How to lose 10 kilogram weight parmanently: वजन घटाना लोग जितना चुनौतीपूर्ण समझते हैं, उतना है नहीं लेकिन जब लोगों के मन में आलस्य रहता है तो वजन को घटाना मुश्किल हो जाता है। कुछ लोग वजन घटाने के लिए काफी मेहनत करते हैं लेकिन कई गलतियों की वजह से मोटापा खत्म नहीं होता। कुछ लोग बहुत कठिन मेहनत कर एक-दो महीने के अंदर वजन कम तो कर लेते हैं लेकिन फिर कुछ महीने बाद ही वजन तेजी से बढ़ने लगता है। ऐसे में वजन घटाने का कोई फायदा नहीं होता।
दरअसल, वजन घटाना कोई मैजिक नहीं। अगर आप कठिन मेहनत कर तेजी से वजन घटा भी लेते हैं तो इसका कोई फायदा नहीं। तेजी से वजन घटाना बुद्धिमानी नहीं है, जरूरत इस बात की है कि स्थायी रूप से वजन कैसे घटाया जाए। यहां दिए जा रहे रूल को यदि आप फॉलो करेंगे तो दो महीने के अंदर 10 किलो तक वजन घट सकता है और यह स्थायी रह सकता है।
स्थायी रूप से वजन घटाने का फॉर्मूला
छोटे स्टेप्स से शुरुआत करें
कोरियल मेल में डायटीशियन कोले मैकलिओड कहती हैं कि यदि आप स्थायी रूप से वजन को घटाना चाहते हैं तो छोटे-छोटे स्टेप्स से शुरुआत कीजिए। इसके लिए पहले वॉकिंग या रनिंग से शुरुआत कीजिए। इसमें भी जल्दबाजी मत कीजिए, जैसे एक ही दिन में 10 किलोमीटर तक वॉक करना पागलपन होगा। धीरे-धीरे स्टेप्स को बढ़ाए। पहले दिन आधे किलोमीटर से शुरुआत कीजिए। उसके बाद एक, फिर डेढ़, फिर दो किलोमीटर तक स्टेप्स बढ़ाते चलिए। इसी तरह डाइट पर भी धीरे-धीरे लगाम लगाइए। जैसे ही परेशानी होने लगे वैसे ही वही रूक जाइए।
बेसिक नियम बनाएं
सबसे पहले बेसिक नियम बनाएं, जैसे कि अब से इतनी देर तक वॉक करना, इतनी देर तक रनिंग करना या स्विमिंग करना। दिन में दो बार वॉक या रनिंग पर जाना, इतना पानी पीना, इतनी चीजों पर पाबंदी लगाना यानी डाइट के हिस्सों में कटौती करना। इस तरह की बेसिक चीजों से शुरुआत करेंगे तो इसका फायदा लॉन्ग लास्टिंग मिलेगा। सबसे जरूरी बात कि मन में ठानना होगा कि हमें ये काम करना है।
डाइट में कटौती कीजिए
मोटापे पर लगाम लगाने के लिए डाइट में कटौती करना बहुत जरूरी है। सबसे पहले जितने भी अनहेल्दी फूड जैसे कि पिज्जा, बर्गर, तली-भुनी चीजें, ज्यादा मीठी चीजें, ज्यादा नमक, जंक फूड, फास्ट फूड, प्रोसेस्ड फूड आदि को पूरी तरह से छोड़नी होगा। इसके बाद कार्बोहाइड्रैट वाले फूड की मात्रा कम करनी होगी और प्रोटीन वाले फूड को बढ़ाना होगा। थाली में आधी सब्जी और फलों को शामिल करना चाहिए। पर्याप्त मात्रा में पानी भी जरूर पिएं।
स्थायी अभ्यास भी है जरूरी
यदि वजन को स्थायी रूप से खत्म करना है तो स्थायी अभ्यास की जरूरत होगी। यानी जो भी आप काम करते हैं वजन कम करने के लिए उसे नियमित रूप से करना होगा। जैसे यदि आप दिन में दो बार वॉक, रनिंग के लिए निकलते हैं तो इसे भूलिए मत रोजाना जाइए। साथ ही भोजन में जो कटौती की है, उसे नियमित रूटीन में पालन कीजिए। योगा, मेडिटेशन आदि को भी नियमित दिनचर्या बनाइए।
आराम करना भी जरूरी
कठिन मेहनत करने के बाद आराम करना भी नहीं भूलिए। आराम से शारीरिक और मानसिक दोनों तरह की थकान दूर होती है। सप्ताह में एक दिन वॉक या एक्सरसाइज भी मत कीजिए। एक दिन पूरे शरीर को आराम दीजिए। क्रिएटिव काम या गेम में दिलचस्पी लीजिए। लोगों के साथ सकारात्मक संवाद कायम कीजिए।