मूली सर्दी में पाई जाने वाली सब्जी है जिसका सेवन हम खासतौर पर सलाद और सब्जी के रूप में करते हैं। मूली औषधीय गुणों से भरपूर सब्जी है जो सेहत को कई तरह से फायदा पहुंचाती है। विटामिन सी से भरपूर मूली इम्यूनिटी को स्ट्रांग करती है और बीमारियों से बचाव करती है। इसका सेवन करने से हमारी बॉडी बीमारियों और इंफेक्शन से बचाव करती है। विटामिन सी एक एंटीऑक्सीडेंट भी है यानी मूली खाने से बॉडी सेल्स नुकसान से बचे रहते हैं। मूली का सेवन करने से क्रोनिक बीमारियों का खतरा भी कम होता है।
फाइबर से भरपूर मूली का सेवन करने से पाचन दुरुस्त रहता है। इस सब्जी में भरपूर पानी होता है जो सर्दी में होने वाली कब्ज की बीमारी का इलाज करता है। रोजाना मूली का सेवन सेहत के लिए अमृत साबित होता है। मूली का सेवन सर्दी में करने से बॉडी गर्म रहती है। ये सब्जी शरीर को गर्मी देने वाली मानी जाती है।
एशियन हॉस्पिटल फरीदाबाद में हेड डाइटीशियन कोमल मलिक ने बताया अगर आप सर्दी में रोजाना मूली खाते हैं तो आपका वजन भी कंट्रोल रहता है। मूली में कैलोरी कम और पानी ज्यादा होता है जो वजन को कंट्रोल करने में जादुई असर करता है। इस सब्जी का सेवन करने से मौसमी बीमारियों जैसे सर्दी-खांसी और जुकाम का इलाज होता है। इसका सेवन करने से दिल की सेहत भी दुरुस्त रहती है। बाजार में मूली की कई किस्म मौजूद हैं जैसे सफेद मूली और लाल मूली जो खासतौर पर इस सीजन में मिलती है। आइए जानते हैं कि इन दोनों मूली में कौन सी मूली सेहत के लिए ज्यादा फायदेमंद है।
सफेद मूली और लाल मूली में अंतर
सफेद मूली साइज में पतली, लम्बी, मीठी, रसदार और हल्के स्वाद की होती है। सफेद मूली स्वाद में ज्यादा बेहतर लगती है और सस्ती भी होती है। बात करें लाल मूली की तो ये ठंडे इलाकों में पैदा होती है और इसके दाम सफेद मूली से ज्यादा होते हैं। इस मूली का अकार छोटा और गोल होता है और स्वाद तीखा होता है। लाल मूली दिखने में चुकंदर जैसी होती है और अंदर से सफेद होती है। लाल मूली डाइकोन किस्म है।
सफेद और लाल मूली में कौन सी है ज्यादा बेहतर?
सफेद और लाल दोनों तरह की मूली का सेवन करना सेहत के लिए फायदेमंद है। सफेद मूली में कैल्शियम,आयरन,फास्फोरस, विटामिन सी,फोलिक एसिड भरपूर होता है जो दिल की सेहत को दुरुस्त करता है। इसका सेवन करने से कोलेस्ट्रॉल कंट्रोल रहता है। ये पेट,आंत, मुंह और किडनी कैंसर से बचाव करती है। इस मूली में ऐसे गुण मौजूद हैं जो कैंसर सेल्स से बचाव करते हैं। ब्लड शुगर को कंट्रोल करने में ये बेहद असरदार साबित होती है। इसमें सूजन को कंट्रोल करने वाले गुण भी मौजूद हैं। ये खून को साफ करती है, पथरी का इलाज करती है और गैस से राहत दिलाती है।
लाल मूली कैसे लाजवाब है?
लाल मूली की बात करें तो सर्दी में इसका सेवन करने से पाचन में सुधार होता है। ये कब्ज को दूर करती है और पाचन में सुधार करती है। इस मूली में भी विटामिन C मौजूद होता है जो इम्यूनिटी को स्ट्रांग करता है और सर्दी खांसी से बचाव करता है। इस मूली का सेवन करने से बॉडी से टॉक्सिन बाहर निकलते हैं और बॉडी की गंदगी साफ होती है। वजन घटाने में ये मूली भी कारगर है। इसे खाने से कैलोरी सेवन कंट्रोल रहता है। इसका सेवन सर्दी में करने से जोड़ों के दर्द का इलाज होता है। ये मूली सर्दी में ताजगी का अहसास दिलाती है और बॉडी को फिट करती है। आप अपनी पसंद के मुताबिक किसी भी मूली का सेवन कर सकते हैं।
सेहत के लिए बेहद फायदेमंद है मूली, लेकिन इसके साथ कुछ चीजों को खाएंगे तो ये फायदे नुकसान में तब्दील हो जाएंगे। जानना चाहते हैं कि किन फूड्स के साथ मूली नहीं खाना चाहिए तो लिंक पर क्लिक करें।