आइए जानते हैं कि डायबिटीज मरीज़ कौन से मिलेट्स का सेवन करें कि पूरा दिन शुगर कंट्रोल रहे।

मिलेट्स कैसे बॉडी के लिए पावरफुल अनाज है?

मिलेट्स जिसे साबुत अनाज भी कहा जाता है। ये अनाज प्रोटीन, एंटीऑक्सीडेंट और पोषक तत्वों से भरपूर होता है। पोषक तत्वों से भरपूर इस अनाज के सेहत को अनगिनत फायदे हैं। इसका सेवन करने से कोलेस्ट्रॉल कंट्रोल रहता है और दिल के रोगों का खतरा कम होता है। ग्लूटेन फ्री इस मिलेट्स का सेवन करने से ब्लड शुगर कंट्रोल रहती है। आइए जानते हैं कौन से 4 अनाज हैं जो ब्लड शुगर को कंट्रोल करते हैं।

फॉक्सटेल मिलेट का करें सेवन शुगर रहेगा नॉर्मल

डायबिटीज मरीज ब्लड शुगर कंट्रोल करने के लिए फॉक्सटेल मिलेट का सेवन करें। पोषक तत्वों से भरपूर ये अनाज डायबिटीज को कंट्रोल करने में असरदार साबित होता है। डायबिटीज मरीज फॉक्सटेल मिलेट यानी कंगनी और काकुम को अपनी डाइट में जरूर शामिल करें। ये अनाज ब्लड शुगर को कंट्रोल करते हैं। चावल और गेहूं का सेवन शुगर को तेजी से बढ़ाता है अगर डायबिटीज मरीज इनसे परहेज करें और फॉक्सटेल मिलेट का सेवन करें तो शुगर को असानी से कंट्रोल कर सकते हैं।

एक रिसर्च के मुताबिक टाइप-2 डायबिटीज के जिन मरीजों ने फॉक्सटेल बाजरा का सेवन किया उनकी ब्लड शुगर कंट्रोल रही। इस अनाज का सेवन करने से इंसुलिन का नेचुरल तरीके से उत्पादन हुआ और कोलेस्ट्रॉल भी कंट्रोल रहा। रिसर्च के मुताबिक नाश्ते में चावल के बजाय फॉक्सटेल बाजरे का सेवन करने से पोस्ट मील शुगर कंट्रोल रहती है।

ज्वार का करें सेवन

ज्वारा एक लो ग्लाइसेमिक अनाज है जो फाइबर से भरपूर होता है। लो ग्लाइसेमिक और फाइबर की अधिकता होने के कारण ही ये अनाज शुगर के मरीजों के लिए बेस्ट है। इसका सेवन करने से ब्लड में शुगर का स्तर कंट्रोल रहता है। इसका सेवन करने से कोलेस्ट्रॉल कंट्रोल रहता है और वजन भी कम रहता है। ज्वार अनाज की बनी रोटी शुगर को बढ़ने नहीं देती।

बाजरा का करें सेवन

सर्दी में बाजरा का आटा सेहत के लिए बेहद फायदेमंद है। इस अनाज का ग्लाइसेमिक इंडेक्स कम होता है जो ब्लड शुगर को कंट्रोल करता है। इसमें मौजूद पोषक तत्वों की बात करें तो इसमें आयरन, कैल्शियम और मैग्नीशियम भरपूर होता है जो शुगर को कंट्रोल करता है। बाजरा का सेवन रोटी, भाकरी और अन्य व्यंजन बनाने में भी किया जा सकता है।

लिटिल मिलेट्स (कुटकी)

डायबिटीज मरीज ब्लड शुगर को कंट्रोल करने के लिए कुटकी का सेवन करें। यह अनाज आमतौर पर भारत के पूर्वी हिस्सों में उगाया जाता है जिसका उपयोग खिचड़ी, उपमा और अन्य व्यंजन बनाने में किया जाता है। इस अनाज में मौजूद पोषक तत्वों की बात करें तो इसमें डाइटरी फाइबर, प्रोटीन और खनिज भरपूर मौजूद होते हैं।