खजूर एक स्वादिष्ट और पौष्टिक फल है जिसका सेवन दुनिया भर में बड़े पैमाने पर किया जाता है। खजूर में मौजूद पोषक तत्वों की बात करें तो इसमें हाई फाइबर, पोटैशियम और आयरन मौजूद होता हैं जो बॉडी को हेल्दी रखता है। खजूर एक ऐसा फूड है जिसकी तासीर गर्म होती है, गर्मी में इसका सेवन करने से बॉडी में हीट बढ़ने का खतरा रहता है। गर्मियों के महीनों में एक आम सवाल उठता है कि क्या हम गर्मी में खजूर का सेवन कर सकते हैं या नहीं?
गर्मी में खजूर का सेवन करें या नहीं करें इस पर हमने आयुर्वेदिक एक्सपर्ट आचार्य बालकृष्ण से बात की है। उन्होंने खजूर का सेवन गर्मी में कैसे कर सकते हैं,इसका तरीका बताया है। आइए एक्सपर्ट से जानते हैं कि गर्मी में खजूर खा सकते हैं या नहीं? अगर खाएं तो इसका सेवन कैसे करें।
क्या खजूर का सेवन गर्मी में कर सकते हैं?
खजूर की तासीर गर्म होती है लेकिन फिर भी गर्मी में खजूर का सेवन कर सकते हैं। गर्मी में खजूर का सेवन अगर कुछ खास तरीके से किया जाए तो बॉडी को ताकत मिलेगी और इसकी गर्म तासीर भी ठंडी हो जाएगी। एक्सपर्ट के मुताबिक गर्मी में खजूर का सेवन करना चाहते हैं तो उसकी गुठली निकालकर उसे रात में एक गिलास पानी में भिगो दें। सुबह इस खजूर को चबाकर खाएं आपकी बॉडी को भरपूर ताकत मिलेगी। गर्मी में खजूर भिगोकर खाने से उसकी तासीर ठंडी हो जाएगी।
गर्मी में खजूर का सेवन करने से कौन-कौन सी बीमारियों का होता है उपचार
यूरिन की परेशानियां होती हैं दूर
गर्मी में अगर खजूर का सेवन किया जाए तो पेशाब से जुड़ी परेशानियों का उपचार होता है। अगर किसी को यूरिन कम आता है या मूत्र में किसी तरह की समस्या है तो आप खजूर की पत्तियों को कूटकर उसका शर्बत बना लें और उसका सेवन करें। खजूर के साथ ही उसकी पत्तियों का सेवन करने से मूत्र से जुड़ी परेशानियों का उपचार होगा।
हड्डियां होती हैं मजबूत
गर्मी में खजूर का सेवन करने से ना सिर्फ कमजोरी और थकान दूर होती है बल्कि हड्डियां भी मजबूत होती है। खजूर में कॉपर, सेलेनियम और मैग्नीशियम भरपूर मात्रा में होता हैं जो हड्डियों को मजबूत बनाए रखने में मदद करता है।
गट हेल्थ रहती है दुरुस्त
गर्मी में अगर खजूर का सेवन किया जाए तो पाचन दुरुस्त रहता है। फाइबर से भरपूर खजूर में आंतों की समस्याओं का इलाज करने के गुण मौजूद हैं।
किडनी के रोगों का करती है इलाज
अगर आपको किडनी से जुड़ी कोई परेशानी है तो आप खजूर का सेवन कर सकते हैं। खजूर के अलावा खजूर के पत्ते भी किडनी के रोगों का उपचार करने में असरदार साबित होते हैं।