दही हमारी थाली का अहम हिस्सा है जिसे अक्सर हम दिनभर के खाने के साथ लेना पसंद करते हैं। दही खाने से बॉडी को जरूरी पोषक तत्व मिलते हैं। दही का सेवन करने से बॉडी हाइड्रेट रहती है और बॉडी में जरूरी पोषक तत्वों की कमी भी पूरी होती है। गर्मी के मौसम में हम खासतौर पर दही का सेवन करते हैं लेकिन सर्दी में दही का सेवन करने से परहेज करते हैं। अक्सर लोगों का मानना है कि सर्दी में दही खाने से सर्दी-जुकाम और खांसी की परेशानी बढ़ने लगती है,इसलिए सर्दियों के मौसम में लोग दही का सेवन करने से परहेज करते हैं।
पोषण विशेषज्ञ किरण कुकरेजा ने इंस्टाग्राम पर दही खाने को लेकर कुछ टिप्स सांझा किए है जिसमें बताया है कि दही ठंडा होता है लेकिन बॉडी पर ये गर्म प्रभाव डालता है इसलिए इसे आप अपनी सर्दी की डाइट में शामिल कर सकते हैं। सर्दी में दही का सेवन आपको कड़ाके की सर्दी से राहत दिलाता है। एक्सपर्ट के मुताबिक दही का सेवन विंटर डाइट में करना सेहत के लिए उपयोगी होता है। इसमें हेल्दी प्रोबायोटिक्स होते हैं जो आपके पेट की सेहत के लिए जरूरी है।
दही का सेवन पाचन को दुरुस्त करता है और मेटाबॉलिज्म को बूस्ट करता है जो शरीर को आंतरिक रूप से गर्मी पैदा करने में मदद करता है। कुकरेजा ने बताया कि प्रोबायोटिक्स पाचन में सहायता करता हैं और इम्युनिटी में सुधार करता है। इसका सेवन करने से आप मौसमी बीमारियों से महफूज रहते हैं। आइए एक्सपर्ट से जानते हैं कि सर्दी में दही का सेवन कैसे करें और उससे बॉडी को कौन-कौन से फायदे हो सकते हैं।
सर्दी में रोज़ाना दही का सेवन करने से बॉडी पर कैसा असर पड़ता हैं?
Rich Diets24 की सर्टीफाइट स्पोर्ट्स न्यूट्रिशनिस्ट डॉ. पूजा शर्मा ने बताया कि सर्दियों में दही का सेवन सेहत के लिए फायदेमंद हो सकता है। दही का सेवन करने से आंतों की सेहत दुरुस्त रहती है। दही में मौजूद प्रोबायोटिक्स आंतों की अच्छी सेहत के लिए जरूरी है। दही पोषक तत्वों का पावर हाउस है जो बॉडी को पोषण देता है। रोजाना एक कप दही का सेवन करने से आपके शरीर में कैल्शियम की मात्रा बढ़ जाती है जो कोर्टिसोल के स्राव को सीमित करती है,जिससे आपको वजन कम करने में मदद मिलती है।
सर्दी में दही का सेवन कैसे करें?
अगर आपको सर्दी-जुकाम है और ऐसे में आप दही का सेवन फ्रिज से निकाल कर करते हैं तो इसके ठंडे तापमान के कारण आपको कुछ दिक्कतें हो सकती हैं। कुकरेजा ने कहा कि कमरे के तापमान पर आप दही का सेवन उसमें काली मिर्च पाउडर के साथ कर सकते हैं जिससे आपका गला खराब नहीं होगा।
दही का सेवन कैसे सेहत को फायदा पहुंचाता है?
- हेल्थ कोच दानिश अब्बासी ने बताया कि दही का सेवन करने से कई बीमारियों का उपचार होता है। दही में बायोएक्टिव पेप्टाइड्स होते हैं जो ब्लड प्रेशर को कंट्रोल करने में मदद करते हैं। दही का सेवन करने से ब्लड प्रेशर कंट्रोल रहता है।
- दही में मौजूद प्रोबायोटिक्स कोलेस्ट्रॉल के स्तर में सुधार करता है। दही का सेवन करने से दिल के रोगों का खतरा कम होता है।
- दही का सेवन वजव कंट्रोल करता है। सर्दी में भी दही का सेवन सेहत के लिए फायदेमंद होता है।
- शरीर के तापमान को बनाए रखने के लिए गर्म खाद्य पदार्थों के साथ इसे कॉम्बिनेशन करके खाना सेहत के लिए फायदेमंद होता है।