अगर आपके घर में पालतू कुत्ता मौजूद है, तो ये खबर आपके लिए है। हम में से अधिकतर लोग कई बार खुद जो कुछ भी खाते-पीते हैं, वैसा ही खाना अपने पेट्स को खिला देते हैं। हालांकि, अगर आप अपने डॉगी के साथ ऐसा कर रहे हैं, तो बता दें कि ये उनको सीधे तौर पर नुकसान पहुंचाने जैसा है। बेहद कम लोग जानते होंगे कि इंसानों द्वारा खाए जाने वाले कुछ खास फूड कुत्तों के लिए हानिकारक साबित हो सकते हैं। इस लेख में हम आपको ऐसे ही 5 फूड्स के बारे में बता रहे हैं।
चॉकलेट
चॉकलेट स्वाद में तो लाजवाब होती ही है, साथ ही इसके सेहत पर भी कई फायदे हैं। चॉकलेट हृदय के स्वास्थ्य को बनाए रखने में असरदार है। इसके अलावा हेल्थ एक्सपर्ट्स ब्लड प्रेशर, कोलेस्ट्रॉल, तंत्रिका तंत्र आदि से जुड़ी परेशानियों में भी डार्क चॉकलेट खाने को फायदेमंद बताते हैं। हालांकि, इंसानों के लिए फायदेमंद चॉकलेट्स कुत्तों को नुकसान पहुंचा सकती है। हेल्थ एक्सपर्ट्स के मुताबिक, चॉकलेट में मौजूद थियोब्रोमाइन पालतू जानवरों के लिए खतरनाक हो सकता है। वहीं, कुत्ते को ये अधिक नुकसान पहुंचाता है। इससे उन्हें दस्त, उल्टी और डिहाइड्रेशन जैसी परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है। इसके अलावा चॉकलेट्स खाने से कुत्तों को हार्टबीट में असामान्यता, कंपकंपी, दौरे जैसी परेशानियां हो सकती हैं, यहां तक की कई गंभीर मामलों में ये उनकी मौत का कारण भी बन सकता है।
कुछ खास फल
फल खाना हमारे लिए फायदेमंद है, लेकिन कुछ खास फल कुत्तों की सेहत के लिए बेहद हानिकारक हो सकते हैं। इनमें एवोकाडो, चेरी, किशमिश, अंगूर, खट्टे फल जैसे संतरा, नींबू आदि शामिल हैं। इस तरह के फ्रूट्स खाने से डॉग्स को उल्टी, दस्त, कंपकंपी, किडनी फेलियर आदि समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है। इसके अलावा इन फलों को खाने पर दम घुटने से उनकी जान भी जा सकती है।
आइसक्रीम
कुत्तों के लिए आइसक्रीम खाना भी नुकसानदायक हो सकता है। इसे खाने से कुत्तों की सेहत बिगड़ सकती है। दरअसल, आइसक्रीम में चीनी की मात्रा काफी होती है, जो डॉगी की हेल्थ के लिए सही नहीं है।
लहसुन और प्याज
लहसुन और प्याज खाने से कुत्तों की रेड ब्लड सेल्स डैमेज हो सकती हैं, जिससे उन्हें एनीमिया हो सकता है। साथ ही इन दोनों चीजों को खाने से कमजोरी, उल्टी और सांस लेने में दिक्कत होने जैसी परेशानी भी आपके डॉग को घेर सकती हैं।
किशमिश
इन सब के अलावा किशमिश कुत्तों के गुर्दे को गंभीर क्षति पहुंचा सकती है। ऐसे में वे अधिक बीमार हो सकते हैं। इसलिए अपने पैट डॉग्स को किशमिश भी ना खिलाएं।
Disclaimer: आर्टिकल में लिखी गई सलाह और सुझाव सिर्फ सामान्य जानकारी है। किसी भी प्रकार की समस्या या सवाल के लिए डॉक्टर से जरूर परामर्श करें।