यूरिन हमारे शरीर में मौजूद गंदगी को बाहर निकालने का काम करता है। इससे अलग पेशाब हमारी सेहत से जुड़े कई राज भी खोल सकता है। आपको जानकर हैरानी होगी, लेकिन आप केवल अपने पेशाब को देखने भर से ही शरीर में पल रहीं कई गंभीर बीमारियों के बारे में पता लगा सकते हैं। जैसे कई बार लोगों को पेशाब में झाग आने की समस्या होने लगती है, जिसे आम बात समझकर अधिकतर लोग नजरअंदाज कर देते हैं। हालांकि, आपको बता दें कि आपकी ये गलती सेहत पर भारी पड़ सकती है। आइए जानते हैं कैसे-

हेल्थ एक्सपर्ट्स के मुताबिक, आमतौर पर यूरिन में झाग दिखाई देना ब्लैडर के फुल होने का संकेत होता है। साथ ही अधिक प्रेशर के साथ पेशाब करने पर भी झाग आ सकते हैं। हालांकि, इससे अलग यूरिन में झाग किसी अन्य गंभीर बीमारी की ओर इशारा भी हो सकता है।

किडनी में परेशानी

अगर आपको लगातार कई दिनों से पेशाब में झाग आ रहे हैं, तो ये प्रोटीन्यूरिया का लक्षण हो सकता है, जो किडनी के ठप होने की ओर इशारा है। दरअसल, किडनी ही शरीर में मौजूद गंदगी को फिल्टर कर यूरिन के रास्ते बाहर निकालने का काम करती हैं। हालांकि, इनके ठीक ढंग से काम ना करने पर पेशाब में प्रोटीन आने लगता है, इसे ही प्रोटीन्यूरिया कहा जाता है। आसान भाषा में कहें तो जब पेशाब के माध्यम से अधिक मात्रा में एल्ब्यूमिन जैसे प्रोटीन निकलने लगते हैं, तब ये हवा के साथ प्रतिक्रिया कर झाग उत्पन्न करते हैं। ऐसे में अगली बार आपको इस तरह की परेशानी का सामना करना पड़े तो बिना अधिक देरी किए किडनी की जांच जरूर करा लें।

डायबिटीज

पेशाब में झाग आना डायबिटीज का लक्षण भी हो सकता है। बल्ड शुगर का लेवल बढ़ने पर मूत्र संबंधी समस्याएं बढ़ने लगती हैं, जिसमें पेशाब से झाग आना भी आम है। हालांकि, हर मामले में झाग आना डायबिटीज का संकेत नहीं है। ऐसे में आप यूरिन टेस्ट कर पता लगा सकते हैं।

डिहाइड्रेशन

पेशाब में झाग आना शरीर में पानी की कमी का भी एक लक्षण हो सकता है। शरीर में पानी की सही मात्रा ना होने के चलते यूरिन ज्यादा कंसन्ट्रेटेड होने लगता है, जिसके चलते झागदार पेशाब आने लगता है। ऐसे में पर्याप्त मात्रा में पानी पीएं।

रेट्रोग्रेड एजाकुलेशन

रेट्रोग्रेड एजाकुलेशन पुरुषों से जुड़ी एक रेयर समस्या है, जिसमें वीर्य लिंग से निकलने की जगह वापस मूत्राशय में चला जाता है। इसके चलते भी पेशाब से झाग आने लगते हैं। इस स्थिति में भी समय रहते जांच करा लेना जरूरी है।

यूरिनरी ट्रैक्ट इन्फेक्शन

इन सब के अलावा यूरिनरी ट्रैक्ट इन्फेक्शन के चलते भी पेशाब में झाग आने की समस्या हो सकती है। महिलाओं में ये परेशानी अधिक देखने को मिलती है। यू.टी.आई से पीड़ित महिलाओं को पेशाब के रंग में बदलाव या इससे बदबू आने जैसे लक्षण भी देखिई दे सकते हैं। साथ ही ऐसे में पेशाब के साथ जलन होना भी आम है।

Disclaimer: आर्टिकल में लिखी गई सलाह और सुझाव सिर्फ सामान्य जानकारी है। किसी भी प्रकार की समस्या या सवाल के लिए डॉक्टर से जरूर परामर्श करें।