सर्दी का मौसम अपने चरम पर है। खासकर सुबह शाम बेहद सर्द हवाओं के चलते ठिठुरन का एहसास बढ़ने लगा है। ऐसे में लोग गर्म रजाई से निकलना कम ही पसंद करते हैं। हालांकि, सर्दी के मौसम में अधिकतर लोग बार-बार पेशाब जाने की समस्या से परेशान रहते हैं। खासकर रात को गहरी नींद से उठकर बार-बार पेशाब जाना बड़ी मुसीबत बन जाता है। अगर आप भी इन्हीं लोगों में से एक हैं और इस परेशानी से निजात पाना चाहते हैं, तो ये आर्टिकल आपके लिए मददगार साबित हो सकता है।
इससे पहले बता दें कि रात को नींद से उठकर पेशाब न जाने पड़े, इसके लिए कई लोग पानी पीना कम कर देते हैं या प्यास लगने पर भी रात के समय पानी नहीं पीते हैं। अगर आप भी इस तरीके को अपनाते हैं, तो बता दें कि ऐसा कर आप अपनी सेहत के साथ गंभीर खिलवाड़ कर रहे हैं। पेशाब जाने से बचने के लिए पानी न पीना सीधे तौर पर स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं को दावत देना है। इससे कई परेशानियां हो होती हैं, साथ ही पेशाब आने की परेशानी और अधिक बढ़ भी सकती है।
दरअसल, हेल्थ एक्सपर्ट्स बताते हैं कि शरीर में पानी की कमी के चलते आपको यूटीआई यानी यूरीनरी ट्रैक्ट इंफेक्शन से जूझना पड़ सकता है। इस स्थिति में भी आपको बार-बार पेशाब आना, पेशाब में जलन, दर्द, प्राइवेट पार्ट में खुजली जैसी समस्याएं परेशान कर सकती हैं। इसके अलावा पानी की कमी आपको और भी कई बीमारियों का शिकार बना सकती है। ऐसे में अगर आप पेशाब जाने से बचने के लिए पानी नहीं पी रहे हैं, तो इस आदत को आज ही बदल दें।
फिर कैसे पाई जा सकती है निजात?
इससे पहले समझ लेते हैं कि आखिर ठंड के मौसम में बार-बार पेशाब जाने की समस्या अधिक क्यों बढ़ जाती है-
दरअसल, आमतौर पर हमारे शरीर को अपना तापमान 37 डिग्री सेल्सियस के आस-पास रखना होता है, लेकिन सर्दी के मौसम में जब ठंड बहुत अधिक बढ़ जाती है तब इस तापमान को बनाए रखने के लिए अधिक मात्रा में ब्लड सर्कुलेशन की जरूरत होती है। इसके लिए हार्ट बहुत तेजी से और जल्दी-जल्दी पंप करता है और ब्लड का फ्लो भी अधिक तेज हो जाता है। अब, ब्लड जब सामान्य से तेज गति में पूरे शरीर में सर्कुलेट होता है तो बॉडी ऑर्गन्स भी अधिक तेजी से काम करते हैं और यही बात किडनी पर भी लागू होती है।
किडनी का काम शरीर में मौजूद विषाक्त पदार्थों को फिल्टर कर उन्हें पेशाब के रास्ते बाहर निकालना होता है। ऐसे में किडनी के अधिक तेजी से काम करने पर आपको पेशाब भी जल्दी-जल्दी आता है। यानी अगर आप इस समस्या से निजात पाना चाहते हैं, तो इसके लिए शरीर को गर्म रखना जरूरी है।
ये चीजे करेंगी मदद
इस स्थिति से बचने के लिए आप ठंडे पानी की जगह गुनगुना पानी पी सकते हैं। इससे आपका शरीर गर्म रहेगा। इससे अलग आप सोने से पहले हल्दी, केसर या अंजीर का दूध पी सकते हैं। ये आपकी सेहत को फायदा पहुंचाने के साथ-साथ बॉडी को भी गर्म रखता है। इन सब के अलावा कानों और हाथ-पैरों को ढककर रखें। इस तरह आप इस समस्या से काफी हद तक निजात पा सकते हैं।
Disclaimer: आर्टिकल में लिखी गई सलाह और सुझाव सिर्फ सामान्य जानकारी है। किसी भी प्रकार की समस्या या सवाल के लिए डॉक्टर से जरूर परामर्श करें।