भारतीय फुटबॉल टीम के पूर्व कप्तान और देश के जाने-माने  खिलाड़ी सुनील छेत्री ने एक वीडियो शेयर कर बताया है कि वजन कम करने के लिए कोल्ड बाथ लेना बेहद असरदार साबित होता है। पेरिस ओलंपिक में खिलाड़ियों के वजन को लेकर चर्चा बेहद जोरों पर है। पेरिस ओलंपिक 2024 में रेसलर विनेश फोगाट का वजन बढ़ गया था जिसकी वजह से वह फाइनल से डिस्क्वालिफाई हो गई थीं, उसके बाद रेसलर अमन सेहरावत की वेट लॉस जर्नी को लेकर खासा चर्चा में रही। अमन सेहरावत के कोच ने बताया था कि उन्होंने एक रात में वजन कम करने के लिए सौना बाथ का सहारा लिया था।

वजन कम करने को लेकर चर्चा आम है जिसपर फुटबॉल खिलाड़ी सुनील छेत्री ने बताया कि वजन कम करने के लिए और बॉडी को जल्दी रिकवर करने के लिए ठंडे पानी से नहाना बेहद असरदार है। खिलाड़ी ने बताया कि सर्दी में भी ठंडे पानी से नहाना वजन कम करने का बेहतर तरीका है। उन्होंने बताया कि ठंडे पानी से नहाकर किसी की मौत नहीं होती।

खिलाड़ी ने अपनी डेली रूटीन को साझा करते हुए बताया कि वो सुबह 6 बजे उठते हैं और सबसे पहले गर्म पानी पीते हैं। वो नहाने के लिए गर्म पानी नहीं बल्कि ठंडे पानी का इस्तेमाल करते हैं। उन्होंने सोशल मीडिया पर सलाह दी है कि वजन कम करने के लिए और बॉडी की फास्ट रिकवरी के लिए ठंडे पानी से नहाना बेहद असरदार साबित होता है।

खिलाड़ी ने बताया कि दिल्ली की सर्दियों में भी जितना ठंडा पानी होगा उतना फायदा होगा। पूर्व कप्तान ने बताया कि आप ठंडे पानी से नहाकर मरेंगे नहीं बल्कि ज्यादा फिट रहेंगे। फुटबॉल के दिग्गज ने वीडियो शेयर कर जो जानकारी दी है क्या सचमुच इसमें कुछ सच्चाई है। आइए डॉक्टर से जानते हैं कि क्या सचमुच ठंडे पानी से नहाकर वजन कम करने और बॉडी को रिकवर करने में मदद मिलती है।

कोल्ड बाथ क्या सचमुच वजन कम करता है और रिकवरी करता है फास्ट?

मारेंगो एशिया अस्पताल, गुरुग्राम में  सीनियर रजिस्ट्रार क्रिटिकल केयर और इमरजेंसी में डॉ. मुजामिल सुल्तान कोका ने बताया कि फुटबॉलर के सुझाव में काफी हद तक सच्चाई है। डॉक्टर ने बताया कि ठंडे पानी से नहाने से ब्लड सर्कुलेशन में सुधार होता है और रिकवरी तेजी से होती है। डॉक्टर ने बताया कि कोल्ड बाथ वजन कम करने में भी मदद करता है। हालांकि कोल्ड बाथ से वजन कम करने में मदद मिलती है इसपर अभी कोई वैज्ञानिक शोध नहीं हुआ है। लेकिन ये कहने में कोई गुरेज नहीं होगा कि रोजाना ठंडे पानी से नहाने से तनाव कम होता और मूड में सुधार होता है। डॉक्टर के मुताबिक रोजाना कोल्ड बाथ लेने से मानसिक सेहत में सुधार होता है।

सीके बिड़ला अस्पताल, दिल्ली की डायरेक्टर इंटरनल मेडिसिन की डॉ. मनीषा अरोड़ा ने बताया कि ठंड के संपर्क में आने से सिस्टम को झटका लग सकता है। सिंपैथेटिक नर्वस सिस्टम स्टिमुलेट हो सकता है जिसकी वजह से हार्ट रेट बढ़ सकती है। डॉ.अरोड़ा ने  बताया हालांकि समय के साथ शरीर ठंड के अनुकूल ढल जाता है और इस जोखिम को लेने से बॉडी को कई तरह के फायदे होते हैं।

ठंडे पानी से नहाने के सेहत को कौन-कौन से होते हैं फायदे

  • ठंडे पानी से नहाने से ब्लड सर्कुलेशन में सुधार होता है। ठंडे पानी से ब्लड वैसल्स सिकुड़ती हैं और फिर फैल जाती हैं, जिससे ओवर ऑल ब्लड सर्कुलेशन में सुधार होता है।
  • ठंडे पानी से नहाने से रिकवरी तेज होती है।  तीव्र शारीरिक गतिविधि के बाद ठंडे पानी से नहाने से मांसपेशियों के दर्द और सूजन से राहत मिलती है।
  • इम्युनिटी होती है स्ट्रांग। नियमित रूप से ठंडा पानी से नहाने से रेड ब्लड सेल्स का उत्पादन उत्तेजित होता है जिससे इम्युनिटी स्ट्रांग होती है।
  • ठंडे पानी से नहाने से सतर्कता और एनर्जी के स्तर में सुधार होता है।
  • कोल्ड बाथ लेने से स्किन और बाल हेल्दी रहते हैं। ठंडा पानी स्किन पोर्स और क्यूटिकल्स को टाइट करता है जिससे स्किन और बालों की स्थिति में सुधार होता है।
  • वेट लॉस करने में कोल्ड बाथ बेहद उपयोगी है। ठंड के संपर्क में आने से भूरे रंग की वसा सक्रिय हो जाती है, जो गर्मी पैदा करने के लिए कैलोरी बर्न करती है।
  • कोल्ड बाथ लेने से कोर्टिसोल के स्तर में सुधार होता है जिससे तनाव कम होता है।
  • डिप्रेशन का होता है इलाज। ठंडा पानी एंडोर्फिन का उत्पादन बढ़ाता है, जो नेचुरल मूड लिफ्टर है।