हेल्दी और फिट रहने के लिए दिन की शुरुआत सुपर एनर्जेटिक बहुत ही जरूरी है, इससे शरीर भी एक्टिव रहता है और दिन भी बहुत अच्छा रहता है। अगर, आप अपनी बॉडी को सुपर एक्टिव और मांसपेशियों को मजबूत बनाना चाहते हैं तो सुबह की दिनचर्या में कुछ हेल्दी आदतें अपनाना फायदेमंद होगा। कई रिसर्च के अनुसार, सुबह की सही शुरुआत न सिर्फ शरीर को ऊर्जावान बनाती है, बल्कि मांसपेशियों को भी मजबूती देती है। ऐसे में 30 दिनों तक कुछ चीजों को फॉलो करने से बेहतरीन रिजल्ट मिल सकते हैं। मैक्स हॉस्पिटल, वैशाली, एसोसिएट डायरेक्टर – ऑर्थोपेडिक्स और जॉइंट रिप्लेसमेंट, डॉ. अखिलेश यादव ने कुछ एक्टिविटी बताई हैं। जिनकी मदद से शरीर को बहुत फायदे मिलेंगे और कई बीमारियों से भी बचाव होगा।
उठते ही गुनगुना पानी पिएं
रातभर शरीर में डिटॉक्सिफिकेशन होता है, इसलिए सुबह सबसे पहले गुनगुना पानी पीना जरूरी है। यह मेटाबॉलिज्म को बूस्ट करता है और पाचन तंत्र को दुरुस्त रखता है। इससे शरीर में ताजगी बनी रहती है और थकान महसूस नहीं होती।
स्ट्रेचिंग करें
सुबह एक्सरसाइज या योग करने से शरीर का स्टैमिना बढ़ता है और ब्लड सर्कुलेशन बेहतर होता है। सूर्य नमस्कार, स्क्वाट्स, पुश-अप्स और स्ट्रेचिंग मांसपेशियों को मजबूत बनाते हैं। इससे शरीर लचीला और ताकतवर बनता है, जिससे दिनभर थकान नहीं होती।
पुश अप करें
पुश-अप एक बेहतरीन एक्टिविटी है, जो ऊपरी शरीर और कोर को मजबूत करता है। ये मांसपेशियों की सहनशक्ति और स्थिरता में सुधार करता है। यह छाती, कंधों, ट्राइसेप्स और कोर को टारगेट करता है।
लंजेस
लंजेस निचले शरीर की ताकत बनाने और संतुलन और समन्वय में सुधार करने में मदद करते हैं। यह क्वाड्रिसेप्स, हैमस्ट्रिंग, ग्लूट्स और पिंडलियों को टारगेट करता है। पैरों को कूल्हे की चौड़ाई से अलग करके सीधे खड़े होकर शुरुआत कर सकते हैं। फिर एक पैर के साथ आगे कदम रखें और अपने कूल्हों को तब तक नीचे करें जब तक कि दोनों घुटने 90 डिग्री के कोण पर न आ जाएं। शुरुआती स्थिति में वापस आएं और पैर बदलें। प्रति पैर 10-12 के 3 सेट करें।
हाई-प्रोटीन नाश्ता करें
सुबह के नाश्ते में अंडे, दही, स्प्राउट्स, ओट्स, पीनट बटर या प्रोटीन शेक जरूर लें। प्रोटीन से मांसपेशियां मजबूत होती हैं और दिनभर एनर्जी बनी रहती है। इससे मेटाबॉलिज्म तेज होता है और बॉडी एक्टिव रहती है।
एक्सरसाइज करने से इन बीमारियों का खतरा होगा कम
- एक्सरसाइज से हड्डियां मजबूत होती हैं और ऑस्टियोपोरोसिस का खतरा कम होगा
- दिल की मांसपेशियां मजबूत होती हैं और ब्लड सर्कुलेशन बेहतर होगा
- वजन कंट्रोल करने में मददगार
वहीं, किडनी की समस्या होने से पहले शरीर कई संकेत देता है, जिन्हें नजरअंदाज करना महंगा पड़ सकता है। हेल्थ एक्सपर्ट के मुताबिक, किडनी की समस्या के संकेतों को समय रहते पहचानना जरूरी है, नहीं तो किडनी फेल हो सकती है।